जन्मदिन मनाने के दौरान टाइगर मोबाइल जवान पर हमला, युवक हिरासत में
हिरासत में युवक.
जमशेदपुर में 18वां जन्मदिन मनाने पहुंचे एक युवक और गश्त कर रहे टाइगर मोबाइल जवानों के बीच विवाद हिंसक हो गया. युवक पर जवानों पर हमला करने का आरोप है. पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है.
जमशेदपुर : जन्मदिन मनाने के लिए बंद पड़े क्वार्टर में पहुंचे युवक और गश्त कर रहे टाइगर मोबाइल जवानों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट तक पहुंच गया. टेल्को थाना क्षेत्र के हुडको स्थित बंद पड़े टाटा मोटर्स क्वार्टर्स में हुई इस घटना में एक टाइगर मोबाइल जवान के सिर पर पत्थर से वार करने और दूसरे जवान को दांत से काटने का आरोप युवक पर लगा है. घटना के बाद पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.
18वां जन्मदिन मनाने पहुंचा था युवक
जानकारी के अनुसार, आदित्य करुआ अपना 18वां जन्मदिन मनाने के लिए बंद पड़े क्वार्टर्स में पहुंचा था. इसी दौरान टाइगर मोबाइल के जवान सुजीत कुमार अपने सहयोगी चुन्नू राम सोरेन के साथ इलाके में गश्त कर रहे थे. बंद पड़े क्वार्टर में दो लोगों को देखकर जवानों ने उनसे पूछताछ शुरू की. बताया जा रहा है कि पूछताछ के दौरान आदित्य और जवानों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया. देखते ही देखते विवाद हाथापाई में बदल गया. आरोप है कि इसी दौरान आदित्य ने एक पत्थर उठाकर जवान सुजीत कुमार के सिर पर वार कर दिया. पत्थर लगने से जवान के सिर में चोट आई. वहीं, दूसरे जवान चुन्नू राम सोरेन के साथ भी हाथापाई किए जाने की बात सामने आई है.
दूसरे जवान को दांत से काटने का आरोप
घटना के दौरान चुन्नू राम सोरेन के सिर में दांत से काटने का भी आरोप युवक पर लगाया गया है. मारपीट में घायल दोनों जवानों को प्राथमिक उपचार कराया गया. फिलहाल दोनों की स्थिति ठीक बताई जा रही है. घटना की सूचना मिलने के बाद टेल्को थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आदित्य को हिरासत में लेकर थाने ले गई. पुलिस उससे पूरे घटनाक्रम को लेकर पूछताछ कर रही है.
जांच के बाद साफ होगी पूरी तस्वीर
इस घटना में दोनों पक्षों के बीच मारपीट की बात सामने आई है. ऐसे में पुलिस की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि विवाद की शुरुआत आखिर किस बात को लेकर हुई और मारपीट के दौरान किसकी क्या भूमिका रही. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










