फाइनेंस कंपनी को 1.06 करोड़ की चपत, दो हाइवा लेकर ग्राहक फरार
Published by : Prabhat Khabar News Desk Updated At : 27 May 2026 10:46 PM
फाइनेंस कंपनी को 1.06 करोड़ की चपत, दो हाइवा लेकर ग्राहक फरार
गुमला. गुमला में करोड़ों रुपये का फाइनेंस धोखाधड़ी का मामला सामने आया है. महिंद्रा एंड महिंद्रा फाइनेंशियल सर्विसेस लिमिटेड ने दो हाइवा वाहनों को अवैध तरीके से गायब कर कंपनी को आर्थिक नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाते हुए गुमला थाना में शिकायत दर्ज करायी है. कंपनी के क्षेत्रीय विधि प्रबंधक कुसमांकर श्रीवास्तव ने ग्राहक मनीष कुमार व गारंटर पूनम लाल के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी व अमानत में खयानत का आरोप लगाया है. आवेदन के अनुसार गुमला के मनीष कुमार ने वर्ष 2023 में महिंद्रा फाइनेंस कंपनी से भारत बेंज के दो हाइवा ट्रक फाइनेंस कराये थे. दोनों वाहनों के लिए कंपनी ने 84 लाख, 76 हजार रुपये की वित्तीय सहायता उपलब्ध करायी थी. समझौते के तहत 48 मासिक किस्तों में ब्याज समेत एक करोड़, छह लाख, 92 हजार, 800 रुपये चुकाने थे. प्रत्येक वाहन की मासिक किस्त एक लाख, 11 हजार, 399 रुपये निर्धारित थी. कंपनी का आरोप है कि कुछ किस्त जमा करने के बाद मनीष कुमार ने दोनों वाहनों की किस्त देना बंद कर दिया. इसके बाद जब कंपनी के अधिकारी बकाया वसूली और वाहनों की जांच के लिए पहुंचे, तो दोनों वाहन गायब मिले. आवेदन में आरोप लगाया गया है कि ग्राहक व गारंटर ने सुनियोजित तरीके से कंपनी को धोखा देकर दोनों वाहनों को कहीं छिपा दिया या अवैध तरीके से बेच दिया है. कंपनी के अधिकारियों का कहना है कि कई बार संपर्क और समझाने के बावजूद न तो बकाया राशि जमा की गयी और न ही दोनों वाहनों को प्रस्तुत किया गया. इससे कंपनी को लाखों रुपये की आर्थिक क्षति हुई है. मामले को गंभीर वित्तीय धोखाधड़ी बताते हुए कंपनी ने दोनों आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है. मामले में कंपनी द्वारा दोनों लोन एग्रीमेंट और स्टेटमेंट ऑफ अकाउंट भी थाना में जमा कराया गया है. पुलिस आवेदन के आधार पर मामले की जांच में जुट गयी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










