Giridih News: गिरिडीह में छठ की खुशियां मातम में बदलीं, डूबने से सात की मौत, सर्वाधिक धनवार थाना क्षेत्र के

Giridih News: छठ के दौरान सोमवार की सुबह से ही अलग-अलग घाटों की ओर आवागमन जारी था. भीड़ बढ़ने और सुरक्षा इंतजामों के बावजूद कुछ स्थानों पर लोग अनजाने में गहरे पानी में उतर गये, जिन्हें समय रहते बचाया नहीं जा सका.
छठ के दौरान सोमवार की सुबह से ही अलग-अलग घाटों की ओर आवागमन जारी था. भीड़ बढ़ने और सुरक्षा इंतजामों के बावजूद कुछ स्थानों पर लोग अनजाने में गहरे पानी में उतर गये, जिन्हें समय रहते बचाया नहीं जा सका. मौके पर पहुंची पुलिस और गोताखोरों की टीम ने शवों को पानी से बाहर निकाला. डूबने वालों में अधिकतर बच्चे और बुजुर्ग शामिल हैं. कई परिवारों में छठ प्रसाद चढ़ाने और सुबह का अर्घ देने की तैयारी चल रही थी, पर अचानक हुए इन हादसों से पर्व की खुशी शोक में बदल गयी. परिजनों की चीख-पुकार से गांव और मोहल्लों का माहौल गमगीन हो गया.
मृतकों की पहचान
डूबने की इन अलग-अलग घटनाओं में जिन 7 लोगों की मौत हुई है, उनकी पहचान हो गई है. मृतकों में शामिल हैं.
• आयुष कुमार (12), पिता पंकज साव, मिर्जागंज निवासी, जमुआ थाना• घटनास्थल लोहपिट्टी पचंबा थानांतर्गत तेलोडीह पंचायत के लोहपिट्टी में• अंशु कुमारी (12 वर्ष), पिता रामप्रसाद वर्मा, निवासी मलुवाटांड़, नवडीहा ओपी क्षेत्र• दिलीप राय (50 वर्ष), निवासी धीरोसिंघा, हीरोडीह थाना क्षेत्र
• दीपक तुरी (9 वर्ष), पिता भरत तुरी, निवासी पिपराडीह, भरकट्टा ओपी क्षेत्र• नंदलाल साव (40 वर्ष), निवासी चितरडीह, धनवार थाना क्षेत्र
• धीरज कुमार (22 वर्ष), पिता किशोरी साव, निवासी हरदतडीह, धनवार थाना क्षेत्र• राजेश ठाकुर (28 वर्ष), निवासी कोरियाडीह, धनवार थाना क्षेत्र
धनवार के तीन अलग अलग घाटों पर डूबने से तीन की मौत
धनवार थाना क्षेत्र के चित्तरडीह गांव में 40 वर्षीय नंदलाल साव, पिता बालि साव चित्तरडीह अहरा में अर्घ अर्पण के बाद साफ पानी में स्नान के लिए बीच तालाब में चला गया और वापस नहीं निकल सका. स्थानीय गोताखोरों, प्रशासन तथा ग्रामीणों की मदद से शव की तलाश में घंटों मशक्कत करनी पड़ी. देर रात तक शव को गहरे पानी में ढूंढने का कार्य जारी रहा और अंततः डूबने के करीब छह घंटे बाद गिरिडीह से आये गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकाला जा सका. दूसरी ओर इसी थाना क्षेत्र के हरदत्तडीह निवासी किशोरी साव का पुत्र धीरज कुमार भी ठकुरी अहरा में अर्घ देकर नहाने गया और डूब गया. इसकी जानकारी लोगों को तब हुई, जब परिजन डलिया लेकर घर पहुंचे और मुख्य दरवाजे की चाभी खोजने लगे. वह हजारीबाग में बीए की पढ़ाई कर रहा था. बता दें कि मृतक युवक घर को बंद कर चाभी अपने साथ लेकर तालाब गया था. जब लोग खोजबीन करते तालाब पहुंचे तो मेंड़ पर चप्पल और कपड़ा देखकर गहरे पानी में छलांग लगाकर उसकी खोजबीन की गयी. हालांकि कुछ देर में ही शव को बाहर निकाल लिया गया. उसके घर में मृतक युवक की मां छठ कर रही थी, जिस कारण शव को रात भर गांव से बाहर रखा गया और मंगलवार की सुबह अंतिम संस्कार कर दिया गया. इस घटना पर भाजपा नेत्री सुनीता विश्वकर्मा ने गहरा शोक व्यक्त किया है. उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए प्रशासन से उचित मुआवजा देने की मांग की है. उन्होंने यह भी कहा कि छठ पर्व जैसे बड़े आयोजन में सुरक्षा व्यवस्था की ठोस तैयारी प्रशासनिक स्तर पर सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि ऐसी दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो. थाना प्रभारी सत्येंद्र कुमार पाल ने बताया कि नंदलाल साव के शव को देर रात करीब बारह बजे निकाल लिया गया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. बताया कि धीरज के परिजनों ने उसका पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया, जिसके बाद पंचनामा कर शव को उन्हें सौंप दिया गया. कहा कि मामले में अनुसंधान जारी है. और कोई इनपुट मिलता है, तो अग्रेत्तर कार्रवाई आवश्यक रूप से की जाएगी.
जरीसिंघा : कुएं में गिरने से युवक की मौत, मातम
धनवार थाना क्षेत्र के जरीसिंघा पंचायत के कोरियाडीह निवासी राजेश ठाकुर उम्र 28 वर्ष पिता नाथों ठाकुर की मौत सोमवार दोपहर कुएं में गिरने से हो गयी. जानकारी के अनुसार मृतक राजेश ठाकुर ने छठ व्रत का उपवास किया था. सोमवार दोपहर को वे घर के पास स्थित कुंवा से पानी लाने के लिये गये थे. इसी दौरान कुएं पर रखा लकड़ी का परहेठा टूट गया. जिससे वह कुंवा में गिर गये और लकड़ी का परेठा उसके माथे पर जा गिरा. हो हल्ला होने पर आस पास के लोग घटनास्थल पर पहुंचकर राजेश को कुएं से बाहर निकाल रेफरल अस्पताल राजधनवार ले गये, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. हालांकि इसकी सूचना पुलिस को नही दी गयी.पचंबा में तालाब में डूबने से 12 वर्षीय किशोर मौत
इधर, जिला मुख्यालय के पचंबा थानांतर्गत तेलोडीह पंचायत के लोहपिट्टी के लच्छो अहरी तालाब में एक 12 वर्षीय किशोर की डूबने से मौत हो गयी. मृतक किशोर की पहचान जमुआ थाना क्षेत्र के मिर्जागंज निवासी पंकज साव के पुत्र आयुष कुमार के रूप में हुई है. बताया गया कि किशोर अपने परिजनों के साथ ननिहाल आया हुआ था. मंगलवार को अर्घ की तैयारी के बीच वह गहरे पानी में नहाने उतरा था, जहां वह डूबने लगा. काफी प्रयास के बाद उसे बाहर निकाला गया, पर तब तक उसकी मौत हो चुकी थी.
अर्घ्य देने के पूर्व तालाब में डूबने से बच्ची की मौत
नवडीहा ओपी थाना क्षेत्र के पंराचीडीह गांव के रामप्रसाद वर्मा की पुत्री अंशु कुमारी (12) की मौत सोमवार को छठ के पहले अर्घ देने के पूर्व हो गयी. वह गच्चाकुरिया तालाब अपने सहेलियों के साथ गयी थी. वहां वह स्नान कर रही थी. इस दौरान दोपहर को तालाब में डूब जाने से उसकी मौत हो गयी. परिजनों और ग्रामीणों ने बच्ची को पानी से बाहर निकाला, तो वह बेहोश थी. ग्रामीणों ने तुरंत 108 एंबुलेंस के लिए कॉल किया, पर दे हो जाने के बाद भी वाहन नहीं पहुंचा. आखिर लोगों ने निजी वाहन से बच्ची को सदर अस्पताल गिरिडीह पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इस समाचार से गांव में शोक की लहर दौड़ गयी.अर्घ के बाद नहाने गये वृद्ध की तालाब में डूबने से मौत
हीरोडीह थाना क्षेत्र के धीरोसिंघा गांव के दिलीप राय (50) का शव परिजनों ने सोमवार की देर रात गांव के एक तालाब से बरामद किया. इस बाबत मृतक की पत्नी चंद्रिका देवी ने बताया कि सोमवार को वह छठ को लेकर गांव की पूर्व दिशा में तालाब में अर्घ अर्पित करने निकले थे. उन्होंने पहला अर्घ अर्पित किया. फिर कपड़ा बदलने की बात कह घाट से निकले और तालाब के दूसरे किनारे चले गये. मैं डलिया लेकर घर चली गयी. देर शाम तक नहीं लौटे, तो काफी खोजबीन की गयी, पर कहीं कुछ पता नहीं चला. तालाब की ओर देखने जाने पर तालाब की मेंड़ पर उनकी चप्पल एवं कपड़ा दिखे. फिर शक के आधार पर ग्रामीणों ने तालाब में झग्गर डाला तो उनकी गंजी झग्गर में फंस गयी. फिर उनका शव बाहर निकाला गया. इससे गांव में कोहराम मच गया. मृतक के दोनों पुत्र बाहर रहकर मजदूरी करते हैं. इधर, घटना की खबर सुनकर जमुआ के बीडीओ अमलजी घटनास्थल पर पहुंचे. हीरोडीह पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने सदर अस्पताल गिरिडीह भेज दिया.
बिरनी में 14 घंटे के बाद मिला नदी में डूबे किशोर का शव
भरकट्टा ओपी क्षेत्र अंतर्गत बाराडीह पंचायत के पिपराडीह गांव निवासी भरत तुरी का नौ वर्षीय पुत्र दीपक तुरी सोमवार शाम बराकर नदी में नहाने के दौरान डूब गया. ग्रामीण भगवान सूर्य को अर्घ देने वहां पहुंचे थे. इसी बीच वह बालक वहां डूब गया. उसे निकालने की ग्रामीणों ने काफी कोशिश की, लेकिन सफल नहीं रहे. सूचना मिलते ही बगोदर सरिया के एसडीपीओ धनंजय राम और भरकट्टा ओपी प्रभारी अमन कुमार सिंह घटनास्थल पर पहुंचे. लगभग 10 बजे रात तक पानी में उसकी तलाशी की गयी, पर वह नहीं मिल पाया. इसके बाद बोकारो से गोताखोर को बुलाया गया. मंगलवार सुबह लगभग 7 बजे 14 घंटे के बाद उसका शव घटनास्थल से लगभग ढाई किलोमीटर दूर पूरनी झरखी के पास देखा गया. इसके बाद बीडीओ फनीश्वर रजवार ने मृतक के परिजनों को दस हजार रुपये का आर्थिक सहयोग किया, साथ ही सरकारी प्रावधान के तहत लाभ दिलाने की बात कही. ओपी प्रभारी ने शव को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह भेज दिया. घटना की खबर सुनकर बगोदर के विधायक नागेंद्र महतो ने भी वहां पहुंच परिजनों को सांत्वना दी. पूर्व विधायक विनोद सिंह भी वहां पहुंचे और घटना की जानकारी ली.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




