क्रेडिट कार्ड से गहने खरीदे, UPI से पैसे उड़ाये... जमशेदपुर में 3 लोग बने साइबर ठगी के शिकार
सांकेतिक फोटो (AI GENERATED)
जमशेदपुर में साइबर अपराधियों ने तीन अलग-अलग लोगों को निशाना बनाकर कुल 9.34 लाख रुपये की ठगी की है. क्रेडिट कार्ड और यूपीआई के जरिये अंजाम दी गई इन घटनाओं के बाद पुलिस अलर्ट हो गई है.
वरीय संवाददाता, जमशेदपुर
बेखौफ साइबर अपराधियों ने क्रेडिट कार्ड का झांसा और यूपीआइ के जरिये तीन अलग-अलग लोगों को निशाना बनाते हुए कुल 9.34 लाख रुपये खाते से निकाल लिये. इस संबंध में पीड़ितों ने साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी है, जिसके बाद पुलिस मामले की छानबीन में जुट गयी है. ठगी और चोरी की ये सभी घटनाएं 25 जुलाई से 3 अगस्त के बीच की बतायी जा रही है.
मामला 1 : क्रेडिट कार्ड के नाम पर 4.57 लाख की चपत पहला मामला कदमा उलियान स्थित सिंडिकेट कॉलोनी का है. यहां की रहने वाली पूनम सिंह के क्रेडिट कार्ड से साइबर अपराधियों ने चकमा देकर 4.57 लाख रुपये निकाल लिये. जैसे ही पीड़िता को खाते से पैसे कटने का मैसेज मिला, उनके होश उड़ गये.
मामला 2 : मोबाइल-कार्ड चोरी कर खरीदे 4.10 लाख के गहने दूसरा मामला जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स से सामने आया है. नरवापहाड़ निवासी और यूसिलकर्मी दीपांकर चक्रवर्ती जेआरडी कॉम्प्लेक्स गये हुए थे. इसी दौरान अज्ञात बदमाशों ने उनका बैग पार कर दिया, जिसमें दो मोबाइल और क्रेडिट कार्ड रखे थे. इसके बाद शातिर बदमाशों ने दीपांकर के क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल कर 4.10 लाख रुपये के सोने-चांदी के गहनों की खरीदारी कर ली.
मामला 3: यूपीआइ के जरिये खाते से उड़ाये 67 हजार रुपये तीसरी घटना परसुडीह के मां दुर्गा अपार्टमेंट की है. यहां की रीना मोहन पिल्लई को साइबर ठगों ने यूपीआइ फ्रॉड का शिकार बनाया. अपराधियों ने उनके खाते से धोखे से 67 हजार रुपये उड़ा लिये.
जांच में जुटी पुलिस
साइबर सेल अलर्ट मामला दर्ज होने के बाद साइबर थाना की पुलिस एक्टिव मोड में आ गयी है. पुलिस की टीम उस दुकान और लोकेशन को ट्रेस करने में लगी है, जहां से क्रेडिट कार्ड के जरिये 4.10 लाख रुपये के गहने खरीदे गये. साथ ही बैंक ट्रांजेक्शन और कॉल डिटेल्स के जरिये गिरोह के गुर्गों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है.
साइबर सुरक्षा टिप्स
सावधान रहें, सुरक्षित रहें किसी भी अज्ञात व्यक्ति के साथ क्रेडिट कार्ड का सीवीवी, ओटीपी या पिन साझा न करें. कार्ड या मोबाइल चोरी होते ही तुरंत संबंधित बैंक को सूचित कर कार्ड और यूपीआइ सेवाएं ब्लॉक करायें. किसी भी तरह की साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 पर कॉल करें या साइबर थाने में शिकायत दर्ज करायें
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By भूमि शर्मा
भूमि शर्मा पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल के साथ बतौर कंटेंट राइटर जुड़ी हुई हैं. वर्तमान में वह मुख्य रूप से जमशेदपुर और उसके आसपास के क्षेत्रों की खबरों को कवर करती हैं. इससे पहले वह एजुकेशन बीट और झारखंड बीट पर भी काम कर चुकी हैं, जहां उन्होंने शैक्षणिक बदलावों और राज्य से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर लेखन किया है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










