गड्ढों में पानी, सड़क पर कीचड़... बारिश ने बढ़ाई यहां के ग्रामीणों की मुश्किलें
सीताडांगा गांव में सड़क पर जलजमाव.
गालूडीह के सीताडांगा गांव में सड़क पर जलजमाव और कीचड़ से लोग परेशान हैं. ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क मरम्मत और जल निकासी की स्थायी व्यवस्था की मांग की है.
प्रकाश दास/गालूडीह : बारिश थमने के बाद जब गांव की गलियों से पानी उतरना चाहिए, तब गालूडीह की जोड़सा पंचायत के सीताडांगा में सड़क ही जलजमाव की तस्वीर बन गई है. कहीं गड्ढों में जमा पानी तो कहीं पसरा कीचड़... ऐसे में ग्रामीणों का रोजमर्रा का सफर अब परेशानी और हादसे के खतरे के बीच से गुजर रहा है.
ग्रामीणों को आवागमन करने में हो रही परेशानी
गालूडीह की जोड़सा पंचायत के सीताडांगा गांव में बारिश के बाद सड़क की हालत बद से बदतर हो गई है. गांव के बीचोंबीच बनी सड़क पर जगह-जगह जलजमाव और कीचड़ होने से ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं. इनमें बारिश का पानी भरा रहने से राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों की मुश्किलें बढ़ गई हैं.
गांव में नहीं है जल निकासी की समुचित व्यवस्था
ग्रामीणों के मुताबिक, गांव में जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी सड़क पर ही जमा हो जाता है. कई दिनों तक पानी नहीं निकलने से सड़क पर कीचड़ फैल जाता है. पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है. लोगों को मजबूरी में पानी और कीचड़ के बीच से होकर गुजरना पड़ता है. सबसे ज्यादा परेशानी दोपहिया वाहन चालकों को हो रही है. पानी से भरे गड्ढों की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाने के कारण कभी भी हादसा होने की आशंका बनी रहती है. ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की लंबे समय से समुचित मरम्मत नहीं होने के कारण हर साल बारिश के मौसम में समस्या और गंभीर होती जा रही है.
हर बारिश में बढ़ती जा रही है परेशानी
जलजमाव के कारण सड़क की स्थिति लगातार खराब हो रही है. ग्रामीणों के लिए यही रास्ता बाजार, स्कूल, अस्पताल और अन्य जरूरी कामों तक पहुंचने का प्रमुख मार्ग है. ऐसे में सड़क की बदहाली का सीधा असर गांव की रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ रहा है. ग्रामीणों ने पंचायत प्रतिनिधियों और संबंधित विभाग से सड़क की जल्द मरम्मत कराने के साथ-साथ जल निकासी की स्थायी व्यवस्था करने की मांग की है. लोगों का कहना है कि केवल सड़क की मरम्मत से समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा.
सड़क को आवागमन योग्य बनाने की मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द पहल कर सड़क को आवागमन योग्य बनाने की मांग की है. लोगों का कहना है कि समय रहते जलजमाव और सड़क की समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो आने वाले दिनों में बारिश के दौरान सीताडांगा की स्थिति और भी बदतर हो सकती है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









