महागामा में सरस्वती पूजा की तैयारियां पूरी, उत्साह और उमंग का माहौल

विद्यालयों और बाजारों में रिहर्सल और खरीदारी की धूम, भव्य पंडाल और आकर्षक मूर्तियों से सजाया गया क्षेत्र
महागामा प्रखंड क्षेत्र में विद्या की देवी मां सरस्वती की पूजा को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं. सरस्वती पूजा के मद्देनजर पूरे क्षेत्र में उत्साह और उमंग का माहौल है. विद्यालयों, महाविद्यालयों और अन्य शैक्षणिक संस्थानों में छात्र-छात्राएं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति को लेकर अभ्यास में जुटे हैं. कहीं गीत-संगीत और नृत्य की रिहर्सल चल रही है, तो कहीं नाट्य प्रस्तुति की तैयारी की जा रही है, ताकि पूजा के दिन कार्यक्रम आकर्षक बन सकें. बाजारों में भी पूजा को लेकर खासा रौनक देखने को मिल रही है. महागामा बाजार में फल, पूजन सामग्री, चुनरी, कलम-दवात सहित अन्य आवश्यक सामग्रियों की खरीदारी के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है. दुकानदारों ने बताया कि इस बार सरस्वती पूजा को लेकर बिक्री अच्छी रही है, जिससे व्यापारियों में खुशी का माहौल है. मूर्ति कलाकारों द्वारा मां सरस्वती की आकर्षक और भव्य प्रतिमाओं का निर्माण किया गया है. महागामा, ऊर्जा नगर और प्रखंड के अन्य गांवों में पूजा समितियों द्वारा भव्य पंडालों का निर्माण कराया गया है. पंडालों को रंग-बिरंगी लाइटों और सजावटी सामग्रियों से सजाया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को आकर्षित किया जा सके. प्रशासन भी पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाये रखने के लिए पूरी तैयारी कर रहा है, ताकि यह पर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




