महिला के खाते से 8.5 लाख रुपये निकालने का आरोप
Published by : Prabhat Khabar News Desk Updated At : 02 Jun 2026 10:45 PM
पीड़िता ने डुमरी थाना में दर्ज करायी प्राथमिकी, पुलिस ने शुरू की जांच
डुमरी. डुमरी थाना क्षेत्र के पतराटोली निवासी स्टेला कुजूर (66) ने 8.5 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी का मामला डुमरी थाना में दर्ज कराया है. पीड़िता का आरोप है कि उनकी जीवन भर की मेहनत की कमाई झांसा देकर बैंक खाते से निकाल ली गयी. पुलिस को दिये आवेदन में स्टेला कुजूर ने बताया कि वह लगभग 15 वर्षों तक दुबई में घरेलू कार्य कर जीविकोपार्जन करती थीं. वर्ष 2021 में गांव लौटने के बाद उन्होंने अपनी बचत बैंक ऑफ इंडिया की डुमरी शाखा स्थित खाते में जमा कर रखी थी. आरोप के अनुसार, ब्लॉक के समीप रहने वाली जगरानी मिंज ने किसी कंपनी में पैसा जमा कराने का भरोसा देकर उनसे बैंक निकासी फॉर्म पर अंगूठे का निशान लगवा लिया. जगरानी ने यह कह कर विश्वास दिलाया कि वह स्वयं बैंक से राशि निकाल कर कंपनी में जमा कर देगी, जिससे उन्हें बैंक की लाइन में खड़ा नहीं होना पड़ेगा. स्टेला कुजूर का आरोप है कि नवंबर 2021 में उनके खाते से पूरी राशि निकाल ली गयी. बाद में जब उन्हें पैसों की आवश्यकता पड़ी और उन्होंने अपनी जमा राशि वापस मांगी, तो उन्हें पैसा नहीं दिया गया. पीड़िता ने बताया कि वह अनपढ़ और अविवाहित हैं. उनका कहना है कि उनकी पूरी जीवन भर की कमाई हड़प ली गयी है. उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने तथा उनकी राशि वापस दिलाने की मांग की है. पुलिस ने आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










