आंगनबाड़ी सेविकाओं की बैठक में मांगों को लेकर दी चेतावनी

Edited by SANJEET KUMAR
Updated:
विज्ञापन

सेविकाओं ने की बेहतर वेतन, सेवानिवृत्ति लाभ और तकनीकी कार्यों से मुक्ति की मांग

विज्ञापन

बसंतराय प्रखंड मुख्यालय स्थित ऐतिहासिक तालाब के किनारे विवाह भवन में रविवार को जिले के साथ-साथ बसंतराय प्रखंड क्षेत्र की आंगनबाड़ी सेविकाओं एवं सहायिकाओं की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गयी. बैठक की अध्यक्षता झारखंड प्रदेश आंगनबाड़ी वर्कर्स यूनियन के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष बालमुकुंद सिन्हा ने की. बड़ी संख्या में सेविकाएं उपस्थित रहीं और उन्होंने अपनी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की. बैठक में प्रमंडल स्तरीय और प्रखंड स्तरीय कमेटी का विस्तार किया गया और संगठन को और मजबूत बनाने पर जोर दिया गया. सेविकाओं ने अपनी प्रमुख मांगों में सेवानिवृत्त सेविका एवं सहायिका को 5 लाख रुपये का एकमुश्त आर्थिक लाभ देने, सेवानिवृत्ति के बाद मानदेय का आधा पेंशन देने, न्यायालय के आदेश के अनुसार ग्रेच्युटी का भुगतान करने, सरकारी कर्मचारी का दर्जा देने, गुजरात हाईकोर्ट के आदेश के अनुरूप सेविकाओं को 24,800 और सहायिकाओं को 20,000 रुपये मानदेय देने, पोषण ट्रैकर और फेस कैप्चरिंग जैसे तकनीकी कार्यों से मुक्ति, बीएलओ कार्य से छुटकारा, समय पर भुगतान और कार्य के अनुसार सुविधाएं देने आदि को शामिल किया. सेविकाओं ने कहा कि वर्तमान में कम मानदेय पर अधिक कार्य करना आर्थिक और मानसिक रूप से चुनौतीपूर्ण हो गया है. सरकार द्वारा कई योजनाएं आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से संचालित की जाती हैं, लेकिन आवश्यक संसाधन और सुविधाएं उपलब्ध नहीं करायी जातीं, जिससे कार्य निष्पादन में कठिनाई होती है. बैठक के अंत में सभी सेविकाओं ने एकजुट होकर अपनी मांगों को सरकार तक पहुंचाने का निर्णय लिया और चेतावनी दी कि यदि जल्द ही उनकी मांगों पर विचार नहीं किया गया तो 16 अगस्त को रांची में विशाल धरना-प्रदर्शन किया जाएगा. कार्यक्रम के दौरान विभिन्न पदाधिकारियों का चयन भी किया गया, जिसमें सर्वसम्मति से चयनित पदाधिकारियों में माया देवी (प्रमंडलीय अध्यक्ष), तमन्ना खातून (गोड्डा अध्यक्ष), रेखा देवी (प्रखंड अध्यक्ष बसंतराय), अमृता ठाकुर (प्रखंड अध्यक्ष, गोड्डा), रंजू देवी (प्रखंड अध्यक्ष पोड़ैयाहाट), सुनिता कुमारी (प्रखंड सचिव गोड्डा), शशि कुमारी (प्रखंड सचिव, पोड़ैयाहाट), बॉबी कुमारी (प्रखंड सचिव, बसंतराय) आदि शामिल है. बैठक में प्रदेश सचिव अनिशा बानू, जिला अध्यक्ष (दुमका) मरशीला हेंब्रम, जिला संयोजक (गोड्डा) जिछू दास, जिला सचिव (दुमका) मीना मरांडी सहित कई अन्य पदाधिकारी और सेविकाएं निकहत प्रवीण, रजिया बेगम, दीपा चौधरी, गुलशन आरा, सुनिता ठाकुर आदि सैकड़ों सेविकाएं उपस्थित रहीं.

विज्ञापन
SANJEET KUMAR

लेखक के बारे में

By SANJEET KUMAR

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola