जलमीनार मरम्मत पर मुखिया संघ ने उठाए सवाल, बीडीओ से मांगा लिखित आदेश

Updated:
विज्ञापन

फोटो बीडीओ कार्यालय में ज्ञापन सौंपते मुखिया संघ के अध्यक्ष व अन्य. | Prabhat Khabar Network

पटमदा मुखिया संघ ने 15वें वित्त आयोग की राशि से जलमीनार मरम्मत के मौखिक आदेश पर आपत्ति जताई है और बीडीओ से लिखित आदेश की मांग की है।

विज्ञापन

पटमदा: पटमदा प्रखंड मुखिया संघ ने 15वें वित्त आयोग की राशि से खराब पड़े जलमीनारों की तत्काल मरम्मत कराने के मौखिक निर्देश पर आपत्ति जताई है. संघ ने बीडीओ को पत्र सौंपकर इस संबंध में लिखित आदेश व लागू नियमों की प्रति उपलब्ध कराने की मांग की है. मुखिया संघ के अध्यक्ष कृष्णपद सिंह व सचिव कानुराम बेसरा की ओर से शुक्रवार को दिए गए पत्र में कहा गया है कि बीडीओ द्वारा 15वें वित्त आयोग की राशि से खराब जलमीनारों की मरम्मत कराने का अबतक मौखिक निर्देश दिया गया है.

हालांकि, पंचायत प्रतिनिधियों के अनुसार 15वें वित्त आयोग की राशि से किसी भी योजना का कार्य ग्रामसभा व पंचायत की स्वीकृति, ई-ग्राम स्वराज पोर्टल में प्रविष्टि, प्रशासनिक एवं तकनीकी स्वीकृति समेत अन्य निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन करने के बाद ही कराया जा सकता है.

पत्र में कहा गया है कि केवल मौखिक आदेश के आधार पर किसी योजना का कार्य शुरू करने का कोई स्पष्ट प्रावधान उनकी जानकारी में नहीं है. ऐसे में नियमों का पालन किए बिना कार्य शुरू कराना उचित नहीं होगा. मुखिया संघ ने बीडीओ से अनुरोध किया है कि यदि 15वें वित्त आयोग के तहत जलमीनार मरम्मत कराना नियमानुसार संभव है, तो संबंधित नियम, दिशा-निर्देश एवं प्रखंड कार्यालय से लिखित आदेश उपलब्ध कराया जाए, ताकि पूरी प्रक्रिया विधिसम्मत व पारदर्शी तरीके से पूरी की जा सके.

मुखिया संघ का कहना है कि लिखित आदेश मिलने के बाद ही पंचायत स्तर पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी. मौके पर मुखिया दीपक कोड़ा, जबा रानी सिंह, गंगाधर सिंह आदि उपस्थित थे.


विज्ञापन
Dilip Chandra Poddar

लेखक के बारे में

By Dilip Chandra Poddar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola