Giridih News: नगर निगम ने शुरू की छठ घाटों की साफ-सफाई

Giridih News: महापर्व छठ को लेकर शहर के छठ घाटों की साफ-सफाई शुरू हो गयी है. नगर विकास व आवास विभाग मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के निर्देश के बाद छठ घाटों की सफाई व उसे दुरूस्त करने के लिए नगर निगम रेस हो गया है. निगम सफाई मजदूरों के अलावा जेसीबी लगाकर सफाई करवा रहा है. इसकी मॉनीटरिंग नगर प्रशासक प्रशांत कुमार लायक स्वयं कर रहे हैं.
बुधवार को शहरी क्षेत्र स्थित उसरी नदी के छठ घाटों में सफाई अभियान चलाया गया. दीनदयाल, शिवशक्ति, अरगाघाट, मेट्रोस, शास्त्रीनगर स्थित अमित बरदियार, सिरसिया, सिहोडीह, झरियागादी व गरहाटांड छठ घाट की सफाई शुरू की गयी. मजदूरों के साथ-साथ मशीनों की मदद से कचरा, गंदगी और झाड़ियों को हटाया जा रहा है. हालांकि, कुछ घाटों में अभी गंदगी जमा है. निगम के अधिकारियों ने कहा कि इस बार घाटों की स्वच्छता के साथ-साथ नालों के पानी को नदी में जाने से रोकने की भी विशेष व्यवस्था की गयी है. पूर्व में नालों का गंदा पानी नदी में ना जाये, इसके लिए सोकपिट बनाया जाता था, लेकिन गंदा पानी ओवरफ्लो होने के बाद नदी में मिल जाने से श्रद्धालुओं को परेशानी होती थी. इसको देखते हुए नगर निगम ने इस बार ड्रेनेज सिस्टम में मोटर टैंक की व्यवस्था करेगा, जिससे नालियों का पानी टैंक में स्टोर किया जा सके. वहीं, शास्त्रीनगर छठ घाट पर अस्थायी पुल का निर्माण भी कराया जा रहा है, ताकि लोग आसानी से नदी पार कर सकें.
दो बार छठ घाटों का निरीक्षण कर चुके हैं मंत्री सुदिव्य कुमार
नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू पिछले एक पखवारा में दो बार शहरी क्षेत्र के छठ घाटों का निरीक्षण कर चुके हैं. निरीक्षण के दौरान मंत्री ने नगर निगम सहित जिला प्रशासन के अधिकारियों को सभी व्यवस्था समय पर दुरुस्त करने का निर्देश दिया है. छठ व्रतियों को किसी प्रकार से कोई दिक्कत नहीं हो, इस पर विशेष ध्यान रखने की बात कही है. उन्होंने साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा, सुलभ आवागमन आदि को लेकर कई निर्देश दिये हैं, जिसका अनुपालन करने में नगर निगम की टीम जुटी हुई है.दो दिनों में तैयार हो जायेंगे सभी छठ घाट : नगर प्रशासक
नगर प्रशासक प्रशांत कुमार लायक ने कहा कि छठ घाटों की सफाई व निर्माण का कार्य तेजी से चल रहा है. दो दिनों में सभी छठ घाट बनकर तैयार हो जायेंगे. कहा कि 200 से अधिक सफाई मजदूरों से घाटों की सफाई करवायी जा रही है. सफाई कार्य में छह जेसीबी भी लगायी गयी है. दीपावली के बाद कुछ लोगों ने उसरी नदी के किनारे कचरा फेंक दिया है, इसकी सफाई की जा रही है. छठ घाट तक पहुंचने वाले पहुंच पथों को स्टोन डस्ट बिछा कर इसे दुरुस्त किया जायेगा, ताकि आवागमन में कोई परेशानी नहीं हो. श्री लायक ने बताया कि खराब लाइट की मरम्मत कर दी गयी है. लाइटिंग व्यवस्था दुरुस्त रहेगी. नालों का पानी उसरी नदी में जाने से रोकने के लिए सोकपिट का निर्माण किया जायेगा. जरूरत के मुताबिक मशीनों का उपयोग होगा. बताया कि आने वाले दिनों में 13 करोड़ की लागत से उसरी नदी के पांच स्थानों पर रिवर फ्रंट बनेगा. इसका डीपीआर बन गया है. सभी प्रक्रियाओं के निष्पादन के बाद जल्द ही इस पर काम शुरू होगा.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




