Gridih News : सर्राफा कारोबारियों की सुरक्षा को ले पुलिस–व्यापारी संवाद कार्यक्रम

Gridih News : सुरक्षा उपायों को अपनाने पर जोर
Gridih News :प्रतिनिधि, गिरिडीह. हाल के दिनों में सर्राफा कारोबारियों को निशाना बनाये जाने की घटनाओं को देखते हुए गिरिडीह पुलिस की ओर से मंगलवार को वंडर वर्ल्ड हॉल में सुरक्षा सह जागरूकता संगोष्ठी का आयोजन किया गया. संगोष्ठी में जिले के सर्राफा व्यवसाय से जुड़े कारोबारी बड़ी संख्या में शामिल हुए. कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने सर्राफा कारोबारियों से सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करते हुए कारोबार करने की अपील की. अधिकारियों ने कहा कि वर्तमान समय में अपराधियों के तौर-तरीके बदल रहे हैं, ऐसे में व्यापारियों को भी सतर्क रहने की जरूरत है. प्रतिष्ठानों के अंदर और बाहर सीसीटीवी कैमरे लगाने, अलार्म सिस्टम दुरुस्त रखने और संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत सूचना पुलिस को देने की सलाह दी गयी. संगोष्ठी में मौजूद अधिकारियों ने कहा कि सर्राफा दुकानों की सुरक्षा केवल पुलिस की ही नहीं, बल्कि व्यापारियों की भी जिम्मेदारी है. यदि सभी कारोबारी मिलकर सुरक्षा उपायों को अपनाएं और पुलिस के साथ समन्वय बनाए रखें, तो अपराध की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है. वहीं सर्राफा कारोबारियों ने भी अपनी समस्याएं पुलिस प्रशासन के समक्ष रखीं. कारोबारियों ने शहर और बाजार क्षेत्रों में पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने, खासकर सुबह और शाम के समय गश्त तेज करने तथा संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने की मांग की. इस अवसर पर एसडीपीओ जीतबाहन उरांव, डीएसपी वन नीरज सिंह, पचंबा इंस्पेक्टर मंटू कुमार, मुफस्सिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो, नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह, पचंबा थाना प्रभारी राजीव कुमार, बेंगाबाद थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद थे. इसके अलावा रेड क्रॉस के चेयरमैन अरविंद कुमार, सर्राफा संघ के अध्यक्ष राहुल बर्मन, उपाध्यक्ष राजन बरनवाल, कोषाध्यक्ष सचिन बर्मन सहित राजीव तर्वे, चंदन गुप्ता, सुबोध बर्मन, रंजीत स्वर्णकार, दीपक स्वर्णकार, गोपाल स्वर्णकार और राज कुमार बरनवाल सहित कई कारोबारी उपस्थित रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




