12 फुट सुरंग खोद सीधे बैंक लॉकर तक पहुंचे चोर

Updated:
विज्ञापन

जमशेदपुर : परसुडीह बाजार समिति परिसर स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में चोर 12 फीट की सुरंग खोदकर लॉकर (तिजोरी) तक पहुंच गये. तिजोरी काटने में विफल होने पर चोरों ने बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे को तोड़ डाला और वापस सुरंग के रास्ते बाहर निकल गये. घटना का पता तब चला जब तीन दिन […]

विज्ञापन
जमशेदपुर : परसुडीह बाजार समिति परिसर स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में चोर 12 फीट की सुरंग खोदकर लॉकर (तिजोरी) तक पहुंच गये. तिजोरी काटने में विफल होने पर चोरों ने बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे को तोड़ डाला और वापस सुरंग के रास्ते बाहर निकल गये. घटना का पता तब चला जब तीन दिन के अवकाश के बाद एक मई की सुबह पौने दस बजे मैनेजर चक्रवर्ती आल्डा बैंक पहुंचे.
आल्डा ने देखा कि तिजोरी से दो फीट की दूरी पर जमीन में सुरंग है. आस-पास खरोंचने व तोड़ने के निशान भी थे. उन्होंने तत्काल सूचना परसुडीह थाना और स्टेट बैंक रीजनल आॅफिस को दी. पुलिस ने जांच के बाद बैंक मैनेजर ने सुरंग को बंद कराया. पुलिस ने सुराग के लिए सीसीटीवी खंगाला,लेकिन अधिकांश समय पावर कट होने के कारण कैमरा बंद था, इसलिए कोई सुराग हाथ नहीं आया. परसुडीह थाना में बैंक मैनेजर के बयान पर चोरी के प्रयास की प्राथमिकी दर्ज की गयी है.
बारिश की वजह से भरा था पानी: बैंक में घुसने के लिए चोरों ने जो सुरंगें बनायी थीं. उसमें दो-तीन फुट तक पानी भरा हुआ मिला. पीछे झाड़ी होने के कारण आसपास के लोगों को भनक नहीं लगी. बाजार समिति के सुरक्षागार्ड को भी इसकी भनक नहीं लगी. दो बैंकों के बीच गली और पीछे झाड़ी का फायदा उठाकर चोरों ने सुरंग खोद डाली. दो दिन से आंधी-पानी में बिजली गुल होने का भी चोरों को फायदा मिला.
केनरा बैंक समेत दो बैंकों में हो चुका है चोरी का प्रयास
परसुडीह में बीते साल ही खासमहल स्थित केनरा बैंक और 15 दिनों पूर्व परसुडीह बाजार स्थित बैंक में चोरी का प्रयास किया गया था. खासमहल केनरा बैंक की घटना में चोर गली से भीतर घुसे और ग्रिल काटकर बैंक में प्रवेश किया. फिर गैस कटर से तिजोरी काटने का प्रयास किया था. इस दौरान भी बैंक तीन दिन से बंद था. इस मामले का खुलासा अब तक नहीं हो सका है. चोर गिरोह केनरा बैंक में लगे डीवीआर भी साथ ले गये थे.
बिल्डिंग के पीछे की दीवार से सटाकर खोदी गयी सुरंग
बाजार समिति गेट से कुछ दूरी पर एसबीआइ है. उसके ठीक बगल में इंडियन ओवरसीज बैंक है. दोनों बैंक के बीच में ढाई फुट की गली है. एसबीआइ के पीछे झाड़ियां है. बैंक के मुख्य द्वार से तीन कमरे छोड़कर अाखिरी कोने वाले कमरे में तिजोरी है. तिजोरी वाले कमरे की दीवार के पीछे झाड़ी है. शनिवार, रविवार और सोमवार को बैंक बंद था. बंद का फायदा उठाकर चोरों ने दीवार से सटाकर सुरंग खोद दी. सुरंग चार से पांच फीट गहरी और चार फीट लंबी थी. पुलिस के मुताबिक बैंक की दीवार से पीछे पहले से कुछ गड्ढा कर रखा गया था. इसी गड्ढे काे खोद चोरों ने सुरंग बनायी और बैंक के भीतर घुसे. पुलिस के मुताबिक तिजोरी का लॉक खोलने व तोड़ने के लिए लगातार हथौड़े से वार किया गया था.
25 बोरे सीमेंट से भरी गयी सुरंग : चोरों द्वारा बनाये गयी सुरंग को भरने में बालू व गिट्टी के अलावा 25 बोरा सीमेंट का मटेरियल बनाकर भरा गया. सुरंग का ऊपरी हिस्सा ढेड़ से दो फुट तक चौड़ा था. बैंक प्रबंधन ने सुरंग को बंद कराया.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola