आस्था व विश्वास का प्रतीक है खोरा दुर्गा मंदिर

Updated at : 26 Sep 2025 9:58 PM (IST)
विज्ञापन
आस्था व विश्वास का प्रतीक है खोरा दुर्गा मंदिर

विजयादशमी की रात में गांव के लोग अपने से बड़े-बुजुर्गों का पांव छूकर लेते हैं आशीर्वाद

विज्ञापन

विजयादशमी की रात में गांव के लोग अपने से बड़े-बुजुर्गों का पांव छूकर लेते हैं आशीर्वाद गुमला. गुमला शहर से सात किमी दूर खोरा गांव में दुर्गा मंदिर है. यह गुमला व रांची मार्ग के नेशनल हाइवे-43 पर स्थित है. यहां मां दुर्गा की प्राचीन मंदिर है. श्री दुर्गा पूजा के अवसर पर इस मंदिर व गांव की महत्ता बढ़ जाती है. दुर्गा पूजा में इस मंदिर में दूर-दूर से भक्त पूजा करने आते हैं. इस मंदिर की स्थापना के साथ ही इस गांव में प्राचीन समय में कई परंपरा शुरू की गयी थी. यह परंपरा आज भी जारी है. मान्यता है कि यहां भक्तों की मन्नतें पूरी होती है. इस मंदिर के बारे में एक प्राचीन कथा प्रचलित है. कहा जाता है कि ग्राम खोरा एक राजस्व गांव है. इसमें चैरअंबा, जामटोली, भकुवाटोली, कुसुमटोली, पतराटोली, पखनटोली व खोरा कठियाटोली है. वर्तमान में खोरा को पंचायत का दर्जा प्राप्त है. इस गांव के प्राचीन जमींदार शिखर साहब थे. उन्होंने काफी समय तक यहां का बागडोर संभाली. उन्हीं के द्वारा इस मंदिर की स्थापना की गयी. श्रीदुर्गा पूजा समिति व मेला आयोजन समिति के संरक्षक मनमोहन सिंह ने मंदिर के पीछे छिपे इतिहास के संबंध में बताया कि शिखर साहब को अपने जीवन काल में एक बार आर्थिक संकट से जूझना पड़ा था. अपने पुत्र की शादी में ओड़िशा राज्य के क्योंझर जिला में बारात जाना पड़ा. उन्हें बारात जाकर लौटने के क्रम में आर्थिक समस्या आ गयी, तो रांची में उन्होंने अंग्रेज सरकार के पीपी साहब से कुछ पैसा लेकर ग्राम खोरा व कांके रांची के ग्राम मेसरा को गिरवी रख दी. जब काफी समय गुजर गया, तो शिखर साहब ने पीपी साहब को पैसा नहीं लौटाया, तो उनके द्वारा उक्त दोनों गांवों को नीलाम कर दिया गया. इस नीलामी के क्रम में ही राधा बुधिया ने उक्त दोनों गांवों को ले लिया. 1956 तक जमींदारी प्रथा उन्मूलन के पूर्व तक दोनों गांव ग्राम खोरा व ग्राम मेसरा के जमींदार राधा बुधिया थे. इनके मैनेजर जीवनभर स्वर्गीय मीना सिंह थे. जब शिखर साहब खोरा से जाने लगे, तो दुर्गा मां की स्थापित मूर्ति को ले जाने के लिए हाथी लाया गया. जब मूर्ति को हाथी में लादा गया, तो हाथी चिंघाड़ मार कर बैठ गया. उस रात्रि में उन्हें स्वप्न आया कि मुझे यहां से मत ले जाओ. इसके बाद शिखर साहब यहां से चले गये और मां दुर्गा की मूर्ति को गांव में छोड़ दिये. प्राचीन काल में यहां भैंसों की बलि दी जाती थी. बलि देने वाले हथियार आज भी मंदिर में रखा हुआ है. अब बलि की प्रथा बंद कर दी गयी है. मंदिर के बगल में राधा-कृष्ण व कुछ दूरी पर शिव का मंदिर है. विजयादशमी में विजय यात्रा व एकादशी में मेला एवं रात्रि में सांस्कृतिक कार्यक्रम होता है. विजयादशमी की रात में प्रत्येक आदमी अपने से बड़ों के घर में जाकर उन्हें पैर छूकर प्रणाम करता है और उससे आशीर्वाद प्राप्त करता है. यह परंपरा आज भी कायम है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola