अश्लील, भड़काऊ या आपत्तिजनक गीत बजाने की अनुमति नहीं : थाना प्रभारी

बसंतराय में सरस्वती पूजा को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित
बसंतराय प्रखंड क्षेत्र में आगामी सरस्वती पूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए बुधवार को बसंतराय थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गयी. बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी रामदेव कुमार वर्मा ने की. बैठक में जनप्रतिनिधि, पूजा समिति के सदस्य, सामाजिक कार्यकर्ता एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित थे. बैठक में थाना प्रभारी रामदेव कुमार वर्मा ने कहा कि सरस्वती पूजा आस्था एवं संस्कृति का पर्व है, जिसे आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाना चाहिए. उन्होंने स्पष्ट किया कि पूजा के दौरान डीजे बजाने और किसी भी प्रकार के अश्लील, भड़काऊ या आपत्तिजनक गीत बजाने की अनुमति नहीं दी जाएगी. प्रशासन की ओर से पूजा पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था, बिजली तारों की सुरक्षित व्यवस्था, अग्निशामक के पर्याप्त इंतजाम और भीड़ नियंत्रण पर विशेष ध्यान देने की अपील की गयी. अफवाह फैलाने वालों और शांति भंग करने की कोशिश करने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गयी. पुलिस निरीक्षक विष्णु देव चौधरी ने कहा कि पूजा स्थल या विसर्जन के दौरान किसी पर जबरन रंग-अबीर नहीं लगाया जाएगा और किसी के ऊपर जबरदस्ती अबीर-गुलाल फेंकने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी. उपस्थित सभी लोगों ने प्रशासन और पुलिस को सहयोग का आश्वासन देते हुए सुनिश्चित किया कि सरस्वती पूजा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित रूप से संपन्न हो. बैठक में जिप सदस्य एहतेशामूल हक, मुखिया महफूज आलम, मुखिया प्रतिनिधि सगीर उद्दीन, मुखिया प्रतिनिधि आदिल फारूकी, कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष मो अजीमुद्दीन, प्रमोद झा, प्रमोद यादव, बरुण यादव, भारत पंडित, सुल्तान अहमद, नसीम भसानी सहित कई अन्य जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




