JFC के लिए आज का मैच क्यों है इतना खास? जानें किससे होगा मुकाबला

Updated:
विज्ञापन

जेएफसी.

डूरंड कप में जमशेदपुर एफसी का मुकाबला इंडियन एयर फोर्स से होगा। जेएफसी की टीम जीत दर्ज कर क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की करने के इरादे से मैदान में उतरेगी।

विज्ञापन

जमशेदपुर : एक जीत और नॉकआउट का टिकट... लेकिन एक चूक और समीकरण बिगड़ सकते हैं. डूरंड कप ग्रुप-सी में गुरुवार को Jamshedpur FC और इंडियन एयर फोर्स के बीच होने वाला मुकाबला जमशेदपुर एफसी के लिए बेहद अहम है. रांची के बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में होने वाले इस मुकाबले में जेएफसी की नजर हर हाल में जीत दर्ज कर क्वार्टर फाइनल में जगह पक्की करने पर होगी. रांची इस साल पहली बार डूरंड कप के मेजबान शहरों में शामिल है.

एक जीत से खुलेगा नॉकआउट का रास्ता

जेएफसी ने टूर्नामेंट में शानदार शुरुआत करते हुए श्रीलंकाई टीम डिफेंडर्स एफसी को 5-0 से करारी शिकस्त दी थी. हालांकि, दूसरे मुकाबले में टीम को स्पोर्टिंग क्लब दिल्ली के खिलाफ 2-1 से करीबी हार का सामना करना पड़ा. अब इंडियन एयर फोर्स के खिलाफ मैदान पर उतरते समय जेएफसी के सामने लक्ष्य बिल्कुल साफ है - जीत और क्वार्टर फाइनल में जगह.

एयर फोर्स भी आसान प्रतिद्वंद्वी नहीं

इंडियन एयर फोर्स का अभियान भी उतार-चढ़ाव भरा रहा है. टीम ने डिफेंडर्स एफसी को 2-1 से हराकर अपने अभियान की शुरुआत की थी, लेकिन दूसरे मुकाबले में स्पोर्टिंग क्लब दिल्ली ने उसे 7-1 से करारी शिकस्त दी. ऐसे में एयर फोर्स की टीम भी वापसी की कोशिश करेगी. यही वजह है कि जेएफसी इस मुकाबले को हल्के में लेने के मूड में नहीं होगी.

कोच ने कहा - पूरी तरह तैयार है टीम

मैच की पूर्व संध्या पर जेएफसी के मुख्य कोच कैजाद अंबापारडीवाला ने कहा - टीम मुकाबले के लिए पूरी तरह तैयार है. सभी खिलाड़ी मैच के महत्व को अच्छी तरह समझते हैं. उन्होंने कहा कि टीम की कोशिश हर हाल में जीत दर्ज करने की होगी.

कप्तान प्रणय हलदर की नजर नॉकआउट पर

जेएफसी के कप्तान प्रणय हलदर ने भी टीम का लक्ष्य साफ कर दिया है. उन्होंने कहा कि टीम की प्राथमिकता नॉकआउट दौर में जगह बनाना है. सभी खिलाड़ी एकजुट होकर मेहनत कर रहे हैं और कोच की रणनीति को मैदान पर पूरी तरह लागू करने के लिए प्रतिबद्ध हैं.

अब मैदान पर दिखेगा असली इम्तिहान

दोनों टीमों के पिछले प्रदर्शन को देखते हुए मुकाबले में दबाव साफ नजर आएगा. जेएफसी के लिए यह सिर्फ एक और ग्रुप मैच नहीं, बल्कि क्वार्टर फाइनल की ओर बढ़ने का अहम पड़ाव है. टीम के खिलाड़ी जीत के इरादे से मैदान में उतरेंगे और निगाहें इस बात पर होंगी कि क्या जेएफसी अपने अभियान को नॉकआउट दौर तक पहुंचा पाती है.


विज्ञापन
Nesar Ahamad

लेखक के बारे में

By Nesar Ahamad

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola