निखार हत्याकांड: गणेश सिंह के फेसबुक पोस्ट पर निखार का कमेंट चर्चा में, ‘अर्जुन’ वाले रिप्लाई ने खींचा ध्यान
निखार सबलोक (फाइल फोटो)
जमशेदपुर में निखार सबलोक हत्याकांड की जांच तेज. गणेश सिंह के फेसबुक पोस्ट और जमीन विवाद के कनेक्शन को लेकर पुलिस कर रही है गहन पूछताछ.
जमशेदपुर: होटल टेंथ माइल स्टोन में होटल संचालक निखार सबलोक की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या के बाद पुलिस की जांच लगातार तेज हो रही है. हत्या के पीछे जमीन विवाद, आपसी रंजिश और गैंगवार समेत हर संभावित पहलू को खंगाला जा रहा है. इसी बीच मानगो के शातिर अपराधी गणेश सिंह के फेसबुक अकाउंट से 15 अगस्त को किये गये एक पोस्ट पर निखार सबलोक का कमेंट और उसके बाद हुआ रिप्लाई भी पुलिस की जांच के दायरे में आ गया है.
आपके शहर में
पोस्ट में गणेश ने निखार को बताया था ‘अर्जुन’
जानकारी के अनुसार गणेश सिंह का फेसबुक अकाउंट निशांत सिंह के नाम से चलता है. 15 अगस्त को उसने अपनी तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा था कि प्रतिभा नहीं होने के बावजूद प्रतिष्ठा मिलने पर लोग धृतराष्ट्र बन जाते हैं और उनका निजी स्वार्थ पूरे साम्राज्य के विनाश का कारण बनता है. इस पोस्ट पर निखार सबलोक ने कमेंट करते हुए लिखा था, ‘पद मिले, प्रतिभा ना मिले तो धृतराष्ट्र बनते हैं, प्रतिभा रहे और पद ना मिले, तो कर्ण बनते हैं.’
निखार के इस कमेंट पर गणेश सिंह ने जवाब दिया- ‘निखार सबलोक, आप अर्जुन हैं अनुज, सिर्फ मछली की आंख को देखिये.’ इसके बाद निखार ने रिप्लाई किया- ‘भैया आपका मार्गदर्शन बस मिलता रहे, बिना द्रोणाचार्य, अर्जुन कुछ नहीं.’
निखार की हत्या इस पोस्ट के करीब एक सप्ताह बाद हुई. ऐसे में यह सोशल मीडिया बातचीत भी चर्चा में है. पुलिस इस बिंदु की भी जांच कर रही है कि दोनों के बीच किस तरह के संबंध थे और इस बातचीत का हत्या से कोई कनेक्शन है या नहीं.
3.5 एकड़ जमीन विवाद पर पुलिस की नजर
पुलिस की जांच में आसनबनी की करीब 3.5 एकड़ बंदोबस्ती जमीन का विवाद भी अहम कड़ी बनकर सामने आया है. बताया जा रहा है कि इस जमीन पर आदिवासी समुदाय का पौराणिक पूजा स्थल ‘जाताल बाबा’ स्थित है और जमीन पिंडरा पहाड़िया के नाम पर है. जमीन को लेकर विवाद चल रहा था.
जानकारी के अनुसार निखार सबलोक अपने सहयोगियों के साथ इस जमीन पर काम शुरू कराने की तैयारी में था. सोमवार को भी वह जमीन से जुड़े मामले में बातचीत के लिए होटल टेंथ माइल स्टोन पहुंचा था. वहां सुखलाल पहाड़िया, मनमन सिंह और गुरुचरण कर्मकार से बातचीत हुई थी. बताया जा रहा है कि निखार काम का ठेका बलकार सिंह को दिलाना चाहता था.
जमीन कारोबार से जुड़े तार
पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि निखार पिछले कुछ महीनों से गणेश सिंह से जुड़कर जमीन का कारोबार कर रहा था. इसी वजह से पुलिस हत्या की जांच गैंगवार के एंगल से भी कर रही है. चांडिल, सिदगोड़ा और सोनारी में जमीन को लेकर हुए विवादों की भी जानकारी जुटायी जा रही है.
पुलिस ने होटल के कर्मचारी, सीसीटीवी में नजर आयी महिला और एक बुजुर्ग व्यक्ति समेत कई संदिग्धों से पूछताछ की है. होटल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. फुटेज के आधार पर हमलावरों के आने-जाने और भागने के रास्ते की पहचान करने की कोशिश की जा रही है.
डीआइजी ने संभाली कमान
निखार सबलोक के कई विधायक और कारोबारियों से बेहतर संबंध होने के कारण हत्याकांड को लेकर पुलिस महकमे में भी गंभीरता बढ़ गयी है. कोल्हान डीआइजी अनुरंजन किस्पोट्टा खुद मामले की मॉनिटरिंग कर रहे हैं. मंगलवार को उन्होंने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर जमशेदपुर और सरायकेला पुलिस के अधिकारियों के साथ बैठक की.
बैठक में एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब, सिटी एसपी ललित मीना और सरायकेला एसपी मनोज स्वर्गियारी समेत दोनों जिलों के पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे. हत्याकांड के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जमशेदपुर व सरायकेला के करीब 20 पुलिस पदाधिकारियों और आरक्षियों की एसआइटी गठित की गयी है. टीम की अगुवाई सरायकेला एसपी मनोज स्वर्गियारी कर रहे हैं.
डीआइजी ने एसआइटी को हमलावरों के साथ-साथ साजिश में शामिल लोगों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी का निर्देश दिया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए