Girirdih News : ऑटो और बाइक की टक्कर में धनबाद के युवक की मौत, ऑटो चालक फरार

Girirdih News : ताराटांड़ थाना क्षेत्र के पंडरी में टुंडी की ओर से आ रहे ऑटो ने मारी टक्कर, पुटकी के पांडरकनाली गर्भुडीह का रहनेवाला था सर्वेश महतो
गिरिडीह, ताराटांड़ थाना क्षेत्र के पंडरी में 40 वर्षीय सर्वेश महतो की मौत मंगलवार को सड़क हादसे में हो गयी. वह धनबाद जिले के पुटकी थाना अंतर्गत पांडरकनाली गर्भुडीह का रहनेवाला था. सर्वेश किसी निजी काम से गिरिडीह आया हुआ था. वह बाइक से अपने घर लौट रहा था. ताराटांड़ थाना क्षेत्र के पंडरी में टुंडी की ओर से आ रहे एक ऑटो से उसकी बाइक की टक्कर हो गयी. सर्वेश महतो सड़क पर गिर कर गंभीर रूप से जख्मी हो गया. उसका सिर फट गया. सूचना पर ताराटांड़ पुलिस मौके पर पहुंची और इलाज के लिए उसे सदर अस्पताल ले गयी. साथ ही, ऑटो को जब्त कर लिया, चालक फरार हो गया.
जानकारी मिलने पर पुटकी से परिजन सदर अस्पताल पहुंच गये. सदर अस्पताल से धनबाद रेफर किये जाने पर परिजन उसे ले जा रहे थे, लेकिन गोविंदपुर में युवक ने दम तोड़ दिया. इसके बाद शव पोस्टमार्टम के लिए वापस गिरिडीह लाया गया. ताराटांड़ थाना प्रभारी सुशांत चिरंजीवी ने बताया कि ऑटो चालक की खोजबीन की जा रही है.देवरी में दो बाइकों की टक्कर में पांच युवक घायल
देवरी, फतेहपुर-भेलवाघाटी मुख्य मार्ग पर देवरी थाना क्षेत्र के पांडेयडीह मोड़ के पास दो बाइक की सीधी टक्कर में पांच युवक गंभीर रूप से घायल हो गये. घायलों में दोनों बाइक पर सवार देवरी थाना क्षेत्र के नारायणपुर गांव का दीपक मुर्मू, समीर बास्के, अरविंद हेंब्रम, जमुआ थाना क्षेत्र के सौंतराबाद गांव का कुलदीप टुडू, गांडेय थाना क्षेत्र के खंभाटांड़ गांव का अमरेश हांसदा शामिल हैं. सभी को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवरी लाया गया. उपचार के बाद गिरिडीह रेफर कर दिया गया.डुमरी में ट्रक के धक्के से बाइक सवार युवक जख्मी
डुमरी, डुमरी थाना क्षेत्र के जामतारा के समीप ट्रक के धक्के से बाइक सवार जोभी निवासी बाबूचन किस्कू (21 वर्ष ) गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे धनबाद ले जाया गया है. बाइक चालक बाबूचन अपने पिता चुड़का किस्कू एवं पत्नी के साथ बाइक से डुमरी से वापस घर जा रहा था. जामतारा ओवरब्रिज के पास किसी का फोन आने पर वह सड़क किनारे खड़ा होकर बात करने लगा. पिता व पत्नी दूर खड़े थे. इसी दौरान गिरिडीह की ओर से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने युवक को धक्का मार दिया.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




