गिरीडीह : दूसरी महिला को घर लाया 4 बच्चों का पिता, भड़के मायके वालों ने लड़के की मां को खंभे से बांधा

जांच में जुटी पुलिस
Giridih News : गिरिडीह के तिसरी में दूसरी महिला को घर लाने को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि मामला सड़क तक पहुंच गया. गुस्साए लोगों ने युवक की मां को खंभे से बांध दिया, जिसके बाद पुलिस ने पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया.
तिसरी से अमरदीप सिन्हा की रिपोर्ट
Giridih News : गिरिडीह जिले के तिसरी थाना क्षेत्र के चंदौरी गांव में रविवार की शाम एक पारिवारिक विवाद ने उग्र रूप ले लिया. चार बच्चों का पिता जब एक अन्य महिला को लेकर अपने घर पहुंचा, तो पहली पत्नी के परिजनों ने जमकर हंगामा किया. गुस्साए मायके वालों ने लड़के के न मिलने पर उसकी मां को ही बीच सड़क पर बिजली के खंभे से बांध दिया, जिससे गांव में तनाव की स्थिति पैदा हो गई.
दूसरी महिला को घर लाने पर विवाद
बताया जा रहा है कि चंदौरी निवासी पिंटू कुमार रविवार को अचानक एक दूसरी महिला को लेकर अपने घर पहुंचा. घर में दूसरी महिला की एंट्री होते ही पहली पत्नी और परिवार के बीच विवाद शुरू हो गया. इसकी भनक जैसे ही पहली पत्नी के मायके पहुंची, वहां से महिलाओं का एक समूह सीधे पिंटू के घर धमक पड़ा. जब उन्हें पिंटू नहीं मिला, तो उन्होंने उसकी मां मालती देवी (जो स्वास्थ्य विभाग में सहिया के पद पर कार्यरत हैं) को पकड़ लिया और उन्हें बिजली के खंभे से बांधकर बेटे को बुलाने की मांग करने लगी.
पुलिस ने महिला को छुड़ाया
गांव के बीचों-बीच महिला को खंभे से बंधा देख लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. मामले की सूचना मिलते ही तिसरी थाना प्रभारी शंभू नन्द ईश्वर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने हस्तक्षेप कर मालती देवी को खंभे से मुक्त कराया और स्थिति को नियंत्रण में लिया. मालती देवी ने मायके वालों पर मारपीट का भी आरोप लगाया है, जबकि दूसरी तरफ महिलाओं ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है.
पिंटू और महिला हिरासत में, पुलिस जांच जारी
फिलहाल पुलिस ने पिंटू कुमार और उसके साथ आई महिला को हिरासत में ले लिया है और थाने ले जाकर पूछताछ कर रही है. चर्चा है कि पिंटू के साथ आई महिला पहले से शादीशुदा है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है, जिसके बाद ही घटना की पूरी सच्चाई सामने आ पाएगी.
यह भी पढ़ें: गोड्डा : विश्वासखानी में शुद्ध पेयजल प्लांट की सौगात, ग्रामीणों में खुशी की लहर
यह भी पढ़ें: HDFC और SBI कार्ड ब्लॉक होने का झांसा देकर उड़ाते थे पैसे, जामताड़ा से 3 साइबर अपराधी गिरफ्तारी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By प्रिया गुप्ता
प्रिया गुप्ता पिछले एक साल से प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. फिलहाल वह झारखंड से जुड़ी खबरों पर काम करती हैं, जिनमें सरकारी योजनाएं, प्रमुख घटनाएं, सामाजिक मुद्दे और अन्य महत्वपूर्ण विषय शामिल हैं. इससे पहले वह लाइफस्टाइल डेस्क पर फैशन, हेल्थ, रिलेशनशिप, पैरेंटिंग और रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े विषयों पर लेख लिख चुकी हैं. प्रिया ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय से स्नातक और अमिटी यूनिवर्सिटी से मास्टर डिग्री हासिल की है.
Priya Gupta
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










