गुमला: सीएम एक्सीलेंस स्कूल से छात्रों के गायब होने से हड़कंप, जांच में जुटी पुलिस

गायब हुए बच्चों की फोटो
Gumla News: गुमला के सीएम एक्सीलेंस स्कूल से आठवीं कक्षा के दो छात्रों के रहस्यमय ढंग से गायब होने का मामला सामने आने के बाद स्कूल प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठ खड़े हुए हैं. दोनों छात्र क्लास करने के बाद ड्रेस बदलकर स्कूल परिसर से बाहर निकल गए, लेकिन किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी.
गुमला से दुर्जय पासवान की रिपोर्ट
Gumla News: झारखंड के गुमला शहर के सीएम एक्सीलेंस एसएस स्कूल से आठवीं कक्षा के दो छात्रों के रहस्यमय ढंग से गायब होने का मामला सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है. घटना ने स्कूल प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्था और लापरवाही पर कई बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं. सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर दो बच्चे स्कूल में दो विषय की पढ़ाई करने के बाद कैंपस से बाहर कैसे निकल गए और स्कूल प्रशासन को इसकी भनक तक नहीं लगी.
15 मई की सुबह स्कूल गए थे दोनों छात्र
गायब छात्रों की पहचान कसीरा मधुबन निवासी संत कबीर उरांव और धोधरा पाकरटोली निवासी निखिल उरांव के रूप में हुई है. दोनों छात्र सीएम एक्सीलेंस एसएस प्लस टू स्कूल में आठवीं कक्षा में पढ़ते हैं और आपस में दोस्त बताए जा रहे हैं. परिजनों के अनुसार, 15 मई की सुबह करीब साढ़े छह बजे दोनों छात्र स्कूल जाने के लिए घर से निकले थे. स्कूल पहुंचने के बाद दोनों ने दो विषय की क्लास भी की. इसके बाद अचानक दोनों छात्र स्कूल से गायब हो गए. बाद में उनके दोस्तों ने जानकारी दी कि दोनों क्लास करने के बाद कहीं निकल गए थे. मामला और भी चौंकाने वाला तब हो गया जब पता चला कि दोनों छात्रों ने पहले से इसकी तैयारी कर रखी थी. जानकारी के अनुसार, एक छात्र घर से सिविल ड्रेस लेकर आया था और उसे अपने दोस्त के पास रख दिया था. बाद में दोनों ने स्कूल ड्रेस बदलकर हॉस्टल में छोड़ दी और सिविल ड्रेस पहनकर स्कूल परिसर से बाहर निकल गए.
तीन दिन तक दबा रहा मामला
सवाल यह उठ रहा है कि आखिर इतनी बड़ी योजना के बावजूद स्कूल प्रबंधन को इसकी जानकारी क्यों नहीं हुई. 15 मई के बाद 16 मई को छुट्टी रही और फिर 17 मई को रविवार होने के कारण मामला दबा रहा. 18 मई को परिजन स्कूल पहुंचे और बच्चों की खोजबीन शुरू की. दोस्तों से पूछताछ की गई, लेकिन बच्चों का कोई सुराग नहीं मिला. आरोप है कि इस दौरान स्कूल के प्राचार्य ने परिजनों को थाना जाने से मना कर दिया और कहा कि पहले अपने स्तर से खोजबीन की जाए. इसी कारण समय पर पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं हो सकी. परिजन लगातार अपने स्तर पर बच्चों की तलाश करते रहे. 19 मई को फिर स्कूल पहुंचकर खोजबीन की गई. बाद में पुलिस भी स्कूल पहुंची और मामले की जानकारी ली. लेकिन तब तक बच्चों का कोई पता नहीं चल सका.
पुलिस मामले की जांच में जुटी
आखिरकार 20 मई की देर रात परिजनों ने थाना पहुंचकर लिखित शिकायत देते हुए कार्रवाई की मांग की. परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि जब स्कूल सीएम एक्सीलेंस स्कूल के रूप में संचालित हो रहा है, तब वहां सुरक्षा व्यवस्था इतनी कमजोर कैसे हो सकती है कि दो छात्र आराम से ड्रेस बदलकर कैंपस से बाहर निकल जाएं और किसी को भनक तक न लगे. घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं. लोगों का कहना है कि अगर समय रहते थाना में शिकायत कर दी जाती तो शायद बच्चों तक पहुंचना आसान होता. अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि दोनों बच्चे आखिर कहां हैं और किस हाल में हैं. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और दोनों छात्रों की तलाश की जा रही है. वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
यह भी पढ़ें: पलामू में चोरी: हरिहरगंज में इंडेन गैस गोदाम से 275 भरे सिलेंडर पार, ट्रक लेकर आए थे शातिर चोर
यह भी पढ़ें: गढ़वा के एसडीएम साहब ने जब कॉफी संग घोली मिठास, तो चौकीदारों का छलका 30 साल पुराना दर्द
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By श्वेता वैद्य
श्वेता वैद्य प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर के तौर पर काम करती हैं. उन्हें कंटेंट राइटिंग के क्षेत्र में एक साल से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में श्वेता झारखंड बीट को कवर कर रही हैं, जहां वह राज्य की ताजा खबरें, लोगों की भलाई से जुड़े मुद्दे, सरकारी योजनाओं, स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक विषयों पर आधारित स्टोरीज तैयार करती हैं. श्वेता की हर बार कोशिश यही रहती है कि बात आसान, साफ और सीधे तरीके से लोगों तक पहुंचे, जिससे कि हर कोई उसे बिना दिक्कत के समझ सके. कंटेंट राइटर के तौर पर उनका फोकस होता है कि कंटेंट सिंपल, रिलेटेबल और यूजर-फ्रेंडली हो.
झारखंड बीट से पहले उन्होंने लाइफस्टाइल बीट के लिए भी कंटेंट लिखा. इस बीट में उन्होंने रेसिपी, फैशन, ब्यूटी टिप्स, होम डेकोर, किचन टिप्स, गार्डनिंग टिप्स और लेटेस्ट मेहंदी डिजाइन्स जैसे रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े विषयों पर आर्टिकल लिखे.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










