हाई वोल्टेज से कई घरों के पंखे, एसी और फ्रिज जले

न्यू एरिया की दो गलियों में केबल जलने से हुआ फॉल्ट
हजारीबाग. हजारीबाग में पारा 43 डिग्री तक पहुंच गया है. इस भीषण गर्मी के बीच बिजली व्यवस्था में लापरवाही ने कई लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी है. शहर के न्यू एरिया गली नंबर दो और चार में 24-25 मई की मध्य रात्रि केबल जलने से हुए फॉल्ट के बाद हाई-वोल्टेज से कई घरों के एयर कंडीशनर, पंखे, कूलर, फ्रिज और इनवर्टर जल गये. देखते ही देखते लोगों की वर्षों की कमाई से खरीदे गये उपकरण बेकार हो गये. जिससे उनमें आक्रोश है. गर्मी से राहत देने वाले ये उपकरण ठप जलने से लोगों को अब दोहरी मार झेलनी पड़ रही है. वार्ड पार्षद पमिता सिन्हा और उनके पति राजेश सिन्हा ने बताया कि इस घटना की सूचना बिजली विभाग को दी है. सुबह जले ट्रांसफॉर्मर व केबल को बदला गया है. अब मुहल्ले में बिजली सामान्य हो गयी है. इधर बिजली विभाग के कनीय अभियंता अवतेश कुमार ने बताया कि ओवरलोड की वजह से केबल में आग लगी थी. जिसे ठीक कर लिया गया है.
ट्रांसफॉर्मर में आग लगने के बाद 440 वोल्ट करंट प्रवाहित
जानकारी के अनुसार न्यू एरिया गली नंबर चार में देर रात तेज धमाके के साथ ट्रांसफॉर्मर में आग लग गयी. इस घटना में ट्रांसफॉर्मर में लगे 11 केवीए के केबल जलकर एक-दूसरे से सट गये. जिससे उपभोक्ताओं के घरों में 440 वोल्ट का करंट प्रवाहित होने लगा. इसी तरह की शिकायत न्यू एरिया गली नंबर दो में सावित्री भवन के सामने मिली. यहां भी केबल जलने के बाद मुहल्ले वासियों का लाखों रुपये का नुकसान हुआ है. बिजली उपभोक्ता सह सांसद प्रतिनिधि रंजन चौधरी ने बताया कि हाई वोल्टेज का कारण घर में लगे पंखे, कूलर सहित बिजली के कई उपकरणों को क्षति पहुंची है. गली नंबर चार के चंदन राय का एयर कंडीशनर, सुधीर सिन्हा का इनवर्टर, मनीष पांडेय के फ्रिज सहित मुहल्ले के करीब 30 घरों के बिजली उपकरण को नुकसान होने की सूचना है.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










