ePaper

लाभुकों को 15 दिनों में निर्माण कार्य में प्रगति लाने का निर्देश

Updated at : 17 May 2025 7:31 PM (IST)
विज्ञापन
लाभुकों को 15 दिनों में निर्माण कार्य में प्रगति लाने का निर्देश

रनिया प्रखंड मुख्यालय में शनिवार को उप विकास आयुक्त (डीडीसी) श्याम नारायण राम ने अबुआ आवास योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की प्रगति की समीक्षा की.

विज्ञापन

रनिया में आवास योजनाओं की धीमी प्रगति पर डीडीसी ने जतायी नाराजगी

प्रतिनिधि, रनिया

रनिया प्रखंड मुख्यालय में शनिवार को उप विकास आयुक्त (डीडीसी) श्याम नारायण राम ने अबुआ आवास योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की प्रगति की समीक्षा की. बैठक में डीडीसी ने खटगां व डाहू पंचायत के विभिन्न गांवों में आवास निर्माण की धीमी रफ्तार पर गहरी नाराजगी जतायी और इसे गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को फटकार लगायी. डीडीसी ने बीडीओ प्रशांत डांग को आवास निर्माण कार्यों के शीघ्र निष्पादन के लिए स्पष्ट लक्ष्य तय करने का निर्देश दिया. उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2023-24 के तहत अबुआ आवास योजना में 223 लाभुक और 2024-25 में 154 लाभुक चिह्नित हैं. वहीं, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) में वर्ष 2024-25 के अंतर्गत 386 लाभुकों को शामिल किया गया. डीडीसी ने स्पष्ट रूप से कहा कि 15 दिनों के भीतर सभी लाभुकों के निर्माण कार्य में प्रगति सुनिश्चित की जाये. इस अवधि के उपरांत कार्यस्थलों का निरीक्षण कर निर्माण की भौतिक स्थिति की जांच की जायेगी. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी लाभुक ने किश्त प्राप्त करने के बावजूद दीवार जोड़ाई, लिंटर ढलाई या छत निर्माण जैसे कार्य नहीं कराये हैं, तो उनके विरुद्ध कार्रवाई की जायेगी.

बैठक के उपरांत डीडीसी ने प्रखंड में जल छाजन योजना के अंतर्गत बनाये जा रहे चेक डैम निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया. उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया और स्पष्ट किया कि वह स्वयं निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की समीक्षा करेंगे. किसी भी प्रकार की अनियमितता पाये जाने पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी. निरीक्षण व समीक्षा बैठक के दौरान बीडीओ प्रशांत डांग, पंचायत सचिव, संबंधित पंचायतों के मुखिया, रोजगार सेवक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
CHANDAN KUMAR

लेखक के बारे में

By CHANDAN KUMAR

CHANDAN KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola