गुमला में आंजन टोल प्लाजा पर चेंबर का प्रदर्शन, लिखित आश्वासन के बाद धरना समाप्त

Updated:
विज्ञापन
Gumla News

आंजन टोल प्लाजा

Gumla News: गुमला के आंजन टोल प्लाजा पर स्थानीय लोगों से टोल वसूली के विरोध में चेंबर और मिशन बदलाव ने प्रदर्शन किया. प्रशासन के लिखित आश्वासन के बाद धरना समाप्त कर दिया गया. इससे जुड़ी खबर नीचे पढ़ें.

विज्ञापन

गुमला से दुर्जय पासवान की रिपोर्ट

Gumla News: गुमला चेंबर ऑफ कॉमर्स के आह्वान पर शुक्रवार को रेड़वा स्थित आंजन टोल प्लाजा पर स्थानीय लोगों और व्यापारियों से जबरन टैक्स वसूली के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया गया. प्रदर्शन का नेतृत्व एफजेसीसीआई के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष सह नगर परिषद उपाध्यक्ष रमेश कुमार चीनी और चेंबर अध्यक्ष राजेश लोहानी ने किया. प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप था कि टोल प्लाजा पर स्थानीय लोगों के साथ गलत व्यवहार किया जा रहा है और नियम के खिलाफ मनमाने ढंग से टोल टैक्स लिया जा रहा है. 

तीन घंटे तक लगा वाहनों का लंबा जाम

रमेश कुमार चीनी ने कहा कि जब दूसरे जगहों पर स्थानीय लोगों को छूट दी जाती है, तो यहां मनमानी नहीं चलने दी जाएगी. चेंबर अध्यक्ष राजेश लोहानी ने कहा कि व्यापारियों के हितों की रक्षा करना चेंबर की जिम्मेदारी है. उन्होंने बताया कि पहले भी कई बार बातचीत हुई, लेकिन कोई सुधार नहीं होने पर प्रदर्शन करना पड़ा. इधर, प्रदर्शन के कारण करीब तीन घंटे तक टोल प्लाजा के दोनों तरफ वाहनों की लंबी लाइन लगी रही. हालात को देखते हुए सिसई सीओ अशोक बड़ाइक, थाना प्रभारी नीरज कुमार और टोल मैनेजर चमन कुमार साहू ने चेंबर पदाधिकारियों के साथ लंबी बातचीत की. 

प्रशासन के आश्वासन पर खत्म हुआ आंदोलन

सभी के प्रयास से जाम में फंसे वाहनों को बिना टोल लिए गुजरने दिया गया. प्रशासन और टोल एजेंसी ने दो दिनों के अंदर उच्च अधिकारियों से बात कर स्थानीय निजी वाहनों को टोल से पूरी छूट देने का लिखित आश्वासन दिया. इसके बाद चेंबर ने प्रदर्शन खत्म करने का फैसला लिया. हालांकि चेंबर पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि तय समय में कार्रवाई नहीं हुई तो फिर से बड़ा आंदोलन किया जाएगा. मौके पर पूर्व अध्यक्ष राजेश सिंह, सचिव प्रणय कुमार, मीडिया प्रभारी मनीष केशरी समेत बड़ी संख्या में व्यापारी और स्थानीय लोग मौजूद थे.

मिशन बदलाव ने भी किया समर्थन और प्रदर्शन

धरना-प्रदर्शन में शामिल होने पहुंचे मिशन बदलाव के कार्यकर्ताओं ने रेड़वा स्थित आंजनधाम टोल प्लाजा पर जोरदार विरोध जताया. स्थानीय लोगों से टोल टैक्स वसूली को लेकर लोगों में नाराजगी देखी गई. ओडिशा राज्य की संयोजक अंजना टोप्पो ने कहा कि नियम के अनुसार छूट मिलने के बावजूद गुमला के स्थानीय लोगों से गलत तरीके से टोल टैक्स लिया जा रहा है. इससे आम लोगों और व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है. मिशन बदलाव ने आंदोलन को अपना समर्थन देते हुए बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के साथ प्रदर्शन में हिस्सा लिया।. 

स्थानीय लोगों को टोल से छूट देने की मांग 

संगठन ने कहा कि वह स्थानीय लोगों और व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए उनके साथ मजबूती से खड़ा है. प्रदर्शन में मिशन बदलाव महिला टीम ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई. इसमें सैय्यदा खातून, ज्योति वर्मा, ज्योति ग्लोरिया कुजूर और अंजना टोप्पो प्रमुख रूप से शामिल रहीं. अंजना टोप्पो ने मांग की कि गुमला के स्थानीय लोगों को आंजनधाम टोल प्लाजा पर पूरी तरह टोल फ्री सुविधा दी जाए और अवैध वसूली तुरंत बंद हो. साथ ही व्यापारियों और आम लोगों की समस्याओं का जल्द समाधान किया जाए. प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि समय पर कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन को और बड़ा किया जाएगा.

यह भी पढ़ें: रजरप्पा मंदिर का बदलेगा स्वरूप: 80 करोड़ रुपये का मास्टर प्लान तैयार, झारखंड हाईकोर्ट ने दिया निर्देश

यह भी पढ़ें: Hazaribagh: 24 घंटे में 4 मौत पर शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज में हंगामा, डीसी ने बैठाई जांच कमिटी

विज्ञापन
प्रिया गुप्ता

लेखक के बारे में

By प्रिया गुप्ता

प्रिया गुप्ता पिछले एक साल से प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. फिलहाल वह झारखंड से जुड़ी खबरों पर काम करती हैं, जिनमें सरकारी योजनाएं, प्रमुख घटनाएं, सामाजिक मुद्दे और अन्य महत्वपूर्ण विषय शामिल हैं. इससे पहले वह लाइफस्टाइल डेस्क पर फैशन, हेल्थ, रिलेशनशिप, पैरेंटिंग और रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े विषयों पर लेख लिख चुकी हैं. प्रिया ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय से स्नातक और अमिटी यूनिवर्सिटी से मास्टर डिग्री हासिल की है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola