11 गिरफ्तारी... अब बड़े नामों की बारी! 2014 से खुलेगी परीक्षा घोटालों की कुंडली
देवेंद्र महतो को जूस पिलाती मंत्री दीपिका पांडेय सिंह | Prabhat Khabar Network
झारखंड में पेपर लीक पर बड़ा एक्शन! 11 गिरफ्तारियां, 2014 से होगी जांच.परीक्षा तंत्र में सुधार और कड़े कानून की तैयारी.
गोड्डा : झारखंड में पेपर लीक और परीक्षा में गड़बड़ी के खिलाफ छात्रों की आवाज अब बड़े बदलाव की वजह बनती दिख रही है। सरकार ने साफ कर दिया है कि जांच का दायरा अब केवल मौजूदा मामले तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि 2014 से अब तक की परीक्षा व्यवस्था में हुई अनियमितताओं की भी पड़ताल होगी. मामले में 11 गिरफ्तारियां हो चुकी हैं और जांच में सामने आ रहे तथ्यों ने पूरे परीक्षा तंत्र पर सवाल खड़े कर दिए हैं.सरकार ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के साथ पेपर लीक पर सख्त कानून बनाने और परीक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार का भी संकेत दिया है।
छात्रों की बातों को सरकार ने गंभीरता से सुना
सरकार ने स्पष्ट किया है कि वह शुरू से ही छात्रों के प्रति संवेदनशील रही है. छात्रों ने सरकार के समक्ष जो भी बातें रखीं, उन्हें गंभीरता से सुना गया और तत्कालीन परिस्थितियों के अनुसार कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गये. सरकार ने कहा कि वह आज भी अपने इन निर्णयों पर कायम है.
दीपिका पांडेय सिंह की पहल से बनी संवाद की जमीन
छात्र मामले में महागामा विधायक सह ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की संवेदनशीलता और सक्रिय पहल की सरकार ने सराहना की है. उनके प्रयासों से छात्रों की बातें शीर्ष नेतृत्व तक पहुंचीं और सरकार व छात्रों के बीच संवाद की जमीन तैयार हुई. इससे आंदोलन को सकारात्मक दिशा देने में भी मदद मिली.
जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ रही है, छात्रों के साथ हुई दूसरी वार्ता के दौरान उनके द्वारा उपलब्ध कराये गये साक्ष्यों और एसआईटी की जांच में सामने आए महत्वपूर्ण तथ्यों से कई नई बातें सामने आ रही हैं. हालांकि, सरकार ने कहा है कि जांच के इस चरण में इन तथ्यों को सार्वजनिक करना उचित नहीं होगा.
11 गिरफ्तारियां, अब 2014 से जांच
सरकार ने बताया कि आंदोलन शुरू होने से पहले ही मामले में कार्रवाई शुरू कर दी गयी थी.अब तक 11 गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। जांच का दायरा बढ़ाकर 2014 से वर्तमान तक परीक्षा व्यवस्था में हुई अनियमितताओं तक किया जायेगा.जहां भी खामियां मिलेंगी, उन्हें दूर करने के साथ जिम्मेदार लोगों पर कड़ी कार्रवाई होगी.
पेपर लीक पर बनेगा कड़ा कानून
सरकार ने कहा है कि झारखंड ऐसा मजबूत कानून बनाने की दिशा में आगे बढ़ेगा, जिसमें पेपर लीक और परीक्षा में हेराफेरी करने वालों के लिए कड़ी सजा सुनिश्चित हो.छात्रों के सुझावों के आधार पर परीक्षा व्यवस्था में सुधार किए जाएंगे, ताकि झारखंड की व्यवस्था भविष्य में पूरे देश के लिए मॉडल बन सके.
छात्रों के आंदोलन से बड़े बदलाव की शुरुआत
सरकार ने कहा कि छात्रों के प्रयासों से एक बड़े मुद्दे को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से उठाया गया है. परीक्षा रद्द करने से लेकर व्यापक सुधार तक, छात्र हित में जरूरी कदम उठाए जाएंगे. लक्ष्य ऐसी पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था तैयार करना है, जहां पेपर लीक और हेराफेरी की कोई गुंजाइश न हो और हर विद्यार्थी को उसकी मेहनत व योग्यता के आधार पर निष्पक्ष अवसर मिले.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









