Tata Steel: 1,755 करोड़ रुपये के डिमांड नोटिस पर कंपनी को मिली राहत, रिविजनल अथॉरिटी ने लिया ये फैसला
सांकेतिक फोटो
टाटा स्टील को केंद्रीय कोयला मंत्रालय की रिविजनल अथॉरिटी से बड़ी राहत मिली है. ₹1755 करोड़ के डिमांड नोटिस पर अथॉरिटी ने फिलहाल किसी भी प्रकार की दंडात्मक कार्रवाई पर रोक लगा दी है. यह फैसला कंपनी की वेस्ट बोकारो कोलियरी से संबंधित है.
टाटा स्टील लिमिटेड को केंद्रीय कोयला मंत्रालय की रिविजनल अथॉरिटी से बड़ी राहत मिली है. अथॉरिटी ने जिला खनन कार्यालय, रामगढ़ द्वारा कंपनी को भेजे गये 1755.10 करोड़ रुपये के भारी भरकम डिमांड नोटिस के मामले में किसी भी प्रकार की दंडात्मक या कड़ा रुख अपनाने पर फिलहाल रोक लगा दी है.
आपके शहर में
क्या था मामला?
रामगढ़ जिला खनन कार्यालय ने 30 मार्च को एक डिमांड नोटिस जारी करते हुए टाटा स्टील से 1,755,10,54,029 रुपये की मांग की थी. यह नोटिस कंपनी की वेस्ट बोकारो कोलियरी से वित्तीय वर्ष 2000-01 से 2006-07 के दौरान निर्धारित सीमा से अधिक लगभग 1,62,40,399 मीट्रिक टन कोयला खनन करने के आरोप में दिया गया था.
यह मांग सुप्रीम कोर्ट के 'कॉमन कॉज बनाम भारत सरकार' मामले के फैसले के आधार पर की गयी थी. इस मांग नोटिस को अनुचित और आधारहीन बताते हुए टाटा स्टील ने 24 अप्रैल 2026 को कोयला मंत्रालय, नयी दिल्ली स्थित रिविजनल अथॉरिटी के समक्ष पुनर्विचार याचिका दायर की थी. इसमें झारखंड सरकार के खान एवं भूतत्व विभाग के सचिव तथा खनन पदाधिकारी, रामगढ़ को प्रतिवादी बनाया गया था.
रिविजनल ऑथॉरिटी ने लिया फैसला
इस याचिका पर सुनवाई हुई, जिसके बाद रिविजनल ऑथॉरिटी ने अपना आदेश जारी किया. 24 अगस्त को टाटा स्टील को मिले आदेश के मुताबिक, टाटा स्टील द्वारा दायर रिवीजन आवेदन को विचार के लिए स्वीकार कर लिया गया है. जब तक इस रिवीजन आवेदन पर अंतिम निर्णय नहीं हो जाता, तब तक रामगढ़ जिला खनन पदाधिकारी या झारखंड सरकार कंपनी के खिलाफ इस डिमांड नोटिस के आधार पर कोई भी दंडात्मक या कठोर कदम नहीं उठायेगी. कंपनी ने 25 अगस्त को बीएसइ व एनएसइ को सेबी नियमों के तहत इस घटनाक्रम की आधिकारिक जानकारी दे दी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए