ePaper

गुमला : सांसद सुदर्शन भगत ने बसिया-सिसई सड़क मार्ग मार्च तक पूरा करने का दिया निर्देश

Updated at : 05 Dec 2018 10:11 PM (IST)
विज्ञापन
गुमला :  सांसद सुदर्शन भगत ने बसिया-सिसई सड़क मार्ग मार्च तक पूरा करने का दिया निर्देश

।। जगरनाथ ।। गुमला : गुमला के विकास भवन में राज्य मंत्री भारत सरकार सह सांसद सुदर्शन भगत की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक हुई. बैठक में जिले में चल रही विकास एवं लोक कल्याणकारी योजनाओं पर चर्चा की गयी. मंत्री ने कहा कि विकास के काम रुकने नहीं चाहिए. […]

विज्ञापन

।। जगरनाथ ।।

गुमला : गुमला के विकास भवन में राज्य मंत्री भारत सरकार सह सांसद सुदर्शन भगत की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक हुई. बैठक में जिले में चल रही विकास एवं लोक कल्याणकारी योजनाओं पर चर्चा की गयी.
मंत्री ने कहा कि विकास के काम रुकने नहीं चाहिए. इसका पूरा ख्याल जिले के अधिकारी रखे. बैठक में ग्रामीण विकास विभाग के तहत् बन रहे डहूडांड़ से मरदा पथ का क्लोजर प्रतिवेदन तैयार कर विभाग को समर्पित करने व मरम्मत हेतु प्रस्ताव लंबित होने की जानकारी दी गयी.

बताया गया कि आरईओ द्वारा बन रहे एनएच डोबडोबी-उपरखम्हन-जोड़ाजाम पथ में काम शुरू है. वीरकेरा-बांसडीह-कांसीर पथ कार्य के बारे में कार्यपालक अभियंता ने बताया कार्य को टेक्निकल स्वीकृति प्राप्त हो गयी है. प्रशासनिक स्वीकृति विभाग से अभी तक अप्राप्त है. सिसई-बसिया पथ निर्माण कार्य काफी समय से लंबित होने एवं आवागमन में आ रही परेशानी की शिकायत पर मंत्री द्वारा कार्यपालक अभियंता को तेजी से कार्य करते हुए मार्च माह तक कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया.

डाड़हा-छारदा पथ निर्माण के मामले में खराब गुणवता की शिकायत पर निर्देश की जांच प्रतिवेदन में गुणवता सही बताया गया है. एनपीसीसी के द्वारा बन रहे फोरी भंडरिया अटरिया पथ, डाड़हा-छारदा पथ आदि की जाँच कमिटि के अनुशंसा के आधार पर सड़क को दुरुस्त करने का निर्देश दिया गया.

पुलिस अधीक्षक अश्विनी कुमार सिन्हा ने सदस्यों को भरोसा दिलाया विधि व्यवस्था के वजह से विकास कार्य बाधित नहीं होगा. खास कर सड़क परियोजनाओं में काम कर रहे संवेदकों को सुरक्षा दी जाएगी. संवेदक काम को तेजी से पूरा करें. बालू उठाव मामलें पर पकड़े जाने वाले वाहनों पर खनन विभाग सहित परिवहन विभाग भी पुलिस से समन्वय बनाकर काम करें.

अंधविश्वास के कारण हत्या की घटना के संबंध में जिला परिषद अध्यक्षा के द्वारा पुलिस जनता संवाद कराने के मामलें पर कहा, जनप्रतिनिधि इसके लिए पहल कर सूचित करें. पुलिस इसमें अवश्य भागीदारी करेगी. तस्करी के मवेशियों को फर्जी किसानों के बीच वितरण किये जाने की शिकायत पर कहा, अगली बार वैसे किसानों की कड़ाई से स्क्रीनिंग की जाएगी.

पेयजल विभाग के समीक्षा के क्रम में वन क्षेत्र में पड़ने वाले गोबरसिल्ली पर्यटक स्थल में पाईपलाइन बिछाने की योजना पर कार्यपालक अभियंता को अनापति प्रमाण पत्र हेतु वन प्रमण्डल विभाग को प्रस्ताव देने का निर्देश दिया. साथ ही बिछाये गये पाइपलाईन को सिमेंट से ढकने को कहा गया, ताकि पर्यटकों का एवं अन्य वाहन को पार करने में परेशानी न हो.

बैठक में बताया गया, पाठ क्षेत्रों में कुल 30 ग्राम में जलापूर्ति योजना द्वारा आईटीडीए से ली गई है. पाठ क्षेत्रों का सर्वे में स्थानीय लोगों को शामिल करने को कहा, साथ ही जहाँ डीप बोरिंग नहीं हो सकी है वहां प्राकृतिक जलस्रोतों का उपयोग को प्राथमिकता देने को कहा.

बैठक में विशुनपुर में निर्मित जलापूर्ति का छोटी-मोटी समस्या पर बन्द होने के मामलें में ग्राम जल स्वच्छता समिति से उपयुक्त व्यवस्था कर चालू कराने का निर्देश दिया. उपायुक्त ने बताया जिला प्रशासन के पास लगभग 70 पेयजल स्कीमों की जानकारी है. जहां योजना को चालू करने के लिए कार्ययोजना तैयार की गई है. प्राथमिकता के आधार पर उन्हें दुरुस्त किया जाएगा.

टांगीनाथ धाम पर्वत में बहता झरना का पानी को स्टोर करने व गांव तक पानी पहॅुचाने के लिए सर्वे कर तैयार करने का निर्देश कार्यपालक अभियंता पेयजल एवं स्वच्छता प्रमण्डल को दिया गया. स्वास्थ्य विभाग के समीक्षा में अस्पतालों में चिकित्सा कर्मियों की कमी के बारे में बताया गया. सुविधा हेतु पब्लिक प्राईवेट पार्टनरशिप मोड में हेल्थ मैप डायग्नॉस्टिक एजेंसी से अनुबंध की प्रक्रिया चल रही है. जिसके माध्यम से मरीजों का स्वास्थ्य जाँच सहित अल्ट्रासाउंड व ईसीजी आदि सेवाएं मिल सकेगी.

प्रसव तथा अन्य केस में चिकित्सक पूरे अवधि अस्पताल में रहे यह सुनिश्चित करने को कहा गया. जारी डुमरी सीएचसी केन्द्र में चिकित्सक पद सृजित नहीं है साथ ही केन्द्र का अपना भवन भी नहीं होने की बात कही गई. उपायुक्त ने बन रहे नये भवनों एवं प्रस्तावित भवनों के लिए प्रारंभिक प्राक्कलन में ही आऊटडोर बिजली कनेक्शन से संबंधित ट्रांसफार्मर सहित समाहित किया जाय. खास कर कार्यकारी एजेंसी एवं कंसल्टेंसी कम्पनी इस बात को सुनिश्चित करेंगे.

बैठक में चैनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र की जर्जर स्थिति दिवंगत बिजली मिस्त्री शीतल सिंह के परिवार का मुआवजा, डोंगा पहाड़ प्राथमिक स्कूल का छत झुक जाने की जांच, पाठ क्षेत्रों सहित सभी आंगनबाड़ी केन्द्रों में तैनात सेविकाओं सहित व्यवस्थाओं की जांच कराने आदि का मामला उठाया गया.

उपायुक्त ने जिला स्तरीय पदाधिकारियों को क्षेत्र भ्रमण के दौरान आंगनबाड़ी केन्द्रों की जाँच करने तथा अगले माह से चैनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में दो अतिरिक्त कमरा निर्माण कार्य शुरू कराने का भरोसा दिलाया. इस बार की बैठक में उठाएं गए नये मामलों में सौभाग्य योजना के तहत घर-घर बिजली पहुंचाने वाली एजेंसी के कार्यों की जांच कराकर प्रत्येक घर में बिजली कनेक्शन सुनिश्चित कराने, खराब ट्रांसफर को बदलने, खराब चापाकलों का सर्वे कर मरम्मत कराने, शहर में जलापूर्ति पाईप में रिसाव, टांगीनाथ पहॅुचपथ का निर्माण, अल्पवृष्टि के कारण फसल क्षति का मुआवजा, घाघरा नेतरहाट पथ में पुलिया निर्माण में देरी, गुमला बाजार टांड़ की सफाई, क्षतिग्रस्त लोंगा पुल आदि का मामला उठाया गया.

समीक्षात्मक बैठक में मंत्री के अलावे जिला परिषद अध्यक्षा किरण माला बाड़ा, उपायुक्त शशि रंजन, पुलिस अधीक्षक अश्विनी कुमार सिन्हा, वन प्रमण्डल पदाधिकारी श्रीकान्त, जिला उप विकास आयुक्त नागेन्द्र कुमार सिन्हा, विधायक प्रतिनिधि सिमडेगा, गुमला, सिसई, विशुनपुर, जिला सांसद प्रतिनिधि लोकसभा, जिला परिषद सदस्यों सहित जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं अन्य गणमान्य मौजूद थे.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Tags

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola