jamshedpur news : सभी गर्भवती महिलाओं का संस्थागत प्रसव सुनिश्चित करें : सीएस

जमशेदपुर (फाइल फोटो)
डिस्ट्रिक्ट ज्वाइंट प्लानिंग की बैठक मातृत्व एवं शिशु मृत्यु दर को शून्य करने पर हुआ मंथन
jamshedpur news : सभी गर्भवती महिलाओं का संस्थागत प्रसव सुनिश्चित करा कर ही मातृत्व और शिशु मृत्यु दर को शून्य कर सकते हैं. ये बातें मंगलवार को बर्मामाइंस स्थित टाटा स्टील टेक्निकल इंस्टीट्यूट सभागार में डिस्ट्रिक्ट ज्वाइंट प्लानिंग की बैठक की अध्यक्षता करते हुए सिविल सर्जन डॉ साहिर पाल ने कहीं. बैठक में मातृत्व एवं शिशु मृत्यु दर को शून्य करने पर चर्चा की गयी. सिविल सर्जन ने सबसे पहले प्रखंडवार मातृत्व एवं शिशु मृत्यु दर की समीक्षा की. उन्होंने कहा की कम उम्र में शादी और उसके बाद गर्भवती होने से रोकना है. गर्भावस्था के दौरान उचित देखभाल, डॉक्टर से परामर्श, सही पोषण आहार लेना, दवा समय पर लेना तथा प्रसव पूर्व सभी जांच करने के लिए कहा गया. उन्होंने टीकाकरण, संस्थागत प्रसव की समीक्षा के दौरान साहियाओं को निर्देश दिया कि अपने-अपने क्षेत्र में कमजोर एवं कुपोषित बच्चों की सूची बनाकर उन्हें शिशु केयर यूनिट, कुपोषण उपचार केंद्र, एसएनसीयू या नजदीकी अस्पताल में भेजना सुनिश्चित करें, ताकि सही समय पर उनका इलाज हो सके. इसके साथ ही एमटीसी व एसएनसीयू में भर्ती बच्चों का समुचित इलाज करने का निर्देश सभी पदाधिकारियों को दिया. उन्होंने कहा कि पिछले दिनों उपायुक्त के द्वारा जिले में चल रहे स्वास्थ्य संबंधित योजनाओं की समीक्षा के दौरान पाया गया कि धालभूमगढ़ में 13, डुमरिया में 16, मुसाबनी में 12 व पटमदा में 20 गर्भवतियों का घर पर ही प्रसव हुआ है. इसमें सुधार लाकर हर हाल में गर्भवती महिलाओं का संस्थागत प्रसव सुनिश्चित करें. बैठक में एसीएमओ डॉ अजय कुमार सिन्हा, जिला आरसीएच पदाधिकारी डॉ रंजीत कुमार पांडा, सभी एमओआइसी, डीपीएम, डीएएम, डीपीसी, डीडीएम, प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक, प्रखंड लेखा प्रबंधक, बीडीएम, बीएएफ, डीएएफ व प्रोजेक्ट मानसी के सभी प्रखंड समन्वयक उपस्थित थे. शत-प्रतिशत टीकाकरण पर जोर सिविल सर्जन ने कहा कि शिशु की मृत्यु दर एक सप्ताह के अंदर 69.3 प्रतिशत, दूसरे सप्ताह में 16.6 प्रतिशत, तीसरे सप्ताह में 8.8 प्रतिशत व चौथे सप्ताह में 5.3 प्रतिशत है. इसमें सुधार के लिए शत-प्रतिशत टीकाकरण जरूरी है. उन्होंने घर-घर सत्यापन कर टीकाकरण कराने की बात कही.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










