ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में बंद रहीं 700 मेडिकल दुकानें

देशव्यापी केमिस्ट हड़ताल का हजारीबाग में दिखा व्यापक असर
हजारीबाग. ऑल इंडिया ऑर्गनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स के आह्वान पर बुधवार को बुलाये गये देशव्यापी केमिस्ट हड़ताल का हजारीबाग में व्यापक असर देखने को मिला. जिले की करीब 700 मेडिकल दुकानें पूरी तरह बंद रहीं. बंद को केमिस्ट समुदाय ने एकजुटता के साथ समर्थन दिया. हड़ताल ऑनलाइन दवा बिक्री पर रोक, कॉर्पोरेट कंपनियों द्वारा भारी छूट (डीप डिस्काउंटिंग) बंद करने तथा नकली दवाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर की गयी. हजारीबाग डिस्ट्रिक्ट केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स एसोसिएशन के नेतृत्व में सभी प्रतिष्ठान बंद रखे गये. शहर के नाबाबगंज, मेन रोड, कोर्रा, मटवारी, इद्रंपुरी चौक सहित विभिन्न प्रखंडों की दवा दुकानें सुबह से बंद रहीं. हजारीबाग केमिस्ट एवं ड्रगिस्ट संघ के सदस्य धरना पर बैठे. धरना में संघ के अध्यक्ष दिलीप कुमार, उपाध्यक्ष मोहित कुमार, महासचिव लक्ष्मी कुमार गुप्ता, संयुक्त सचिव सुनील कुमार सुमन, संगठन सचिव अजीत कुमार सिन्हा तथा कोषाध्यक्ष सूरज कुमार खंडेलवाल शामिल रहे. दवा व्यवसायियों ने कहा कि दवाओं की अनियंत्रित ऑनलाइन बिक्री से छोटे लाइसेंसधारी दुकानदार प्रभावित हो रहे हैं. उन्होंने सरकार से मरीजों की सुरक्षा और दवा कारोबार में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की.
पीएम को संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा
इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम संबोधित ज्ञापन स्थानीय प्रशासन को सौंपा गया. ज्ञापन में अवैध ऑनलाइन दवा बिक्री, बिना वैध चिकित्सकीय पर्चे के दवा आपूर्ति और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म की अनियमित गतिविधियों पर रोक लगाने की मांग की गयी है. साथ ही जीएसआर 817(इ) और जीएसआर 220(इ) को वापस लेने की मांग भी उठायी गयी है. एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि दवाएं सामान्य उपभोक्ता वस्तु नहीं हैं और अनियंत्रित ऑनलाइन बिक्री मरीजों की सुरक्षा के लिए खतरा बन सकती है. उन्होंने छोटे व्यवसायियों के हितों की रक्षा और दवा बाजार में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की आवश्यकता बतायी. हड़ताल शांतिपूर्ण रही. जरूरतमंद मरीजों को आपातकालीन दवाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गयी थी.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










