गोड्डा-पाकुड़ मार्ग पर बाइक हादसा, युवक की मौत, दूसरा घायल

Published by : SANJEET KUMAR Updated At : 03 May 2026 10:39 PM

विज्ञापन

तेज रफ्तार बाइक की आमने-सामने टक्कर से दो परिवारों में कोहराम

विज्ञापन

रविवार की दोपहर गोड्डा-पाकुड़ मुख्य मार्ग पर सरकंडा जामा मस्जिद के समीप भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियों को बर्बाद कर दिया. तेज रफ्तार दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में एक युवक की मौत हो गयी, जबकि दूसरा चालक गंभीर रूप से घायल हो गया. मृतक की पहचान गोड्डा नगर थाना क्षेत्र के असनबनी (रहमत नगर) निवासी सद्दाम अंसारी के रूप में हुई है. घायल चालक मिट्ठू यादव, नगर थाना क्षेत्र के सरोतिया गांव के निवासी हैं. जानकारी के अनुसार, सद्दाम बिजली कार्यालय के पास बाइक मरम्मत का काम करता था. रविवार दोपहर वह एक ग्राहक की बाइक टेस्ट ड्राइव के लिए निकाल रहा था, तभी उसकी बाइक अचानक गलत दिशा में चली गयी और सामने से आ रही बाइक से जोरदार टकरा गयी. दोनों बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गये. स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने उन्हें तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने सद्दाम को मृत घोषित कर दिया. दूसरी ओर, मिट्ठू यादव की स्थिति नाजुक होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर किया गया.

मुआवजे की मांग को लेकर हंगामा

सद्दाम की मौत की खबर फैलते ही परिजनों और मोहल्ले के लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. आक्रोशित लोगों ने शव को सदर अस्पताल से निकालकर असनबनी चौक पर रखकर सड़क जाम कर दिया. प्रदर्शनकारी मृतक के परिवार के लिए उचित मुआवजे की मांग कर रहे थे. करीब आधे घंटे तक यातायात बाधित रहा. मौके पर पहुंचे अधिकारियों और स्थानीय नेताओं ने परिजनों को समझा-बुझाकर शांत किया और सरकारी प्रावधानों के तहत उचित मुआवजा और बच्चों की शिक्षा सुनिश्चित कराने का आश्वासन दिया. इसके बाद जाम हटाया गया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है.

सद्दाम की मौत से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

सद्दाम अंसारी की अचानक मौत ने उसके परिवार पर अपूरणीय दुख डाल दिया. उनकी पत्नी रूखसार और दो पुत्र व एक पुत्री बुरी तरह से टूट गये हैं. स्थानीय लोगों के अनुसार, सद्दाम मिलनसार और मेहनती युवक था और अपने हुनर से परिवार के बेहतर भविष्य के सपने देख रहा था. हादसे ने एक पल में उनके परिवार की खुशियां छीन ली.

विज्ञापन
SANJEET KUMAR

लेखक के बारे में

By SANJEET KUMAR

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola