Jamshedpur News : सिदगोड़ा में पुलिस से मुठभेड़ में अपराधी घायल, हरेराम सिंह के घर पर चलायी थी गोली

Updated at : 29 Oct 2025 1:37 AM (IST)
विज्ञापन
jamshedpur

जमशेदपुर (फाइल फोटो)

Jamshedpur News : सिदगोड़ा थाना अंतर्गत बारीडीह हाईस्कूल के पास केटू कंडम क्वार्टर में सोमवार की देर रात पुलिस और अपराधी के बीच मुठभेड़ हो गयी.

विज्ञापन

गोपाल के दो राउंड फायर करते ही सीतारामडेरा थाना प्रभारी निरंजन ने उसे दाग दी गोली, एक साथी फरार

बाल-बाल बचे डीएसपी भोला प्रसाद, पूर्व में छिनतई के केस में जेल जा चुका है गोपाल

रात 1:50 में हुई वारदात, प्रिंस खान- सुजीत सिन्हा गिरोह से जुड़ा है गोपाल

Jamshedpur News :

सिदगोड़ा थाना अंतर्गत बारीडीह हाईस्कूल के पास केटू कंडम क्वार्टर में सोमवार की देर रात पुलिस और अपराधी के बीच मुठभेड़ हो गयी. जिसमें गोलमुरी गाढ़ाबासा निवासी रवि महानंद उर्फ गोपाल कुमार घायल हो गया. उसके दाहिने पैर में एक गोली लगी है. पुलिस ने गोपाल के पास से एक पिस्टल और गोली बरामद की है. घायल गोपाल का एमजीएम अस्पताल में इलाज चल रहा है. घटना रात 1:50 बजे की है. घायल गोपाल पिछले दिनों भुइयांडीह में कारोबारी हरेराम सिंह के घर पर गोली चलाने में शामिल था. घायल गोपाल गैंगस्टर प्रिंस खान और सुजीत सिन्हा के गिरोह से जुड़ा है. गोपाल पर गोलमुरी थाना में छिनतई का केस दर्ज है. पुलिस को काफी दिनों से गोपाल की तलाश थी. हरेराम सिंह के घर पर फायरिंग मामले में पुलिस ने पूर्व में टेल्को लक्ष्मीनगर निवासी आकाश सिंह को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आकाश के पास से पुलिस ने तीन पिस्तौल और भारी मात्रा में गोली बरामद की है. जानकारी के अनुसार पुलिस को भनक मिली लगी कि गोपाल बारीडीह हाइस्कूल के पास एक कंडम क्वार्टर में छुपा है. जिसके बाद डीएसपी भोला प्रसाद, सीतारामडेरा थाना प्रभारी निरंजन कुमार, सिदगोड़ा थाना प्रभारी बीरेंद्र कुमार दल-बल से क्वार्टर के पास पहुंचे और घेराबंदी कर दी. जिस वक्त पुलिस ने घेराबंदी की गोपाल शराब पी रहा था. पुलिस द्वारा घेरे जाने पर गोपाल ने कमरे के अंदर से ही पुलिस पर दो राउंड फायरिंग कर दी. जिसके बाद वह भागने के लिए जैसे ही उठा सीतारामडेरा थाना प्रभारी निरंजन कुमार ने गोली चला दी. गोली गोपाल के दाहिने पैर में लगी, जिससे बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया और हथियार भी जब्त कर ली. बरामद पिस्तौल ऑटोमेटिक है. सूचना मिलते ही सिटी एसपी कुमार शिवाशीष घटनास्थल पर पहुंचे. उन्होंने घटनास्थल की जांच की और घायल गोपाल को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा दिया. पुलिस के अनुसार कारोबारी हरेराम सिंह के घर पर फायरिंग में गोपाल शामिल था. इलाज के बाद उससे पूछताछ की जायेगी.

पुलिस की भनक लगते ही साथी हुआ फरार

बारीडीह हाई स्कूल के पास पुलिस की घेराबंदी की भनक लगते ही गोपाल के साथ शराब पी रहा उसका साथी फरार हो गया. पुलिस ने घटनास्थल से दो गिलास, शराब व पानी की बोतल व अन्य सामान बरामद किया है. पुलिस उसके साथी का पता लगाने में जुटी है. पुलिस की मानें तो गोपाल व उसका साथी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था.

एफएसएल की टीम ने की जांच

इधर, मंगलवार को एफएसएल की टीम ने घटनास्थल की जांच की. इस दौरान शराब की बोतल समेत अन्य बरामद सामानों से बदमाशों का फिंगर प्रिंट लिया गया.

राजेश और कोंदू की है तलाश

भुइयांडीह के कारोबारी हरेराम सिंह के घर पर फायरिंग मामले में पुलिस को अब गोलमुरी केबल बस्ती निवासी राजेश कुमार और काशीडीह के कोंदू की तलाश है. दोनों पर पूर्व में कई केस दर्ज हैं. जानकारी के अनुसार कोंदू कुछ दिनों से बसंत टॉकिज के पास सब्जी बेचता था. घायल गोपाल के जरिये पुलिस दोनों की तलाश में जुटी है.

लूल्हा के साथ मुठभेड़ की घटना के 11 साल बाद शहर में दुबारा मुठभेड़

11 साल बाद जमशेदपुर के सिदगोड़ा में सोमवार की रात अपराधी व पुलिस के बीच मुठभेड़ हुई. जिसमें रवि महानंद उर्फ गोपाल घायल हो गया. वर्ष 2014 में उलीडीह में सिवान के शातिर अपराधी माया भगत उर्फ लूल्हा और पुलिस के बीच मुठभेड़ हुई थी. जिसमें पुलिस ने माया भगत उर्फ लूल्हा को ढेर कर दिया था. उसने एक ही दिन में उलीडीह दो हत्या, इसके बाद जुगसलाई में रॉड कारोबारी से लूट, फिर परसुडीह के शराब दुकान में फायरिंग और गोविंदपुर में एक व्यक्ति की हत्या की घटना को अंजाम दिया था. लेकिन पहचान नहीं होने के कारण वह पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था. तत्कालीन एसएसपी एबी होमकर और सिटी एसपी कार्तिक एस ने टीम गठित की थी. इसी बीच पुलिस को सूचना मिली थी कि लूल्हा उलीडीह के एक घर में छुपा है. जिसके बाद पुलिस ने रात में घर की घेराबंदी की. इसके बाद लूल्हा ने पुलिस पर दोनों हाथों से फायरिंग कर भागने का प्रयास किया, लेकिन अंतत: वह पुलिस की गोली का शिकार हो गया.

खाली क्वार्टर बना अपराधियों का अड्डा

शहर में कंपनी का खाली क्वार्टर अपराधियों का अड्डा बन गया है. कई क्वार्टरों पर आपराधिक गिरोह का कब्जा है. पूर्व में भी कई अपराधी कंपनी के इन खाली क्वार्टर से पकड़े गये हैं. सोमवार की रात जिस जगह पर शातिर बदमाश गोपाल व उसका साथी ठहरा था, वह खाली व कंडम क्वार्टर है. इसके अलावा उसके आस-पास के क्वार्टर भी खाली हैं. जहां अपराधियों का अक्सर अड्डा लगता है. कुछ क्वार्टर में परिवार के साथ लोग रहते हैं.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
RAJESH SINGH

लेखक के बारे में

By RAJESH SINGH

RAJESH SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola