नाबालिग छात्रा की संदिग्ध मौत, जांच में जुटी पुलिस
Published by : Prabhat Khabar News Desk Updated At : 30 May 2026 10:15 PM
घाघरा थाना के सलगी भुड़ियाटोली गांव की घटना, प्रेमी युवक जहर खाने से अस्पताल में भर्ती
गुमला. घाघरा थाना के सलगी भुड़ियाटोली गांव में 16 वर्षीय नाबालिग छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला प्रकाश में आया है. मृतका की मां ने अपने बयान में बेटी के साथ सामूहिक दुष्कर्म (गैंगरेप) के बाद जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है. वहीं इस मामले में प्रेमी युवक जहर खाने के कारण सदर अस्पताल गुमला में इलाजरत है. पुलिस ने शनिवार को शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया और मामले की जांच में जुट गयी है. परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार मृतका रांची के पिस्का स्थित पीएम श्री राजकीय मवि टिकराटोली पिस्का में आठवीं कक्षा की छात्रा थी और हाल ही में उसने बोर्ड परीक्षा दी थी. वह बीते रविवार को अपने घर आयी थी. सोमवार की सुबह करीब 9.30 बजे गांव के ही एक युवक मोतीलाल उरांव उसे बहला-फुसला कर अपने साथ ले गया. बताया जा रहा है कि दोनों के बीच पिछले एक वर्ष से प्रेम-प्रसंग चल रहा था. सोमवार की शाम को जब छात्रा घर वापस नहीं लौटी, तो परिजनों ने उसकी खोजबीन की. तलाश के बाद शुक्रवार (29 मई) की शाम करीब सात बजे छात्रा गांव के ही एक व्यक्ति हरिश्चंद्र उरांव के खेत में बने स्टोर रूम के अंदर अचेत व नग्न अवस्था में पायी गयी. परिजन उसे आनन-फानन में सदर अस्पताल गुमला ले गये, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे रिम्स रेफर कर दिया. रांची ले जाने के क्रम में पिस्का के समीप रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया. छात्रा की ने सामूहिक दुष्कर्म के बाद जहर देकर मारने का लगाया आरोप अस्पताल में दर्ज कराये गये बयान में मृतका की मां ने सीधे तौर पर इस घटना को सुनियोजित हत्या और सामूहिक अनाचार से जोड़ा है. मां का कहना है कि जब मेरी बेटी स्टोर रूम में मिली, तो उसके शरीर पर कोई भी कपड़े नहीं थे. उसके प्राइवेट अंगों पर चोट व सूजन के निशान थे. हमें पूरा संदेह है कि चार पांच लोगों ने मिल कर मेरी बेटी के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया है और बाद में खुद को बचाने के लिए उसे जबरन कीटनाशक खिला कर मार डाला है. युवक ने कहा, कीटनाशक लेकर स्वयं भी खाया और लड़की को भी खिलाया वहीं दूसरी तरफ, युवक मोतीलाल उरांव की मां सीता देवी ने इस घटना पर अलग दावा पेश किया है. उनका कहना है कि दोनों ने नहाने के बाद अपनी मर्जी से जहर खाया था. यही कारण था कि लड़की के शरीर पर कपड़े नहीं थे. फिलहाल युवक का इलाज अस्पताल में पुलिस अभिरक्षा में चल रहा है. युवक ने पुलिस को बताया कि उसने खुद सब्जी में डालने वाली कीटनाशक लेकर स्वयं भी खाया और लड़की को भी खिलाया. पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी सभी की नजरें घाघरा पुलिस ने अस्पताल से प्राप्त फर्द बयान के आधार पर मामले की छानबीन शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि यह मामला प्रेम-प्रसंग, आत्महत्या के उकसावे या फिर ऑनर किलिंग व सामूहिक दुष्कर्म जैसे गंभीर कोणों के बीच उलझा हुआ है. मृतका का पोस्टमार्टम करा दिया गया है. मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ हो पायेगा कि मौत की असली वजह क्या थी और क्या मृतका के साथ कोई शारीरिक जबरदस्ती की गयी थी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










