बारिश में कीचड़ से भर जाता है रास्ता, मरीजों को खाट पर ले जाकर पहुंचाना पड़ता है अस्पताल
Published by : SANJEET KUMAR Updated At : 07 Jun 2026 10:47 PM
पक्की सड़क के अभाव में कुटनी गांव के ग्रामीण परेशान
बोआरीजोर प्रखंड क्षेत्र की मेघी पंचायत अंतर्गत कुटनी गांव आज भी पक्की सड़क सुविधा से वंचित है. सड़क नहीं होने के कारण ग्रामीणों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. यह एक सुदूर पहाड़िया गांव है, जहां लगभग 200 की आबादी निवास करती है. ग्रामीणों के अनुसार मंगरा मिशन टोला से कुटनी गांव तक करीब चार किलोमीटर लंबी कच्ची सड़क है. सड़क पर कंकरीले पत्थर बिछे होने के कारण पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है. बरसात के दिनों में यह रास्ता पूरी तरह कीचड़ में तब्दील हो जाता है, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ जाती है. ग्रामीण मैसा पहाड़िया, चांदी पहाड़ीन, सूरजा पहाड़िया, रमेश मालतो, सुरेंद्र पहाड़िया और महेश्वर मालतो ने बताया कि देश को आजाद हुए 78 वर्ष से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन गांव तक आज भी पक्की सड़क नहीं पहुंच सकी है. सड़क नहीं होने के कारण गांव तक कोई वाहन नहीं पहुंच पाता है. ग्रामीणों ने बताया कि यदि गांव में कोई व्यक्ति बीमार पड़ जाता है, तो उसे खाट पर लादकर मुख्य सड़क तक ले जाना पड़ता है. इसके बाद ही मरीज को अस्पताल पहुंचाया जा सकता है. ऐसी स्थिति में गंभीर मरीजों के लिए समय पर उपचार मिलना भी चुनौती बन जाता है.
योजनाओं का लाभ मिलने में भी हो रही परेशानी
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क सुविधा के अभाव में प्रशासनिक अधिकारी और कर्मचारी भी गांव तक नहीं पहुंच पाते हैं. इससे सरकारी योजनाओं की जानकारी और उनका लाभ ग्रामीणों तक समुचित रूप से नहीं पहुंच पाता है. भारतीय राष्ट्रवादी पार्टी के प्रदेश महासचिव दीनबंधु मंडल ने कहा कि क्षेत्र के कई पहाड़िया गांव आज भी पक्की सड़क सुविधा से वंचित हैं. उन्होंने कहा कि सड़क नहीं होने के कारण ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य मूलभूत सुविधाओं तक पहुंचने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. साथ ही उन्होंने संबंधित विभाग से शीघ्र सड़क निर्माण कराने की मांग की.क्या कहते हैं पदाधिकारी
सड़क सुविधा से वंचित गांव में सड़क निर्माण की दिशा में आवश्यक तैयारी की जा रही है. योजना को शीघ्र धरातल पर उतारते हुए सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाएगा, ताकि ग्रामीणों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिल सके.-मिथिलेश कुमार सिंह, बीडीओ, बोआरीजोर
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










