निजी विद्यालयों की मनमानी पर सख्ती, जांच सेल गठित
Published by : SUNIL PRASAD Updated At : 11 Apr 2026 10:24 PM
डीसी द्वारा जारी संपर्क नंबर 6202083913, 9142795606 पर अभिभावक कर सकते हैं शिकायत
हजारीबाग. शहर के कुछ निजी विद्यालयों ने ट्यूशन फीस में अनुचित वृद्धि की है. ड्रेस एवं पाठ्य-पुस्तकों की अनिवार्य खरीद को लेकर अभिभावकों पर दबाव बनाया जा रहा है. इन प्राप्त शिकायतों को उपायुक्त ने संज्ञान में लिया है. ऐसे मामलों की जांच के लिए एक विशेष जांच सेल का गठन किया है, जो इनकी नियमित निगरानी एवं जांच करेगी. उपायुक्त ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि यदि कोई निजी विद्यालय निर्धारित नियमों के विरुद्ध अतिरिक्त शुल्क की वसूली करती है या किसी प्रकार का अनुचित दबाव बनाता है, तो इसकी सूचना अविलंब जिला प्रशासन को उपलब्ध करायें. शिकायत दर्ज करने के लिए उपायुक्त ने संपर्क नंबर जारी किया है. अभिभावक 6202083913, 9142795606 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं. उपायुक्त ने कहा कि नियमानुसार त्वरित जांच की जायेगी. दोषी पाये जाने वाले विद्यालयों के विरुद्ध कार्रवाई की जायेगी.
अस्पताल में इलाजरत बंदी की मौत
हजारीबाग. लोकनायक जयप्रकाश नारायण केंद्रीय कारा के बंदी परमेश्वर मांझी की मौत इलाज के दौरान शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में हो गयी. वह बोकारो जिले के भादुरपुर (थाना जरीडीह) का रहनेवाला था. जानकारी के अनुसार, परमेश्वर मांझी को तबीयत बिगड़ने पर नौ अप्रैल को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के क्रम में उसकी मौत हो गयी. शव का तीन सदस्यीय चिकित्सकीय टीम ने पोस्टमार्टम किया. टीम में डॉ प्रमोद कुमार बरनवाल, डॉ स्नेहा एवं डॉ सृष्टि दराद शामिल थे.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










