चांदा गांव में ट्रांसफार्मर जलने से 2500 की आबादी अंधेरे में

Updated:
विज्ञापन
चांदा गांव में ट्रांसफार्मर जलने से 2500 की आबादी अंधेरे में

दो दिनों से ठप है विद्युत आपूर्ति, भीषण गर्मी में ग्रामीणों की बढ़ी परेशानी

विज्ञापन

ठाकुरगंगटी प्रखंड क्षेत्र की चांदा पंचायत अंतर्गत चांदा गांव में विद्युत ट्रांसफार्मर जल जाने से पिछले दो दिनों से बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप है. भीषण गर्मी के बीच बिजली नहीं रहने से ग्रामीणों का जनजीवन प्रभावित हो गया है और उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. ग्रामीणों के अनुसार ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण गांव के करीब 350 घरों की लगभग 2500 की आबादी अंधेरे में रहने को विवश है. बिजली आपूर्ति बाधित होने से पंखे, कूलर, पानी की मोटर सहित अन्य विद्युत उपकरण बंद पड़े हैं. वहीं मोबाइल फोन चार्ज नहीं हो पाने के कारण लोगों का संपर्क भी प्रभावित हो रहा है. ग्रामीणों का कहना है कि बिजली नहीं रहने से वे मानो फिर से लालटेन युग में लौट आये हैं. ग्रामीणों ने बताया कि लगातार बढ़ रही गर्मी के बीच बिजली गुल रहने से बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है. रात में अंधेरे और उमस के कारण लोगों की नींद भी प्रभावित हो रही है.

मंत्री को दी गयी जानकारी, जल्द बदलेगा ट्रांसफार्मर

चांदा गांव निवासी एवं पूर्व कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष अवधेश कुमार ठाकुर ने बताया कि ट्रांसफार्मर जल जाने की सूचना क्षेत्रीय विधायक सह मंत्री दीपिका पांडेय सिंह को दे दी गयी है. मंत्री की पहल पर विभाग को आवश्यक निर्देश जारी किये गये हैं और नये ट्रांसफार्मर की व्यवस्था की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है. उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा शीघ्र ही नया ट्रांसफार्मर स्थापित कर विद्युत आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है. वर्तमान में गांव के लोग काफी कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं, जिसे देखते हुए समस्या के त्वरित समाधान के लिए विशेष पहल की जा रही है. ग्रामीणों ने भी विभाग से जल्द से जल्द नया ट्रांसफार्मर लगाकर बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है, ताकि भीषण गर्मी से राहत मिल सके.

विज्ञापन
Sanjeet Kumar

लेखक के बारे में

By Sanjeet Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola