सभी संबंधित ग्राम शिक्षा समितियों को नोटिस जारी करें : डीसी
Published by : Prabhat Khabar News Desk Updated At : 04 Jun 2026 10:30 PM
शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक, ई-विद्या वाहिनी व एमडीएम की भी हुई समीक्षा
गुमला. उपायुक्त दिलेश्वर महतो की अध्यक्षता में गुरुवार को जिला शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक हुई. बैठक में शिक्षा अधिकारियों ने बताया कि पूर्व की ग्राम शिक्षा समितियों के पास दो करोड़ रुपये से अधिक की अग्रिम राशि लंबित है तथा कई विद्यालय भवन अधूरे पड़े हैं. इस पर उपायुक्त ने सभी संबंधित ग्राम शिक्षा समितियों को नोटिस जारी करने का निर्देश दिया. साथ ही चेतावनी दी कि नोटिस के बावजूद प्रगति नहीं होने पर संबंधित मामलों में सर्टिफिकेट केस दर्ज कर राशि वसूली की प्रक्रिया शुरू की जाये. बैठक में यह भी सामने आया कि जिले के 30 से अधिक विद्यालयों में शून्य नामांकन है या वे लंबे समय से बंद पड़े हैं. उपायुक्त ने बच्चों व शिक्षकों की उपलब्धता, आधारभूत संरचना की स्थिति तथा स्थानीय आवश्यकताओं का आकलन करने के लिए विशेष टीम गठित करने का निर्देश दिया. उन्होंने ग्रामीणों से संवाद स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा. बैठक के दौरान जनजातीय भाषा संवर्धन के लिए संचालित पलाश कार्यक्रम तथा एफएलएन (फाउंडेशनल लिटरेसी एंड न्यूमेरसी) के तहत छोटे बच्चों की भाषा व गणितीय दक्षता बढ़ाने के प्रयासों पर विशेष चर्चा की गयी. साथ ही जिले की शैक्षणिक उपलब्धियों, आगामी कार्ययोजना, राज्य स्तरीय रैंकिंग तथा विभिन्न प्रखंडों के प्रदर्शन से संबंधित आंकड़ों की विस्तृत प्रस्तुति दी गयी. उपायुक्त ने इस वर्ष मैट्रिक व इंटरमीडिएट परीक्षा में जिले के उत्कृष्ट परिणामों पर संतोष व्यक्त करते हुए आगामी वर्ष की तैयारी अभी से शुरू करने का निर्देश दिया. उन्होंने बोर्ड परीक्षा विजय अभियान के अंतर्गत संचालित नवाचारी गतिविधियों को निरंतर जारी रखने पर बल दिया. ई-विद्या वाहिनी के तहत विद्यालयों में छात्र व शिक्षकों की ऑनलाइन उपस्थिति की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने विद्यालय खुलते दैनिक मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने सभी विद्यालयों को स्टूडेंट प्रोग्रेशन से संबंधित ऑनलाइन कार्य शीघ्र पूरा करने तथा शिक्षकों की बायोमैट्रिक और विद्यार्थियों की ऑनलाइन उपस्थिति की संकुल, प्रखंड एवं जिला स्तर पर प्रतिदिन दो बार निगरानी करने को कहा. मध्याह्न भोजन योजना की समीक्षा में भोजन की गुणवत्ता, अंडा वितरण, सामग्री के रख-रखाव और बच्चों के कवरेज पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिये गये. उपविकास आयुक्त अनिमेश रंजन ने पाठ्यपुस्तक वितरण, छात्र नामांकन, स्वास्थ्य जांच, आधार कार्ड निर्माण, अपार आइडी जेनरेशन तथा अन्य ऑनलाइन कार्यों में तेजी लाने को कहा. उन्होंने कमजोर प्रदर्शन वाले प्रखंडों को चिन्हित कर कार्य निष्पादन में सुधार लाने की चेतावनी भी दी. बैठक में डीएसइ नूर आलम खां, डायट प्राचार्य प्रिया भगत, बीइओ घनश्याम चौबे, एडीपीओ ज्योति खलखो, लेखा पदाधिकारी माधुरी मिंज, सहायक अभियंता शमशाद अली, सहायक कार्यक्रम पदाधिकारी अमर प्रकाश टूटी व शुभकामना प्रसाद, फील्ड मैनेजर रामचंद्र कुमार सिंह, बीपीओ दिलदार सिंह समेत विभिन्न प्रखंडों के बीपीओ, बीआरपी, एकाउंटेंट व कनीय अभियंता उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










