लापता किशोरी को खोजने दिल्ली व जम्मू जायेगी गुमला पुलिस : एसडीपीओ

हाईकोर्ट की सख्ती के बाद केस को री-ओपन कर हर पहलू की हो पही है जांच
गुमला. आठ वर्षों से लापता किशोरी के बहुचर्चित मामले में अब पुलिस ने नयी ऊर्जा के साथ जांच दोबारा शुरू कर दी है. मंगलवार को एसपी कार्यालय सभागार में आयोजित प्रेसवार्ता में चैनपुर एसडीपीओ श्रुति अग्रवाल ने बताया कि डीजीपी के निर्देश और हाईकोर्ट की सख्ती के बाद इस केस को री-ओपन कर हर पहलू की पड़ताल की जा रही है. एसडीपीओ ने बताया कि जांच को गति देने के लिए अब तक दो दर्जन से अधिक संदिग्धों को बुला कर मैराथन पूछताछ की जा चुकी है. खोरा जामटोली समेत आसपास के गांवों के लोगों से एक-एक कर पूछताछ जारी है, ताकि कोई भी कड़ी छूटने न पाये. साथ ही पुराने केस डायरी और दस्तावेजों को फिर से खंगाला जा रहा है. जांच को मजूबती देने के लिए पूर्व अनुसंधान पदाधिकारियों को भी अभियान में शामिल किया गया है. इससे पहले की जांच में छूटे पहलुओं को चिह्नित कर उन्हें स्पष्ट करने का प्रयास किया जा रहा है. एसडीपीओ ने बताया कि पहले इस मामले में दिल्ली व गोवा समेत कई राज्यों में पुलिस टीम भेजी जा चुकी है और अब एक बार फिर दिल्ली, जम्मू-कश्मीर समेत अन्य संभावित ठिकानों पर टीमें रवाना की जा रही हैं. प्रेसवार्ता के दौरान उन्होंने मीडिया की भूमिका को बेहद महत्वपूर्ण बताया. उन्होंने अपील की है कि अधिक से अधिक लोग इस मामले को साझा करें, ताकि दूसरे राज्यों से भी कोई ठोस जानकारी मिल सके. एसपी द्वारा घोषित इनाम की जानकारी भी व्यापक स्तर पर प्रसारित की जा रही है. हालांकि जांच में कुछ तकनीकी बाधाएं सामने आयी हैं. एसडीपीओ के अनुसार लापता किशोरी का आधार कार्ड नहीं बना था, जिससे उसकी पहचान और ट्रैकिंग में परेशानी हो रही है. वहीं, उसकी मां के पुराने मोबाइल कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) निकालने की कोशिश भी की गयी. लेकिन दो साल से अधिक पुराने रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं हो सके. पुलिस का दावा है कि इस बार जांच को तार्किक अंजाम तक पहुंचाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जा रहा है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










