जमशेदपुर : कोल्हान में होगा 3000 करोड़ का निवेश

Updated:
विज्ञापन

जमशेदपुर : कोल्हान में करीब तीन हजार करोड़ रुपये से ज्यादा का निवेश किया जायेगा. इसके लिए शहर की कई कंपनियाें में विस्तार की योजना पर काम चल रहा है. कुछ कंपनियां लक्ष्य के अनुरूप काम आगे बढ़ा रही हैं. टाटा पावर का भी नया प्लांट बनेगा टाटा पावर का भी विस्तार कर इसमें 120 […]

विज्ञापन
जमशेदपुर : कोल्हान में करीब तीन हजार करोड़ रुपये से ज्यादा का निवेश किया जायेगा. इसके लिए शहर की कई कंपनियाें में विस्तार की योजना पर काम चल रहा है. कुछ कंपनियां लक्ष्य के अनुरूप काम आगे बढ़ा रही हैं.
टाटा पावर का भी नया प्लांट बनेगा
टाटा पावर का भी विस्तार कर इसमें 120 मेगावाट बिजली का उत्पादन किया जाना है. इसके तहत नया प्लांट बनाया जायेगा.
तार कंपनी व जेम्को का भी हो रहा है विस्तार
तार कंपनी और जेम्को कंपनी का भी विस्तार होगा. जेम्को से वायरिंग (कंस्ट्रक्शन में लगने वाला सेंट्रिंग तार) वायर व इंडस्ट्रियल कील का भी उत्पादन होगा. बाजार की डिमांड को देखते हुए जेम्को अब रॉड को आपस में बांधकर रखने वाले लोहे के तार व इंडस्ट्रियल कील का उत्पादन करेगी.
टाटा स्टील में होगा 1200 करोड़ का निवेश
टाटा स्टील अपने प्लांट की क्षमता 15 मिलियन टन तक करना चाहती है. फिलहाल 11 मिलियन टन तक के विस्तार का काम चल रहा है. इसको बढ़ाकर 15 मिलियन टन तक किया जाना है. इस पर 1200 करोड़ रुपये तक के निवेश किये जायेंगे. टिस्को ग्रोथ शॉप में भी नये प्लांट लगेगा : गम्हरिया स्थित टिस्को ग्रोथ शॉप (टीजीएस) में भी नया प्लांट लगाया जायेगा. इसके विस्तार को लेकर अध्ययन किया जा रहा है. आने वाले कुछ वर्षों में वहां भी निवेश होगा. यह टाटा स्टील के विस्तार कार्यक्रम के साथ ही होगा.
नुवोको सीमेंट : 500 करोड़ से कंपनी का विस्तार
जोजोबेड़ा का नुवोको सीमेंट प्लांट (पहले लाफार्ज सीमेंट) के विस्तार पर करीब 500 करोड़ रुपये का निवेश होना है. कंपनी अपने बिजली के इस्तेमाल के लायक का कैप्टिव पावर प्लांट लगाने जा रही है. जोजोबेड़ा प्लांट में जो पावर प्लांट होगा, वह 30 मेगावाट का होगा. नुवोको यह प्रोजेक्ट दो -तीन साल में लगायेगी. कंपनी की वर्तमान में उत्पादन क्षमता 4.6 मिलियन टन सालाना है, इसका दो से तीन साल में छह मिलियन टन तक किया जाना है. कंपनी में हीट रिकवरी प्लांट भी लगाया जायेगा. जोजोबेड़ा प्लांट में चार लोडिंग स्टेशन को बढ़ाकर छह लोडिंग स्टेशन बनेगा.
रामकृष्ण फोर्जिंग 800 करोड़ का निवेश
सरायकेला-खरसावां स्थित दुगनी में करीब 800 करोड़ का निवेश रामकृष्ण फोर्जिंग कंपनी द्वारा किया जा रहा है. कंपनी का उत्पादन अभी दो लाख टन है, जिसको अगले दो सालों में चार लाख टन तक किया जाना है.
क्योसेरा सीटीसी 300 करोड़ से विस्तार
जापानी कंपनी क्योसेरा आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित अपने संयुक्त उपक्रम क्योसेरा सीटीसी प्रिसिसन टूल्स प्राइवेट लिमिटेड में 300 करोड़ रुपये का निवेश करेगी. क्योसेरा के चेयरमैन गोरो यामागुची और प्रेसिडेंट हिदियो तानिमोटो ने प्लांट का दौरा कर इसके विस्तार को मंजूरी दे दी है. रमेश कुमार अग्रवाल के नेतृत्व में टीम लगातार काम कर रही है. 300 करोड़ का निवेश तीन सालों में किया जायेगा.
टाटा मोटर्स जमशेदपुर में करेगी विस्तार
जमशेदपुर : टाटा मोटर्स कंपनी जमशेदपुर प्लांट का विस्तार करेगी जिसके तहत कंपनी निवेश भी करेगी. झारखंड सरकार को इसके लिए प्रस्ताव दिये गये हैं. वित्तीय वर्ष 2020 तक कंपनी बीएस 6 की गाड़ियाें का उत्पादन करना चाहती है.
कंपनी के आसपास ही बनाना चाहती है वेंडर्स पार्क
टाटा मोटर्स कंपनी अपने आसपास ही वेंडर्स पार्क बना चाहती है. यहां कंपनी से जुड़ी एंसीलियरी कंपनियों का प्लांट स्थापित किया जायेगा. हालांकि, यह प्रस्ताव दस साल पुराना है, लेकिन अभी कंपनी ने इस फाइल को लेकर मूवमेंट तेज किया है.
वाहनों की डिमांड बढ़ी, उत्पादन भी बढ़ा. कंपनी के मैनुफैक्चरिंग हेड एबी लाल ने बताया कि देश में गाड़ियों की जरूरत बढ़ रही है. इस कारण हम उत्पादन बढ़ा रहे हैं. विस्तार की सभी संभावनाओं को हम लोग तलाश रहे है.
इलेक्ट्रिक ट्रक के लिए तैयार होगा नया प्लांट
टाटा मोटर्स में एक नया प्लांट तैयार किया जा रहा है. जिसमें इलेक्ट्रिक ट्रक तैयार होगा. 2020 तक सुप्रीम कोर्ट के डेडलाइन के तहत बीएस 6 गाड़ियों का उत्पादन होना है.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola