लो वोल्टेज और बिजली कटौती से ग्रामीण परेशान
Published by : SANJEET KUMAR Updated At : 07 Jun 2026 10:51 PM
बारिश के बाद घंटों बाधित रही आपूर्ति, विभाग के प्रति बढ़ा लोगों का आक्रोश
ठाकुरगंगटी प्रखंड क्षेत्र में बिजली आपूर्ति की लचर व्यवस्था और लगातार लो वोल्टेज की समस्या से लोग भीषण गर्मी के बीच भारी परेशानियों का सामना कर रहे हैं. क्षेत्र के कई गांवों में नियमित एवं सुचारु बिजली आपूर्ति नहीं होने से ग्रामीणों में विद्युत विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है. जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह हुई बारिश के बाद क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित हो गयी थी. कई घंटों बाद बिजली बहाल तो कर दी गयी, लेकिन अनेक गांवों में लोगों को लो वोल्टेज की समस्या से जूझना पड़ा. विशेष रूप से चांदा फीडर अंतर्गत महुआरा गांव में रात करीब 10 बजे बिजली आपूर्ति शुरू की गयी, लेकिन पूरी रात वोल्टेज अत्यंत कम रहने के कारण लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी. ग्रामीणों ने बताया कि वोल्टेज की स्थिति इतनी खराब थी कि पंखे, कूलर और अन्य विद्युत उपकरण सही ढंग से काम नहीं कर रहे थे. भीषण गर्मी के बीच पूरी रात लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा. स्थानीय ग्रामीण अनीश कुमार, मिथिलेश कुमार मंडल, रवि कुमार, दिलीप कुमार मंडल और पंकज यादव ने बताया कि विभाग की उदासीनता के कारण लोगों का आक्रोश लगातार बढ़ रहा है. उन्होंने कहा कि लो वोल्टेज की समस्या से पूरे गांव के लोग प्रभावित हुए हैं.
शिकायत के बाद हरकत में आया विभाग
ग्रामीणों के अनुसार लगातार पावर ग्रिड अधिकारियों से संपर्क करने के बाद रविवार दोपहर मामले को संज्ञान में लिया गया और बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने का कार्य शुरू किया गया. हालांकि, लोगों का कहना है कि सूचना देने के बावजूद उन्हें लगभग 15 घंटे तक परेशानी झेलनी पड़ी. ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि विभाग केवल बिजली बिल वसूली पर ध्यान देता है, जबकि उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान में अपेक्षित तत्परता नहीं दिखाई जाती. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि बिजली व्यवस्था में शीघ्र सुधार नहीं किया गया तो लोगों का आक्रोश आंदोलन का रूप ले सकता है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










