गुमला में दो घटनाओं से सनसनी, नाबालिग लापता, पिता-पुत्र से मारपीट और रंगदारी का आरोप

Updated:
विज्ञापन
Gumla News

मामले की जांच करते हुए सांकेतिक तस्वीर (AI Image)

Gumla News: गुमला में दो आपराधिक घटनाओं से दहशत फैल गई है. माओवादी धमकी के बाद नाबालिग लड़की लापता है, वहीं रंगदारी और मारपीट का मामला भी सामने आया है. इससे जुड़ी खबर नीचे पढ़ें.

विज्ञापन

दुर्जय पासवान की रिपोर्ट 

Gumla News: झारखंड के गुमला में दो अलग-अलग आपराधिक घटनाओं से सनसनी फैल गई है. एक नाबालिग लड़की के लापता होने का मामला सामने आया है, जबकि दूसरी घटना में रंगदारी और मारपीट की वारदात हुई है. पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुटी है. 

नाबालिग लड़की संदिग्ध हालात में लापता

गुमला में एक नाबालिग लड़की के संदिग्ध हालात में लापता होने का मामला सामने आया है. इस संबंध में पीड़िता की मां ने थाना में लिखित आवेदन देकर बेटी को सकुशल बरामद करने और आरोपित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुमला के सिसई थाना के सुवाली गांव निवासी महिला ने थाने में दिए आवेदन में बताया है कि उनकी 15 वर्षीय पुत्री जो एक स्कूल में कक्षा 9 की छात्रा है. वह बीते 4 अप्रैल 2026 को सुबह करीब 11 बजे कपड़ा सिलवाने के लिए गुमला जाने की बात कहकर घर से निकली थी. देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई और खोजबीन शुरू की गई, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चल सका. महिला ने बताया कि घटना से एक दिन पहले उनकी पुत्री ने फोन पर जानकारी दी थी कि एक युवक उसे लगातार फोन कर परेशान कर रहा है. बात नहीं करने पर खुद को माओवादी बताकर जान से मारने और घर से उठाने की धमकी देता है. बाद में परिजनों को एक फोटो मिला. जिसके आधार पर युवक की पहचान मंगलदेव नगेसिया मरवई थाना गुरदरी के रूप में हुई. आवेदन में आशंका जताई गई है कि उक्त युवक ने उनकी नाबालिग पुत्री को डरा-धमकाकर जबरन उठा लिया है और उसके साथ किसी अप्रिय घटना या शारीरिक शोषण की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता. परिजनों का कहना है कि लड़की का मोबाइल लगातार बंद आ रहा है. जिससे चिंता और बढ़ गई है. इधर पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर नाबालिग के सकुशल बरामदगी में जुट गई है.

रंगदारी नहीं देने पर पिता-पुत्र से मारपीट मामले में केस दर्ज

गुमला थाना क्षेत्र में बैल बेचने जा रहे पिता-पुत्र से मारपीट, रंगदारी और लूटपाट की घटना को लेकर पीड़ित द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है और मामले की छानबीन में जुट गई है. हालांकि अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है. जानकारी के अनुसार, पंडरिया गांव निवासी 60 वर्षीय पृथ्वी साहू अपने पुत्र चंदेश्वर साह के साथ 9 अप्रैल 2026 की सुबह करीब 3.00 बजे बैल बेचने के लिए सिसई बाजार जा रहे थे. इसी दौरान ढोउठाटोली के पास कुछ युवकों ने उन्हें रोक लिया. आरोप है कि वीर कुमार साहू अपने साथियों के साथ वहां मौजूद था और उसने डेढ़ लाख रुपए की रंगदारी की मांग की. रंगदारी नहीं देने पर आरोपियों ने दोनों के साथ मारपीट की और हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी दी. पीड़ित का आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने जबरन मोबाइल के माध्यम से 40 हजार रुपए ट्रांसफर करा लिया थे. वहीं उसके पुत्र का मोबाइल फोन भी छीन लिया गया. घटना के बाद दोनों किसी तरह वहां से जान बचाकर निकले. मामले को लेकर पीड़ित ने गुमला थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई. आवेदन मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है. 

इसे भी पढ़ें: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा की तैयारी तेज, कार्यकर्ताओं को बूथ मजबूत करने का संदेश

इसे भी पढ़ें: रांची से ‘फर्जी’ अफसर धराया, सेना में नौकरी दिलाने के नाम पर लगाता था चूना, 70 लाख की ठगी का खुलासा

विज्ञापन
प्रिया गुप्ता

लेखक के बारे में

By प्रिया गुप्ता

प्रिया गुप्ता पिछले एक साल से प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. फिलहाल वह झारखंड से जुड़ी खबरों पर काम करती हैं, जिनमें सरकारी योजनाएं, प्रमुख घटनाएं, सामाजिक मुद्दे और अन्य महत्वपूर्ण विषय शामिल हैं. इससे पहले वह लाइफस्टाइल डेस्क पर फैशन, हेल्थ, रिलेशनशिप, पैरेंटिंग और रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े विषयों पर लेख लिख चुकी हैं. प्रिया ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय से स्नातक और अमिटी यूनिवर्सिटी से मास्टर डिग्री हासिल की है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola