जिले में अलग-अलग सड़क हादसों में महिला समेत चार घायल

Published by : SANJEET KUMAR Updated At : 07 Jun 2026 10:45 PM

विज्ञापन

बकरी और मवेशियों को बचाने के प्रयास में हुए हादसे, एक की हालत गंभीर

विज्ञापन

गोड्डा जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पिछले कुछ घंटों के दौरान हुए अलग-अलग सड़क हादसों में एक महिला समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गये. सभी घायलों को स्थानीय लोगों तथा एम्बुलेंस की सहायता से उपचार के लिए गोड्डा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है. सदर अस्पताल से प्राप्त जानकारी के अनुसार पहली घटना पोड़ैयाहाट के समीप हुई. सड़क पर अचानक आयी एक बकरी को बचाने के प्रयास में एक मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गयी. इस हादसे में भटौंदा गांव निवासी मोहम्मद अजीम तथा उनके साथ बाइक पर सवार सात वर्षीय मुजाहिद गंभीर रूप से घायल हो गये. दूसरी घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के दोमुंही के समीप हुई. बैषाढ़ी गांव निवासी संजय साह साइकिल से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में संजय साह गंभीर रूप से घायल हो गये. उन्हें तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सक बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर करने की तैयारी कर रहे हैं. तीसरी दुर्घटना पोड़ैयाहाट थाना क्षेत्र के हरियारी टोल प्लाजा के निकट हुई. यहां एक मोटरसाइकिल अचानक सड़क पर आये मवेशियों के झुंड से टकरा गयी. हादसे में बाइक पर पीछे बैठी सरकंडा गांव निवासी फरीदा खातून गंभीर रूप से घायल हो गयी. दुर्घटना के बाद एनएचएआइ की एम्बुलेंस से उन्हें सदर अस्पताल पहुंचाया गया. परिजनों ने बताया कि फरीदा खातून अपने दामाद के साथ हंसडीहा के निकट बुढ़वातरी गांव में आयोजित एक विवाह समारोह से लौटकर सरकंडा जा रही थीं. इसी दौरान रास्ते में यह हादसा हो गया. सभी घटनाओं की सूचना संबंधित थाना पुलिस को दे दी गयी है. पुलिस मामलों की जांच में जुटी है तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है. वहीं लगातार हो रहे सड़क हादसों को लेकर लोगों में चिंता का माहौल है.

विज्ञापन
SANJEET KUMAR

लेखक के बारे में

By SANJEET KUMAR

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola