Giridih News :दो लूटकांड का उद्भेदन, गांजा व नशे का टैबलेट बरामद, एक गिरफ्तार

Published by :PRADEEP KUMAR
Published at :26 Apr 2026 10:00 PM (IST)
विज्ञापन
Giridih News :दो लूटकांड का उद्भेदन, गांजा व नशे का टैबलेट बरामद, एक गिरफ्तार

Giridih News :नगर थाना पुलिस को तीन अलग-अलग मामलों में के उद्भेदन में सफलता हाथ लगी है. एसपी डॉ बिमल कुमार के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने दो लूटकांड के उद्भेदन के साथ गांजा समेत अन्य नशीली दवाइयां बरामद करने में सफलता पायी है. इस दौरान लूटकांड में शामिल मुख्य आरोपित न्यू चूड़ी मोहल्ला के अफरोज शेख को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया.

विज्ञापन

रविवार को नगर थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में सदर एसडीपीओ जीतबाहन उरांव ने इसकी जानकारी दी. एसडीपीओ ने बताया कि पहला मामला 11 अप्रैल के रात करीब एक बजे का है. मुफस्सिल थाना क्षेत्र के जीएमएस रोड निवासी सांकेत कुमार स्कूटी से बस स्टैंड रोड होते हुए अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान नये परिसदन के समीप पहले से घात लगा कर बैठे तीन अपराधियों ने उन्हें पिस्टल दिखाकर रोका और उनके पास से करीब डेढ़ लाख रुपये कीमत मोबाइल व में रखा पर्स छीन लिया. घटना के बाद तीनों फरार हो गये. प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की गयी. शनिवार को पुलिस को सूचना मिली कि लूटकांड में शामिल तीन अपराधियों में से एक देवघर जिले के बुढ़ई इलाके में छिपा हुआ है. सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने छापेमारी कर आरोपित अफरोज शेख को गिरफ्तार कर लिया. उसकी निशानदेही पर लूटा गया मोबाइल फोन और अन्य सामान भी बरामद कर लिया गया. पुलिस के अनुसार इस लूटकांड में अफरोज शेख के अलावा कुरैशी मोहल्ला निवासी चपटा गुड्डू और बंटी शामिल था. दोनों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. गिरफ्तार आरोपित को रविवार को जेल भेज दिया गया.

रांची से लौट रहे व्यक्ति से बस स्टैंड पर हुई थी छिनतई

नगर थाना क्षेत्र में ही 16 अप्रैल की रात दिलीप कुमार लकड़ा रांची से बस से गिरिडीह पहुंचा था. बस स्टैंड से उतरने के बाद वह पैदल अपने घर की ओर जा रहा था, तभी दो अपराधियों ने उसे घेरकर बैग और रंगदारी के नाम पर 8,500 रुपये लूटकर भाग गये. मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की, तो इस कांड में पहले मामले में गिरफ्तार आरोपित अफरोज शेख के अलावा रवानी कुरैशी के शामिल होने की बात सामने आयी. पुलिस ने दोनों मामलों का उद्भेदन कर फरार आरोपित की गिरफ्तारी में जुटी हुई है.

छापेमारी में गांजा व नशे का टैबलेट बरामद

गिरफ्तार आरोपित अफरोज शेख से पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की, तो कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आये. आरोपी ने स्वीकार किया कि लूट का कुछ सामान उसने अपने घर में छिपा कर रखा है. आरोपी की निशानदेही पर पुलिस उसके घर पहुंची. उसके घर से लूट से संबंधित कई सामान बरामद किये गये. हालांकि, सभी सामान वहां नहीं मिले. अफरोज से शेष सामान सहयोगी रवानी कुरैशी के घर में रखने की बात कही. रवानी कुरैशी के घर में तलाशी के क्रम में पुलिस को सूचना मिली कि वह गांजा समेत अन्य नशीली चीजों के अवैध धंधे में भी संलिप्त है. नगर थाना प्रभारी ने तत्काल इसकी जानकारी एसपी को दी. एसपी के निर्देश पर सदर एसडीपीओ के नेतृत्व में टीम का गठित की गयी. टीम रवानी कुरैशी के घर की तलाशी ली. इस दौरान टीम ने लूटे गये सामान के साथ-साथ 1575 ग्राम गांजा, 50 पीस नशे का टैबलेट तथा नशीले पदार्थों की बिक्री से प्राप्त 3000 रुपये नकद भी बरामद हुए. पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से ना सिर्फ लूटकांड का खुलासा हुआ है, बल्कि शहर में चल रहे नशे के अवैध कारोबार का भी भंडाफोड़ हुआ है.

पूर्व में भी कई मामलों में शामिल रहा है अफरोज

अफरोज शेख का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है. पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार अफरोज पूर्व में भी कई गंभीर मामलों में संलिप्त रह चुका है और उसके विरुद्ध नगर थाना में एक से अधिक कांड दर्ज हैं. पुलिस के मुताबिक अफरोज शेख पर नगर थाना कांड (संख्या 172/25) दर्ज है. इसके अलावा कांड संख्या 91/26 में भी वह आरोपित है. पुलिस सूत्रों के अनुसार कुछ वर्ष पूर्व शहर के कुरैशी मोहल्ला में हुई झारखंड पुलिस के एक जवान की निर्मम हत्या के मामले में भी अफरोज शेख आरोपित रहा है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहने के कारण अफरोज शेख पुलिस के रडार पर पहले से था. गिरफ्तारी के बाद उसके आपराधिक नेटवर्क और पुराने मामलों की भी गहनता से जांच की जा रही है, ताकि अन्य लंबित कांडों में भी आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा सके.

छापेमारी दल में शामिल अधिकारी

पूरी कार्रवाई में सदर एसडीपीओ जीतबाहन उरांव के अलावा नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह, एसआई अमित कुमार व गोविंद साव, एएसआई राजीव सिंह, आरक्षी रौशनी कुमारी समेत अन्य जवान शामिल थे.

विज्ञापन
PRADEEP KUMAR

लेखक के बारे में

By PRADEEP KUMAR

PRADEEP KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola