बैंक जालसाजी मामला : 21.65 करोड़ की निकासी, सीबीआइ जांच की अनुशंसा

Updated at : 05 Nov 2019 6:03 AM (IST)
विज्ञापन
बैंक जालसाजी मामला : 21.65 करोड़ की निकासी, सीबीआइ जांच की अनुशंसा

शकील अख्तर गुमला उपायुक्त की जांच में हुआ था फर्जी निकासी का खुलासा 9.05 करोड़ की निकासी गुमला में आइटीडीए के खाते से हुई थी 12.60 करोड़ की निकासी पलामू के भू-अर्जन कार्यालय से हुई 8.80 करोड़ वापस करने की चल रही कार्रवाई विभिन्न बैंक खातों से रांची : गुमला जिला प्रशासन ने 21.65 करोड़ […]

विज्ञापन
शकील अख्तर
गुमला उपायुक्त की जांच में हुआ था फर्जी निकासी का खुलासा
9.05 करोड़ की निकासी गुमला में आइटीडीए के खाते से हुई थी
12.60 करोड़ की निकासी पलामू के भू-अर्जन कार्यालय से हुई
8.80 करोड़ वापस करने की चल रही कार्रवाई विभिन्न बैंक खातों से
रांची : गुमला जिला प्रशासन ने 21.65 करोड़ रुपये की बैंक जालसाजी के मामले में सीबीआइ जांच की अनुशंसा की है. जालसाजी कर सरकारी खाते से निकाली गयी इस राशि में से विभिन्न बैंक खातों को फ्रीज कर 8.80 करोड़ रुपये वापस करने की कार्रवाई चल रही है.
हालांकि, पुणे के बिल्डर शीतल कंस्ट्रक्शन और गुजरात के पटेल अमित चंदूलाल के खाते में जालसाजी कर भेजी गयी 12.60 करोड़ रुपये की रकम संबंधित लोगों ने निकाल ली है. मामले की गंभीरता को देखते हुए सतर्कता आयोग के निर्देश के आलोक में मामले की सीबीआइ जांच की अनुशंसा की गयी है.
बैंक प्रबंधन ने उप प्रबंधक विनय कुमार गुप्ता और सहायक अमरदीपकांत को निलंबित कर दिया है.21.65 करोड़ रुपये की बैंक जालसाजी में 9.05 करोड़ रुपये गुमला के इंटिग्रेटेड ट्राइबल डेवलपमेंट एजेंसी (आइटीडीए) और 12.60 करोड़ रुपये पलामू जिले के भू-अर्जन कार्यालय से संबंधित हैं. आइटीडीए के खाते से हुई फर्जी निकासी की जांच के लिए गुमला उपायुक्त द्वारा गठित समिति को बैंक खातों की जांच के दौरान पलामू के भू-अर्जन कार्यालय से 12.60 करोड़ की फर्जी निकासी की जानकारी मिली थी.
गुमला जिला प्रशासन द्वारा उपायुक्त पलामू को इसकी सूचना दे दी गयी थी. इसके बाद पलामू जिले में भू-अर्जन कार्यालय के खाते से हुई निकासी के मामले में पूर्व जिला भू-अर्जन पदाधिकारी बंका राम और नाजिर रमाशंकर सिंह व एसबीआइ की कचहरी शाखा के पूर्व मैनेजर पर प्राथमिकी दर्ज करायी गयी थी. इस मामले में नाजिर को कुछ दिन पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया है.
पटेल अमित चंदूलाल के खाते में दो बार ट्रांसफर किये गये रुपये : पलामू के उपायुक्त को सूचना देने के बाद समिति ने जांच जारी रखी. समिति ने बैंकों से किये गये लेन-देन की जांच में यह पाया गया कि स्टेट बैंक स्थित आइटीएडीए के खाते से पटेल अमित चंदू लाल के एक्सिस बैंक स्थित खाते में दो बार रुपये ट्रांसफर किये गये.
इस जालसाजी को अंजाम देने के लिए पहले एक चेक (852384) के सहारे 6400 रुपये पटेल अमित के रायपुर ओड़िशा स्थित खाते में ट्रांसफर किये गये. इसके बाद दूसरे चेक (852393)के सहारे 9.051 करोड़ रुपये ट्रांसफर किये गये. पटेल अमित चंदूलाल के एक्सिस बैंक में कुल छह खाते हैं.
इसमें से उसने चार खातों को बंद कर दिया है, जबकि दो खातों का संचालन नहीं कर रहा है. जांच में पाया गया कि पटेल अमित चंदू लाल के पिता का नाम चंदूलाल पोपट भाई पटेल है. उसका स्थायी पता आशीर्वाद स्ट्रीट-4/5, आत्मीय कॉलेज के पीछे, राजकोट, गुजरात है. जांच दल ने पटेल अमित के खाते में ट्रांसफर किये गये 9.051 करोड़ की राशि में से 8.80 करोड़ रुपये फ्रीज कर दिये हैं. इसे आइटीडीए के खाते में वापस लाया जा रहा है.
मेदिनीनगर में वर्ष 2018 में ट्रांसफर किये गये थे 12.60 करोड़ रुपये
समिति ने जांच में पाया कि पलामू जिला के भू-अर्जन कार्यालय के कचहरी स्थित स्टेट बैंक के खाता से पटेल अमित चंदूलाल के खाते में जालसाजी कर जून 2018 में 4.20 करोड़ रुपये ट्रांसफर किये गये थे.
इसके अलावा पुणे के शीतल कंस्ट्रक्शन के खाते में भी भू-अर्जन कार्यालय के खाते से 8.40 करोड़ रुपये ट्रांसफर किये गये. भू-अर्जन कार्यालय के खाते से जालसाजी कर ट्रांसफर की गयी रकम को संबंधित व्यक्तियों ने अपने खातों से निकाल लिया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए सीबीआइ जांच की अनुशंसा की गयी है.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola