गुमला: 10 महीने से लापता नाबालिग ग्वालियर से बरामद, छह माह की गर्भवती है

Updated:
विज्ञापन
gumla thana

गुमला थाना

Gumla News: गुमला से गायब हुई 16 वर्षीय नाबालिग लड़की को पुलिस ने मध्य प्रदेश के ग्वालियर से बरामद कर लिया है. गुमला लाने पर खुलासा हुआ कि पीड़िता छह माह की गर्भवती है. इससे जुड़ी खबर नीचे पढ़ें.

विज्ञापन

गुमला से दुर्जय पासवान की रिपोर्ट

Gumla News: झारखंड के गुमला से 10 माह पहले रहस्यमय ढंग से लापता हुई 16 वर्षीय नाबालिग लड़की आखिरकार मध्य प्रदेश के ग्वालियर से बरामद कर ली गई है. लेकिन जब पुलिस उसे लेकर गुमला पहुंची तो पूरा मामला और भी चौंकाने वाला निकला. पीड़िता छह माह की गर्भवती है. इस खुलासे के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है. अब मामले में पोक्सो एक्ट समेत गंभीर धाराओं के तहत कार्रवाई की तैयारी चल रही है. सबसे सनसनीखेज बात यह है कि आरोपी युवक मध्य प्रदेश का रहने वाला है. लेकिन वह गुमला में रहकर काम करता था. इसी दौरान उसकी पहचान नाबालिग से हुई और फिर उसने उसे अपने प्रेमजाल में फंसाकर भगा लिया. पुलिस जब ग्वालियर पहुंची तो आरोपी को भनक लग गई और वह मौके से फरार हो गया. फिलहाल उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है. 

डीआइजी के निर्देश पर बनी विशेष टीम 

मामले की गंभीरता को देखते हुए गुमला एसपी के पत्र के बाद दक्षिणी प्रक्षेत्र के डीआइजी के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया. टीम में एसआइ बबिता कुमारी और एसआइ गौतम वर्मा समेत जवानों को शामिल किया गया. दोनों अधिकारियों के नेतृत्व में गठित टीम मध्य प्रदेश के ग्वालियर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद पीड़िता को बरामद कर सुरक्षित गुमला लाई. फिलहाल पीड़िता का सदर अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है. पुलिस अब उसके बयान के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है. 

9 जुलाई 2025 को हुई थी गायब

पूरा मामला 9 जुलाई 2025 का है. पीड़िता गुमला के एक गांव की रहने वाली है. वह अपने माता-पिता के साथ गांव में रहती थी. उसकी बड़ी बहन शहर की एक बस्ती में किराए के मकान में रहती थी. पढ़ाई का हवाला देकर नाबालिग अपनी बड़ी बहन के पास शहर आ गई थी. बताया जाता है कि 9 जुलाई को उसने बहन से कहा कि उसकी परीक्षा है और वह गांव लौट रही है. लेकिन वह घर नहीं पहुंची. अचानक बेटी के गायब होने से परिवार परेशान हो गया. एक महीने तक परिजन अपने स्तर से उसकी तलाश करते रहे. आखिरकार 16 अगस्त 2025 को परिजनों ने सदर थाना पहुंचकर लिखित आवेदन दिया और बेटी को ढूंढने की गुहार लगाई. उस समय लड़की की उम्र महज 16 साल थी.

मोबाइल कॉल से खुला राज

पुलिस ने आवेदन मिलने के बाद अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की. शुरुआती दिनों में पीड़िता का मोबाइल बंद रहा. जिससे जांच आगे नहीं बढ़ पा रही थी. लेकिन कुछ समय बाद उसने अपनी मां से मोबाइल पर बातचीत शुरू कर दी. यही पुलिस के लिए सबसे बड़ा सुराग साबित हुआ. तकनीकी अनुसंधान के तहत पुलिस ने मोबाइल का सीडीआर और लोकेशन निकाला. जांच में लोकेशन मध्य प्रदेश के ग्वालियर की मिली. इसके बाद पुलिस टीम तत्काल ग्वालियर रवाना हुई.

पोक्सो एक्ट के तहत होगी कार्रवाई

पुलिस के अनुसार लड़की घटना के समय नाबालिग थी. इसलिए अब आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट समेत अपहरण और दुष्कर्म की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया जा रहा है. पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए मध्य प्रदेश और झारखंड में लगातार छापेमारी कर रही है.

यह भी पढ़ें: CM हेमंत ने लॉन्च किया ‘आदिनिवास’ ऐप, बोले- आदिवासियों को एक सूत्र में जोड़ेगा ये डिजिटल प्लेटफॉर्म

यह भी पढ़ें: पेपर लीक विवाद पर भड़कीं झारखंड कांग्रेस, NTA की सभी 21 परीक्षाओं की निष्पक्षता पर उठाए गंभीर सवाल

विज्ञापन
श्वेता वैद्य

लेखक के बारे में

By श्वेता वैद्य

श्वेता वैद्य प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर के तौर पर काम करती हैं. उन्हें कंटेंट राइटिंग के क्षेत्र में एक साल से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में श्वेता झारखंड बीट को कवर कर रही हैं, जहां वह राज्य की ताजा खबरें, लोगों की भलाई से जुड़े मुद्दे, सरकारी योजनाओं, स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक विषयों पर आधारित स्टोरीज तैयार करती हैं. श्वेता की हर बार कोशिश यही रहती है कि बात आसान, साफ और सीधे तरीके से लोगों तक पहुंचे, जिससे कि हर कोई उसे बिना दिक्कत के समझ सके. कंटेंट राइटर के तौर पर उनका फोकस होता है कि कंटेंट सिंपल, रिलेटेबल और यूजर-फ्रेंडली हो.

झारखंड बीट से पहले उन्होंने लाइफस्टाइल बीट के लिए भी कंटेंट लिखा. इस बीट में उन्होंने रेसिपी, फैशन, ब्यूटी टिप्स, होम डेकोर, किचन टिप्स, गार्डनिंग टिप्स और लेटेस्ट मेहंदी डिजाइन्स जैसे रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े विषयों पर आर्टिकल लिखे.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola