Giridih News :लापरवाही के आरोप में अग्रवाला प्लस टू हाइस्कूल के केंद्राधीक्षक हटाये गये

Giridih News :जैक मैट्रिक की परीक्षा का प्रश्न पत्र लीक मामले में जहां कोडरमा पुलिस का अनुसंधान लगभग अंतिम स्थिति में पहुंच गयी है, वहीं दूसरी ओर इस मामले में दोषी पाये गये कई कर्मियों को उनके प्रतिनियुक्ति स्थल से हटा भी दिया गया है.
जैक पेपर लीक मामला. स्ट्रांग रूम प्रभारी समेत स्ट्रांग रूम में प्रतिनियुक्त सभी कर्मी बदले गये
जैक मैट्रिक की परीक्षा का प्रश्न पत्र लीक मामले में जहां कोडरमा पुलिस का अनुसंधान लगभग अंतिम स्थिति में पहुंच गयी है, वहीं दूसरी ओर इस मामले में दोषी पाये गये कई कर्मियों को उनके प्रतिनियुक्ति स्थल से हटा भी दिया गया है. बता दें कि तिसरी में स्थित अग्रवाला प्लस टू हाई स्कूल परीक्षा केंद्र के केंद्राधीक्षक घनश्याम गोस्वामी को हटा दिया गया है. वहीं, स्ट्रांग रूम में प्रतिनियुक्त सभी कर्मी भी बदल दिये गये हैं. सनद रहे कि बैंक से प्रश्न पत्र का पैकेट प्राप्त कर परीक्षा केंद्र में पैकेट को खोलने के क्रम में जैक के निर्धारित प्रावधानों की अनदेखी की गयी थी. जिस पैकेट से प्रश्न पत्र निकाले गये थे, वह पैकेट क्षतिग्रस्त था. केंद्राधीक्षक और तिसरी के बीडीओ सह दंडाधिकारी की उपस्थिति में यह पैकेट बैंक से परीक्षा केंद्र तक लाया गया था. साथ ही पेपर लीक मामले में स्ट्रांग रूम में तैनात स्ट्रांग रूम के प्रभारी राहुल चंद्रा समेत उन दस शिक्षकों को भी हटा दिया गया है, जिन्हें प्रश्न पत्र के संधारण और वितरण की जिम्मेदारी दी गयी थी. अब स्ट्रांग रूम में नये कर्मियों की प्रतिनियुक्ति कर दी गयी है.तिसरी के बीडीओ सह दंडाधिकारी भी रहे लापरवाह
जानकारी के अनुसार जैक के अध्यक्ष द्वारा पिछले दिनों सभी जिले के उपायुक्तों को प्रश्न पत्र के संधारण, भंडारण और वितरण को लेकर गाइडलाइन जारी की गयी था. इस गाइडलाइन के अनुसार वज्र गृह से बैंक तक और बैंक से परीक्षा केंद्र तक प्रश्न पत्र पहुंचाने को लेकर सख्त निर्देश दिये गये थे. इसी के आलोक में तिसरी प्रखंड के अंतर्गत पड़ने वाले सभी परीक्षा केंद्रों का प्रश्न पत्र प्रखंड मुख्यालय में स्थित बैंक में पहुंचाने की जिम्मेदारी तिसरी प्रखंड के बीडीओ सह दंडाधिकारी को दी गयी थी. वज्र गृह से प्रश्न पत्र लेते समय तिसरी के बीडीओ सह दंडाधिकारी ने प्रश्न पत्रों के पैकेट को ठीक से देखा तक नहीं. इसी प्रकार बैंक से परीक्षा केंद्र तक प्रश्न पत्र का पैकेट पहुंचाने के दौरान रिजर्व प्रश्न पत्र समेत सभी पैकेट के सील का मिलान जरूरी था. प्रावधान के अनुसार स्पष्ट निर्देश दिया गया था कि केंद्राधीक्षक को मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में ही प्रश्न पत्र हस्तगत किया जायेगा. इसमें किसी भी तरह की अनियमितता व कोताही वर्जित होगी. इसके बावजूद केंद्राधीक्षक द्वारा प्राधिकृत वीक्षक की उपस्थिति में बैंक से प्रश्न पत्र हासिल किये गये. इतना ही नहीं, गाइडलाइन के आठवें बिंदु में स्पष्ट प्रावधान था कि परीक्षा केंद्र पर प्रश्न पत्र के पैकेट आने के बाद उसे केंद्राधीक्षक, मजिस्ट्रेट, दो वीक्षक एवं दो परीक्षार्थी की उपस्थिति में ही उसे खोला जायेगा. परीक्षा केंद्र पर तैनात मजिस्ट्रेट प्रश्न पत्र के पैकेट खोलने की प्रक्रिया की वीडियोग्राफी मोबाइल से करेंगे. ऐसी व्यवस्था इसलिए की गयी थी ताकि पैकेट के सील का मिलान किया जा सके. इस दौरान भी खुले प्रश्न पत्र के पैकेट को नजर अंदाज किया गया.
पेपर लीक मामले की जांच जारी है : अपर समाहर्ता
अपर समाहर्ता सह जांच कमेटी के अध्यक्ष विजय सिंह बिरूआ ने कहा कि पेपर लीक मामले की जांच अभी चल ही रही है. फिलहाल इस मामले में कुछ नहीं कहा जा सकता है. लेकिन उन्होंने यह स्पष्ट किया कि इस मामले में जिन कर्मियों व पदाधिकारियों की लापरवाही सामने आ रही है, उन्हें नहीं छोड़ा जायेगा. कहा कि दोषी और लापरवाह अधिकारियों-कर्मियों को चिन्हित किया जा रहा है. हर पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है. बता दें कि पेपर लीक मामले में गिरिडीह के डीसी नमन प्रियेश लकड़ा ने एक जांच कमेटी गठित की है, जिसमें गिरिडीह के अपर समाहर्ता विजय सिंह बिरूआ और गिरिडीह के डीडीसी स्मृता कुमारी को रखा गया है.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




