टाटा स्टीलकर्मी पर चापड़ से हमला, सिर पर लगे 27 टांके

प्रतीकात्मक तस्वीर.
रविवार रात सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बारीडीह बस्ती में आपसी विवाद में टाटा स्टीलकर्मी राजन पांडेय पर चापड़ से हमला हुआ, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई और 27 टांके लगे. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बारीडीह बस्ती में रविवार रात आपसी विवाद के दौरान टाटा स्टीलकर्मी राजन पांडेय (45) गंभीर रूप से घायल हो गये. परिजनों ने आरोप लगाया है कि उनके साले ने चापड़ से हमला कर दिया, जिससे उनके सिर में गहरी चोट लगी और इलाज के दौरान 27 टांके लगाने पड़े.
घटना बीती रात करीब 8.30 बजे की बतायी जा रही है. परिजनों के अनुसार, राजन पांडेय और उनके साले के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था. राजन पांडेय ने बताया कि उनका साला और सास अक्सर पैसों की मांग करते हैं. इसका विरोध करने पर उनकी पत्नी अपनी मां और भाई का पक्ष लेती हैं.
उन्होंने बताया कि रविवार को पत्नी के साथ इसी बात को लेकर विवाद हो रहा था. इसी दौरान साला और सास वहां पहुंच गये. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोप है कि साले ने चापड़ निकालकर उनके सिर पर वार कर दिया. हमले में घायल होकर राजन पांडेय मौके पर गिर पड़े. इसके बाद परिजन और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया.
घटना की सूचना मिलने के बाद सिदगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाये हैं. वहीं, आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है.
पुलिस ने हमले की बात से किया इनकार
सिदगोड़ा थाना पुलिस का कहना है कि राजन पांडेय पर चापड़ या चाकू से हमला नहीं हुआ है. पुलिस के अनुसार, आपसी विवाद के दौरान हुई धक्का-मुक्की में वे गिर गये और उनका सिर दीवार से टकरा गया, जिससे चोट लगी.
पुलिस ने बताया कि घायल का बयान दर्ज करने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जायेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By भूमि शर्मा
भूमि शर्मा पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल के साथ बतौर कंटेंट राइटर जुड़ी हुई हैं. वर्तमान में वह मुख्य रूप से जमशेदपुर और उसके आसपास के क्षेत्रों की खबरों को कवर करती हैं. इससे पहले वह एजुकेशन बीट और झारखंड बीट पर भी काम कर चुकी हैं, जहां उन्होंने शैक्षणिक बदलावों और राज्य से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर लेखन किया है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










