भुइयांडीह में फुटबॉल का महासंग्राम, 32 टीमों ने दिखाया दम, जानें कौन बना चैंपियन
खिलाड़ियों को पुरस्कार देते अतिथि.
जमशेदपुर में आयोजित फुटबॉल टूर्नामेंट में अर्पित स्पोर्टिंग क्लब ने जीत हासिल की। पूर्व सीएम चंपाई सोरेन ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया और सरकार पर निशाना साधा।
जमशेदपुर : भुइयांडीह दुर्गापूजा मैदान में दो दिनों तक फुटबॉल का जुनून सिर चढ़कर बोलता रहा. शहीद कालीपदो भुईयां की स्मृति में आयोजित टूर्नामेंट में ग्रामीण और शहरी इलाकों की 32 टीमों ने मैदान पर अपना दमखम दिखाया. फाइनल मुकाबले के बाद जब विजेता टीम के नाम का ऐलान हुआ तो मैदान तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा.
फुटबॉल के रोमांच के बीच खिलाड़ियों ने दिखाया दम
भुइयांडीह दुर्गापूजा मैदान में शहीद कालीपदो भुईयां की स्मृति में अखिल भारतीय भुईयां समाज कल्याण समिति एवं सेंट्रल भीम बिरसा मुंडा फुटबॉल अकादमी के संयुक्त तत्वावधान में दो दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया गया. प्रतियोगिता में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की कुल 32 टीमों ने हिस्सा लिया. खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों को रोमांचक मुकाबलों का आनंद दिया. टूर्नामेंट के समापन समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. विधायक पूर्णिमा साहू, पूर्व मंत्री दुलाल भुइयां समेत कई अन्य अतिथि भी समारोह में मौजूद रहे. मैदान में बड़ी संख्या में स्थानीय खेल प्रेमियों की भीड़ जुटी रही और दर्शकों ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया.
ग्रामीण खिलाड़ियों को मंच मिले तो राष्ट्रीय स्तर पर चमकेंगे : चंपाई
समापन समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने कहा - झारखंड के गांवों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है. जरूरत इन प्रतिभाओं को पहचानने, तराशने और उन्हें आगे बढ़ने का उचित मंच देने की है. उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के लिए राज्य सरकार को गंभीरता से चिंतन करना चाहिए. चंपाई सोरेन ने कहा कि उचित मंच और मार्गदर्शन के अभाव में ग्रामीण क्षेत्र के कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी आगे नहीं बढ़ पा रहे हैं. उन्होंने खेल प्रतिभाओं को बेहतर अवसर और सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया. इस दौरान उन्होंने राज्य में छात्रों के आंदोलन का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि छात्र सड़क पर उतरकर जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी की सीबीआई जांच की मांग कर रहे हैं. उनके अनुसार, छात्रों पर प्रशासन की ओर से लाठीचार्ज किया जाना दुखद है.
11 साइकिल के साथ चैंपियन बनी अर्पित स्पोर्टिंग क्लब
टूर्नामेंट के दौरान मुकाबले लगातार रोमांचक रहे. फाइनल के बाद अतिथियों ने बागुनहातु की अर्पित स्पोर्टिंग क्लब को प्रथम पुरस्कार देकर सम्मानित किया. विजेता टीम को 11 साइकिल के साथ शील्ड और ट्रॉफी प्रदान की गई. वहीं सीतारामडेरा की भानिया स्पोर्टिंग क्लब उपविजेता रही. टीम को 9 साइकिल, शील्ड और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया. तीसरे स्थान पर रही जगन्नाथ एफसी बर्मामाइंस को 7 साइकिल, शील्ड और ट्रॉफी मिली. चौथे स्थान पर रही भुईयां समाज विकास समिति सीतारामडेरा को साइकिल, जर्सी, शील्ड और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया.
महिला खिलाड़ियों ने भी बटोरी खूब तालियां
टूर्नामेंट के दौरान आयोजित महिला प्रदर्शनी फुटबॉल मैच भी आकर्षण का केंद्र रहा. इसमें चार महिला टीमों ने हिस्सा लिया. महिला खिलाड़ियों ने मैदान पर शानदार खेल का प्रदर्शन किया और दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं. आयोजन समिति की ओर से महिला खिलाड़ियों को भी पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया. टूर्नामेंट के सफल आयोजन में निमाई मंडल, कुंज विभार, रवींद्र भट्टाचार्य, दीपक मंडल, भोला सिंह, धीरेन्द्र सिंह, राकेश भुईयां, मन्नू मंडल, चैतन मुखी, राहुल साव, कमल राम यादव, राज भुईयां, निरंजन तांती, लखी भुईयां, शिबू नामता, जोनी भुईयां, विक्की भुईयां, महावीर राम, श्याम पदो भुईयां, सुखदेव भुईयां, धोनी भुईयां, शंकर करुआ, बैजू साव, हाथी नामता, मंगल नायक, सुनील दास, मिथलेश कुमार, आशीष भुईयां, सोनू दास, नारायण श्यामल समेत अन्य लोगों का महत्वपूर्ण योगदान रहा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By दशमत सोरेन
दशमत सोरेन ने रांची विश्वविद्यालय से अंग्रेजी साहित्य में स्नातकोत्तर किया है. वे 29 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उनकी विशेषज्ञता मुख्य रूप से झारखंड की आदिवासी-मूलवासी राजनीति, स्थानीय समुदायों की भाषा-संस्कृति और यहां के सामाजिक ताना-बाना है. वे वर्ष 2010 से प्रभात खबर के साथ एक ट्राइबल रिपोर्टर के रूप में काम कर रहे हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









