Jamshedpur news: पहली बार एक मंच पर आए चार नगर निकाय, अब सफाई एजेंसी के खिलाफ होगी संयुक्त लड़ाई

Updated:
विज्ञापन

बैठक में मौजूद सुधा गुप्ता, नौशीन खान, संजय सरदार और परवेज आलम

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

चार प्रमुख नगर निकायों के अध्यक्ष पहली बार जनहित के मुद्दे पर एकजुट हुए हैं. उन्होंने सफाई एजेंसी की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए राज्य शहरी विकास अभिकरण को पत्र लिखा है. यह एकजुटता आम जनता की समस्याओं को सुलझाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, खासकर सफाई व्यवस्था को लेकर.

विज्ञापन

जुगसलाई नगर परिषद, कपाली नगर परिषद, मानगो नगर निगम और आदित्यपुर नगर निगम के अध्यक्ष या मेयर एकजुट हो गये हैं. मानगो नगर निगम की मेयर सुधा गुप्ता के कदमा स्थित आवास पर हुई बैठक में तय किया गया कि वे जनहित के मुद्दे पर एकजुट होकर लड़ाई लड़ेंगे. संयुक्त रूप से आवाज उठायेंगे, क्योंकि सभी जगह की कॉमन समस्या है. इसमें तय किया गया कि सबसे पहले सफाई करने वाली एजेंसी के खिलाफ आवाज बुलंद की जायेगी. इस संबंध में राज्य शहरी विकास अभिकरण (सूडा) के निदेशक को संयुक्त पत्र लिखा है.

विज्ञापन

चारों निकाय के मेयर-अध्यक्ष ने पत्र में संयुक्त रूप से कहा कि निकायों में सफाई की स्थिति ठीक नहीं है. साफ-सफाई एवं ठोस कचरा प्रबंधन का कार्य कर रही क्यूब आदित्यपुर वेस्ट मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड की कार्यशैली की समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई की जाये. पत्र में लिखा है कि सरकार की एजेंसी सूडा द्वारा क्यूब आदित्यपुर वेस्ट मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड कंपनी का चयन संविदा के आधार पर किया गया. जिसे आदित्यपुर नगर निगम, कपाली नगर परिषद, जुगसलाई नगर परिषद और मानगो नगर निगम में साफ-सफाई का कार्य दिया गया. उक्त संविदा में कंपनी की पात्रता एवं कार्य निष्पादन से संबंधित निर्धारित शर्तों एवं मानकों का पालन किया जाना अनिवार्य था.

कंपनी द्वारा निर्धारित आर्हताओं एवं संविदात्मक शर्तों के पालन में गंभीर त्रुटियों तथा कार्यप्रणाली में वित्तीय अनियमितताओं के संबंध में शिकायतें प्राप्त हुई हैं. सफाई व्यवस्था में अपेक्षित गुणवत्ता और अनियमितता से आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. पत्र में आठ बिंदुओं में समस्याओं का जिक्र करते हुए कार्रवाई की मांग की गयी. बैठक में मानगो नगर निगम की मेयर सुधा गुप्ता, जुगसलाई नगर परिषद की अध्यक्ष नौशीन खान, आदित्यपुर नगर निगम के मेयर संजय सरदार और कपाली नगर परिषद के अध्यक्ष परवेज आलम उर्फ चांद कपाली थे.

'विकसित, स्वच्छ और बेहतर मानगो' के लिए सभी पार्षद मिलकर काम करें : मेयर

जमशेदपुर: मानगो नगर निगम की आगामी बोर्ड बैठक को लेकर मेयर सुधा गुप्ता ने वर्तमान पार्षदों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की. इसमें मानगो के समग्र विकास, नागरिक सुविधाओं में सुधार और वार्ड स्तर की समस्याओं के त्वरित व स्थायी समाधान को लेकर विस्तृत चर्चा की गयी. मेयर ने सभी पार्षदों से उनके वार्ड की प्रमुख समस्याओं, विकास की आवश्यकताओं और जनता से प्राप्त सुझावों की जानकारी ली.

उन्होंने कहा कि आगामी बोर्ड बैठक में हर वार्ड की आवाज को मजबूती से उठाया जायेगा और प्राथमिकता के आधार पर विकास योजनाओं को आगे बढ़ाने की रणनीति बनायी जायेगी. मेयर ने सभी पार्षदों से अपील की कि वे दलगत एवं व्यक्तिगत मतभेदों से ऊपर उठकर 'विकसित, स्वच्छ और बेहतर मानगो' के लिए मिलकर कार्य करें. बैठक में सड़क एवं नाली निर्माण, जलापूर्ति, जलजमाव और ड्रेनेज व्यवस्था, साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट, सीवरेज, पार्क एवं सार्वजनिक स्थलों का विकास, कचरा प्रबंधन व नागरिक शिकायतों के त्वरित समाधान जैसे विषयों पर चर्चा हुई.

सभी पार्षदों में बेहतर समन्वय और टीम भावना जरूरी मेयर ने कहा कि नगर निगम के विकास के लिए सभी पार्षदों के बीच बेहतर समन्वय और टीम भावना जरूरी है. हर वार्ड की समस्या महत्वपूर्ण है और उसका समाधान हमारी प्राथमिकता है. उन्होंने अधिकारियों एवं संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर लंबित कार्यों को गति देने पर भी जोर दिया.


आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola