साहब… इस मौत का जिम्मेदार कौन? हजारीबाग में अवैध बालू लदा ट्रैक्टर पलटा, 1 मासूम की गई जान

Updated:
विज्ञापन
Hazaribagh Road Accident

दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर और वहां पर मौजूद पुलिस के जवान

Hazaribagh Road Accident:हजारीबाग स्थित चौपारण के पत्थलकुदवा में अवैध बालू लदा अनियंत्रित ट्रैक्टर पलटने से 17 वर्षीय नाबालिग चालक अनिल भोक्ता की मौके पर ही मौत हो गई है. ग्रामीणों ने बालू माफिया और पुलिस प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाए हैं. पूरी खबर पढ़ें.

विज्ञापन

हजारीबाग से जयनरायण की रिपोर्ट

Hazaribagh Road Accident, हजारीबाग: हजारीबाग जिले के चौपारण थाना क्षेत्र में अवैध बालू के कारोबार और वाहन के तेज रफ्तार ने एक मासूम की जान ले ली है. रविवार को अवैध बालू परिवहन के दौरान हुए एक भीषण ट्रैक्टर हादसे में 17 वर्षीय नाबालिग चालक अनिल भोक्ता (पिता- महाबीर भोक्ता) की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. घटना के बाद पूरे इलाके में कोहराम मच गया है. सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण और पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचे. इस हादसे ने क्षेत्र में फल-फूल रहे अवैध बालू खनन, लचर परिवहन व्यवस्था और प्रशासनिक निगरानी तंत्र की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

संतुलन बिगड़ने से पलटा ट्रैक्टर, मलबे में दबा नाबालिग

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक ट्रैक्टर चालक भगहर स्थित ढाढ़र नदी से अवैध बालू लादकर तेज रफ्तार में बसरिया की ओर आ रहा था. इस दौरान पत्थलकुदवा के पास चालक ने वाहन पर से अपना नियंत्रण खो दिया. ट्रैक्टर को अनियंत्रित होता देख नाबालिग चालक ने अपनी जान बचाने के लिए नीचे कूदने का प्रयास किया, लेकिन बदकिस्मती से ट्रैक्टर की ट्रॉली उसी के ऊपर पलट गई. जिससे वह बालू और मलबे के नीचे बुरी तरह दब गया. बाद में पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद जेसीबी मशीन की मदद से शव को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए बरही भेज दिया. घटना के बाद से मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं ग्रामीणों में गहरा आक्रोश व्याप्त है. बताया जा रहा है कि यह ट्रैक्टर बुढ़ियाडाबर गांव के कैलाश यादव का है.

Also Read: Ramgarh: वज्रपात और तेज आंधी-बारिश का कहर, युवक की मौत, कई जगह गिरे पेड़

कम उम्र के अनट्रेंड चालकों के भरोसे मौत का कारोबार

स्थानीय लोगों ने बताया कि चौपारण क्षेत्र में यह एक आम चलन बन चुका है. बालू तस्करी में लगे अधिकांश ट्रैक्टरों के चालक नाबालिग और कम उम्र के लड़के होते हैं. इनके पास न तो ड्राइविंग लाइसेंस होता है और ना ही भारी वाहन चलाने का कोई अनुभव. ट्रैक्टर मालिक इन बच्चों से इसलिए गाड़ियां चलवाते हैं ताकि उन्हें कम मजदूरी देनी पड़े. चंद पैसों के लालच में ये कम उम्र के लड़के सड़कों पर बेतरतीब और अत्यधिक तेज गति से ट्रैक्टर दौड़ाते हैं, जो अक्सर ऐसे जानलेवा हादसों का कारण बनता है.

प्रशासनिक चुप्पी पर भड़के ग्रामीण

कमारबासा और बसरिया के ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से रात के अंधेरे से लेकर दिनदहाड़े तक अवैध बालू का खनन और परिवहन जारी है. बिना किसी सुरक्षा मानकों के फिटनेसविहीन गाड़ियां सड़कों पर दौड़ रही हैं. ग्रामीणों ने सवाल उठाया है कि जब लगातार शिकायतें की जा रही थीं, तो संबंधित विभाग और निगरानी एजेंसियां मौन क्यों थीं? लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस अवैध सिंडिकेट पर नकेल कसी गई होती, तो आज एक गरीब परिवार का चिराग नहीं बुझता. पुलिस ने मामले की जांच और सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया है, लेकिन जनता पूछ रही है कि इस मौत का असली जिम्मेदार कौन है- अवैध कारोबार के संचालक, ट्रैक्टर मालिक या फिर प्रशासन की चुप्पी?

Also Read: बोकारो में गरजे नितिन नवीन: ‘2029 का चुनाव सिर्फ सरकार बनाने का नहीं, विकसित भारत का महासंकल्प है’

विज्ञापन
समीर उरांव

लेखक के बारे में

By समीर उरांव

इंटरनेशनल स्कूल ऑफ बिजनेस एंड मीडिया से बीबीए मीडिया में ग्रेजुएट होने के बाद साल 2019 में भारतीय जनसंचार संस्थान दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया. 5 साल से अधिक समय से प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हूं. इससे पहले डेली हंट में बतौर प्रूफ रीडर एसोसिएट के रूप में काम किया. झारखंड के सभी समसामयिक मुद्दे खासकर राजनीति, लाइफ स्टाइल, हेल्थ से जुड़े विषयों पर लिखने और पढ़ने में गहरी रुचि है. तीन साल से अधिक समय से झारखंड डेस्क पर काम कर रहा हूं. फिर लंबे समय तक लाइफ स्टाइल के क्षेत्र में भी काम किया हूं. इसके अलावा स्पोर्ट्स में भी गहरी रुचि है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola