Jamshedpur weather update: दो दिन तक नहीं थमेगी बारिश, विभाग ने जारी किया अलर्ट
सांकेतिक फोटो (AI GENERATED)
पूर्वी सिंहभूम जिले में बारिश का दौर तेज होने वाला है. बंगाल की खाड़ी में बने अवदाब के कारण अगले 48 घंटे में भारी बारिश की संभावना है. मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है. सुवर्णरेखा और खरकई नदी के जलस्तर पर भी प्रशासन की पैनी नजर है.
पूर्वी सिंहभूम में एक बार फिर बारिश का दौर तेज होने वाला है. बंगाल की खाड़ी में बने अवदाब का असर अब झारखंड में साफ दिखाई देने लगा है. मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे के दौरान जिले के कई इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताई है. लगातार हो रही बारिश के बीच सुवर्णरेखा और खरकई नदी का जलस्तर भी चिंता का कारण बना हुआ है. ऐसे में निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की परेशानी बढ़ सकती है.
बंगाल की खाड़ी में बना अवदाब
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे पश्चिम बंगाल-उत्तरी ओडिशा तट पर बना अवदाब सक्रिय है. अगले 24 घंटे में इसके झारखंड और बिहार की ओर बढ़ने की संभावना है. इसके प्रभाव से मंगलवार और बुधवार को राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. वहीं, पूर्वी सिंहभूम के कई इलाकों में भारी बारिश का अनुमान है.
धालभूमगढ़ में सबसे ज्यादा 90.8 मिमी बारिश दर्ज
बीते 24 घंटे के दौरान पूर्वी सिंहभूम के धालभूमगढ़ में राज्य में सबसे अधिक 90.8 मिमी बारिश दर्ज की गई. इसके अलावा मुसाबनी में 68.6 मिमी, गुड़ाबांधा में 49.2 मिमी, बहरागोड़ा में 44.6 मिमी और घाटशिला में 30.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई. सोमवार दोपहर जमशेदपुर में भी झमाझम बारिश हुई, जिससे मौसम सुहावना हो गया.
सुवर्णरेखा और खरकई नदी के जलस्तर पर प्रशासन की नजर
लगातार बारिश के कारण सुवर्णरेखा और खरकई नदी का जलस्तर अभी भी चिंता का विषय बना हुआ है. हालांकि, पहले की तुलना में दोनों नदियों के जलस्तर में कुछ कमी आई है, लेकिन अगले दो दिनों में बारिश का दौर तेज होने पर जलस्तर फिर बढ़ सकता है. प्रशासन भी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है. सोमवार को जमशेदपुर का अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. बारिश के कारण उमस से लोगों को राहत मिली, लेकिन मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे तक सतर्क रहने की सलाह दी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By भूमि शर्मा
भूमि शर्मा पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल के साथ बतौर कंटेंट राइटर जुड़ी हुई हैं. वर्तमान में वह मुख्य रूप से जमशेदपुर और उसके आसपास के क्षेत्रों की खबरों को कवर करती हैं. इससे पहले वह एजुकेशन बीट और झारखंड बीट पर भी काम कर चुकी हैं, जहां उन्होंने शैक्षणिक बदलावों और राज्य से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर लेखन किया है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









