महिला ने बच्चा उसका होने का किया दावा, जांच जारी

विधवा व नवजात के साथ विभागीय अधिकारी। | Prabhat Khabar Network
झारसुगुड़ा में पेड़ के नीचे मिले नवजात शिशु के मामले में एक महिला ने बच्चे की मां होने का दावा किया है। पुलिस और बाल कल्याण समिति मामले की जांच कर रही है।
झारसुगुड़ा में नवजात शिशु मिलने का मामला उलझा प्रतिनिधि, झारसुगुड़ा झारसुगुड़ा में बुधवार सुबह पेड़ के नीचे मिले नवजात शिशु से जुड़े मामले ने नया मोड़ ले लिया है. सुबह साढ़े छह बजे समाजसेवी राजेश पाढ़ी को सूचना मिली कि सरबहाल क्षेत्र में एक नवजात बच्चा पड़ा है. वे मौके पर पहुंचे, तो पाया कि एक परिवार बच्चे को अपने पास रखे हुए है और बताया कि एक वृद्ध महिला बैग में शिशु छोड़ कर चली गयी. जिसके बाद जिला बाल संरक्षण अधिकारी, चाइल्ड हेल्पलाइन और पुलिस को सूचित किया गया, जिन्होंने बच्चे को जिला मुख्यालय अस्पताल के एसएनसीयू में भर्ती कराया. डॉक्टरों ने बताया कि नवजात स्वस्थ है. इधर, कुछ समय बाद झारसुगुड़ा थाना में एक 38 वर्षीय विधवा महिला पहुंची और दावा किया कि वही बच्चे की मां है. महिला ने बताया कि नशे की हालत में उसे प्रसव पीड़ा हुई थी और बाद की घटनाएं उसे याद नहीं. पुलिस ने महिला को भी अस्पताल में भर्ती कर स्वास्थ्य जांच करायी. महिला संबलपुर जिले के कुचिंडा क्षेत्र की निवासी है और झारसुगुड़ा में लोगों के घरों में बर्तन धोकर रोजी-रोटी कमाती है. उसके पति की आठ-नौ महीने पहले मृत्यु हो गयी थी और उसके पहले से तीन बच्चे हैं. जांच में यह भी पता चला कि महिला ने गर्भावस्था छिपाने की कोशिश की थी. स्थानीय आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं के रिकॉर्ड में उसकी गर्भावस्था दर्ज नहीं थी और स्वास्थ्य केंद्र पर कोई पंजीकरण नहीं मिला. बरामद शिशु के शरीर पर मिट्टी के दाग पाये गये हैं. महिला से अपने दावे के समर्थन में प्रमाण देने के लिए कहा गया है. अब मामले की सभी पहलुओं की जांच जिला बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) कर रही है. शिशु फिलहाल सीडब्ल्यूसी की देखरेख में है और उपचाराधीन है. जांच पूरी होने के बाद ही यह तय होगा कि बच्चे को उसकी कथित माता को सौंपा जायेगा या किसी चाइल्ड केयर संस्थान में भेजा जायेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










