धातकीडीह के युवक की पीट-पीटकर हत्या

Updated at : 04 Sep 2018 5:20 AM (IST)
विज्ञापन
धातकीडीह के युवक की पीट-पीटकर हत्या

हाथ-पैर तोड़ा, नाजुक अंगों पर भी किया वार तीन हिरासत में जमशेदपुर : बिष्टुपुर थानांतर्गत धातकीडीह मेडिकल बस्ती निवासी तीवा मुखी (25) की पीट-पीटकर हत्या कर दी गयी. रविवार की रात पौने दो बजे जख्मी हालत में तीबा काे पुलिस कबीरिया हाई स्कूल के सामने से उठाकर टीएमएच ले गयी, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत […]

विज्ञापन

हाथ-पैर तोड़ा, नाजुक अंगों पर भी किया वार

तीन हिरासत में
जमशेदपुर : बिष्टुपुर थानांतर्गत धातकीडीह मेडिकल बस्ती निवासी तीवा मुखी (25) की पीट-पीटकर हत्या कर दी गयी. रविवार की रात पौने दो बजे जख्मी हालत में तीबा काे पुलिस कबीरिया हाई स्कूल के सामने से उठाकर टीएमएच ले गयी, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. तीवा का बायां हाथ, एक पैर टूटा था. नाजुक अंगों में गंभीर चोट के निशान थे. तीवा गम्हरिया स्थित मिथिला मोटर्स कंपनी में पिछले तीन माह से साफ-सफाई का काम करता था. पुलिस ने पूछताछ के लिए शिवम, रवि मुखी और दीपक सिंह को हिरासत में लिया है. सोमवार को पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया.
हत्या के कारणों की जानकारी परिवार के लोगों से पुलिस को नहीं मिली है. हालांकि जांच में यह बात सामने आयी है कि रविवार को मेडिकल बस्ती में रिया और कोमल नाम की दो बच्चियों की आन्या और सोनिया के साथ मारपीट हुई थी. बच्चों के विवाद को लेकर शाम में बड़े भी आपस में भिड़ गये थे. रिया और कोमल के साथ रात दस बजे भी मारपीट हो रही थी. विवाद रोकने के लिए तीवा मुखी ने कबीरिया स्कूल के पास खड़े होकर पुलिस को फोन कर बुलाया था. घटना के पौने चार घंटे के बाद तीवा का शव सड़क किनारे पड़ा मिला. समाचार लिखे जाने तक हत्या के मामले में प्राथमिकी दर्ज नहीं करायी गयी है.
शाम सवा छह बजे बेटी के लिए बैलून लेने निकला था तीवा
बेबी मुखी ने बताया कि उसकी शादी वर्ष 2011 में तीवा के साथ हुई थी. उसे छह वर्ष का बेटा राधव और साढ़े तीन साल की बेटी सीमर है. रविवार को कंपनी की छुट्टी थी. दिन के 1.30 बजे उसके पति पांच सौ रुपये लेकर निकले और शाम छह बजे घर लौट आये. पति के घर आने पर वह खाना पकाने लगी. खाना खाने के बाद पति ने सोने की बात कही. इस बीच उनके पति ने दस रुपये लिये और बच्ची के लिए बैलून खरीदने की बात कह घर से निकले. रात आठ बजे तक नहीं लौटे तो वह सो गयी. सुबह तीन बजे उनकी सास ने जगाया और घटना की जानकारी दी. उसने बताया कि पति की किसी से दुश्मनी नहीं थी. वह रोज सुबह काम पर जाते थे और शाम होते ही वापस लौट आते थे.
दो वर्ष पहले सरायकेला से मेडिकल बस्ती में आया था परिवार
बेबी मुखी ने बताया कि शादी के बाद से वह सरायकेला में पति के साथ रहती थी. वहीं से उसकी नौकरी मिथिला मोटर्स में हुई. दो वर्ष पहले वह पति व बच्चों के साथ धातकीडीह मेडिकल बस्ती में आयी थी. पति के गाल में बीमारी होने की वजह से छह माह तक कंपनी ने नौकरी से हटा दिया था. इधर, तीन माह से दोबारा उसके पति काम पर कंपनी जा रहे थे.
कोट
धातकीडीह में तीवा मुखी की पीट-पीट कर हत्या की गयी है. हत्या का कारण स्पष्ट नहीं है. पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है. मामले में तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है. सुधीर कुमार, डीएसपी सीसीआर.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola